लग्जरी स्पेशलः साल 2020-21 का लग्जरी विजन
लग्जरी सेगमेंट में अगले साल का मुख्य रुझान यह होगा कि चीजों को करीने से सजा-संवार कर रखने के तजुर्बों पर जोर दिया जाएगा. वहीं निश्चित गुणवत्ता और प्रामाणिकता देने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा

प्रशांत गौरव गुप्ता
कोरोना वायरस और दुनिया के साथ भारत पर उसका सामाजिक-आर्थिक प्रभाव अभूतपूर्व रहा है. कोई रिपोर्ट, कोई सर्वे छह महीने के इस लॉकडाउन का पहले से अंदाजा नहीं लगा सकता था जिसमें हमने जिंदगी को पूरी तरह ठहरते हुए देखा. लेकिन महामारी इसी का नाम है.
हालांकि हम पूरी तरह उबरे नहीं हैं, फिर भी भारत का लग्जरी उद्योग बाजार में तेजी के रुझान की उम्मीदों के कारण गजब की फुर्ती से अपने नामी-गिरामी ब्रांड के पैरों पर फिर खड़ा होने में जुटा है. जबरिया कैद के इन बीते सात महीनों ने अच्छे-खासे पढ़े-लिखे और जागरूक उपभोक्ताओं को भी अपने खर्चों पर गहरी नजर डालने को मजबूर कर दिया, वहीं उद्योग ने उन्हें भरोसा दिलाया कि विलासिता की महंगी और शानदार चीजों में निवेश करके उन्होंने कभी गलत नहीं किया.
मन सबसे ऊपर
विलासिता एक मन:स्थिति है जो बेमिसाल खूबी और नफासत से हासिल की जाती है. लोगों को एहसास हो गया है कि अगर आप सचमुच लंबे वक्त तक टिके रहना चाहते हैं तो आपको ऐसी चीजों का उपभोग करना होगा जो टिकाऊ हैं और खुशी देती हैं.
भारत में लग्जरी परिदृश्य 2019 से ही बदल रहा है. इसमें लग्जरी की चीजों को हासिल करने की की मंशा से लेकर उनका तजुर्बा हासिल करना तक शामिल है. पहले दशक के दौरान जहां बड़े अंतरराष्ट्रीय ब्रांड बाजार में दाखिल हो रहे थे, वहीं बीते चार या पांच सालों में हमने न केवल स्वदेशी लग्जरी ब्रांड को एक चाल से बढ़ते देखा, बल्कि आला दर्जे के ब्रांड को भी दाखिल होते देखा है.
नए अनुभव दिलाना इस बदलाव की कुंजी है. आज का ग्राहक जानता है कि लग्जरी चीजों का सार इसमें है कि उन्हें छूने पर वह कैसा महसूस करता है, केवल इसमें नहीं कि वे क्या देखते हैं. यही नहीं, यह ब्रांड की विरासत, शिल्पकारी, अनोखापन और प्रामाणिकता ही है जिससे आजकल उपभोक्ता जुड़ता है. भारत के लग्जरी रिटेल में पहले से चला आ रहा एक रुझान यह होगा कि सर्विस की क्वालिटी ऐसी हो जो लग्जरी सेगमेंट में आपको दूसरों से अलग करे.
वजह यह है
पहले लोग लग्जरी शॉपिंग अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए रोककर रखते थे, मगर अब कोविड के दौर में यात्राओं पर पाबंदियों की वजह से हम देश के भीतर ही लग्जरी सामान की मांग और खपत में बढ़ोतरी देख रहे हैं और आगे भी देखेंगे.
