लग्जरी स्पेशलः आलीशान जिंदगी के ट्रेंड

मैलाकाइट प्लेट्स, रॉक क्रिस्टल कैंडल स्टैंड, सोने का पानी चढ़े कांटे और चम्मच और कश्मीरी साज-सामान, 2020 में व्यक्तिगत और महंगे सजावट में निवेश का साल है

कासा पैराडॉक्स लग्ज की पेशकश रॉक क्रिस्टल ओबलिस्क
कासा पैराडॉक्स लग्ज की पेशकश रॉक क्रिस्टल ओबलिस्क

रसील गुजराल अंसल

विलासिता मौसमी नहीं हो सकती. मनचाही वस्तु को तलाशना और फिर उसे हासिल करने का जुनून एक प्रेम संबंध जैसा होता है. किसी भी अन्य वर्ष की तुलना में इस साल यह कहीं अधिक मूल्यवान है. समय मूल्यवान है, दोस्त मूल्यवान हैं, लेकिन अवसर कम हैं. इसलिए, लोग उपहारों और सजावट को अधिक अंतरंग और विशेष बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं. अब यह सिर्फ कुछ कुशन और लाइटिंग तक सीमित नहीं रहा, लोग अपने घरों के लिए खासतौर से तैयार चीजें लाने में खर्च कर रहे हैं.

त्योहारी सीजन में आप ऐसी विलासितापूर्ण चीजों के लिए पैसे खर्च कर सकते हैं जो एक बार इस्तेमाल की नहीं बल्कि लंबे समय तक उपयोग में आ सकती हैं. ऑनिक्स और मैलाकाइट जैसे मूल्यवान पत्थरों में सदाबहार आकर्षण है और इस पर खर्च किया जा सकता है. प्लेटों से लेकर एक्सेसरीज और लैंप तक, हम उन्हें हर चीज पर देख सकते हैं. उच्च गुणवत्ता वाले चीनी मिट्टी के बर्तन, जिन पर जटिल सजावटी काम किया गया है, लोगों को आकर्षित कर रहे हैं. घर की अंदरूनी साज-सज्जा में भव्यता के नए आयाम जोड़ने वाले गोल्ड प्लेटेड कटलरी, खूबसूरत बार कार्ट या रॉक क्रिस्टल ओबलिस्क जैसी चीजों पर भी पैसे खर्चे जा सकते हैं क्योंकि इन दिनों हर कोई घर में ही ज्यादा समय बिता रहा है.

इस साल डिजाइन में नाटकीयता का पुट प्रवेश द्