अनलॉक के बाद से ही डीएलएफ के दोनों लग्जरी मॉल—एक्वपोरिया और चाणक्य—में आने वाले लोगों की तादाद में हर महीने खासी बढ़ोतरी हो रही है. त्योहारों के सीजन में तो ऐसा और भी होगा. असल में आंकड़े वहीं पहुंच गए हैं जहां वे लॉकडाउन के पहले थे. मगर, चीन के विपरीत, मैं इसे 'रिवेंज बाइंग' नहीं कहूंगा! रिवेंज बाइंग की अवधारणा (जिसमें लोग परहेज के लंबे दौर के बाद ज्यादा ही बेतकल्लुफ होकर खरीदारी करते चले जाते हैं) भारत में कभी बहुत ज्यादा नहीं रही. रिटेल का मतलब हमेशा तजुर्बा और स्टोर या ब्रांड और उपभोक्ता के बीच रिश्ता रहा है.
हम जो सबसे बड़े रुझान देखेंगे उनमें से एक शायद यह है कि ब्रांड ग्राहकों के साथ जुडऩे पर और ज्यादा ध्यान देंगे. बदले में ग्राहक भी उन्हीं कारोबारों का रुख करेंगे जो उनकी खास शख्सियत से माकूल होंगे. 2021 में लग्जरी इंडस्ट्री को उपभोक्ताओं की बदलती जरूरत के हिसाब से खुद को ढालने वाली सेवाओं और अनुभवों पर ज्यादा ध्यान देते भी देखा जाएगा.
डिजिटल लक्ष्य
टेक्नोलॉजी निर्बाध और उसी समय सेवा प्रदान करने में ब्रांड की मदद करने में बड़ी भूमिका अदा करेगी. बीते पांच सालों में टेक्नोलॉजी लग्जरी कारोबारों के लिए अपरिहार्य साधन बन गई है और अगले पांच सालों में इसके इस्तेमाल और मौजूदगी में हम और भी इजाफा होते देखेंगे. प्रामाणिकता और पता लगाना सुनिश्चित करने के लिए ब्रांड ब्लॉकचेन तकनीक के साथ नियमित प्रयोग करते रहे हैं. महामारी में जब विभिन्न कारोबारों की ऑनलाइन बिक्री में बढ़ोतरी हो रही है, डिजिटल प्रामाणिकता 2020-21 की सबसे अव्वल थीम होगी.
खास लोगों की दुनिया
एक्सक्लूसिविटी यानी अद्वितीयता हमेशा विलासिता की चीजों की बुनियादी बात रही है क्योंकि यह कमी और दुलर्भता के जरिए उपभोक्ता की चाहत को कायम रखती है. इसलिए हमें भौतिक और डिजिटल के बीच नाजुक संतुलन साधना ही होगा. विभिन्न ब्रांडों को आगे बढ़कर अपने ग्राहकों के पास पहुंचने की जरूरत है और उन्हें ऑन-कॉल निजी दुकानदार की पेशकश करनी होगी, जो उनकी निश्चित जरूरतों और नाप-जोख के विकल्पों को समझेगा और वीडियो कॉल के जरिए उन्हें पंसदीदा स्टाइल वगैरह चुनने में मदद करेगा.
अब जब त्योहार का सीजन पूरे जोर पर है, लोग इस सेवा का इस्तेमाल अपनी चुनी हुई चीजों को उठाने के मकसद से निजी मुलाकात का समय लेने और तोहफों की खरीदारी की प्रक्रिया को निर्बाध बनाने के लिए कर रहे हैं. कुल मिलाकर, लग्जरी सेगमेंट में अगले साल का मुख्य रुझान यह होगा कि चीजों को करीने से सजा-संवार कर रखने के तजुर्बों पर जोर दिया जाएगा. वहीं निश्चित गुणवत्ता और प्रामाणिकता देने के लिए टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जाएगा. आखिरकार संतुष्ट ग्राहक ही बार-बार आने वाला ग्राहक होता है और यही निवेश पर बेहतरीन प्रतिफल है.
(लेखक डीएलएफ लग्जरी मॉल्स के वाइस प्रेसिडेंट और हेड हैं)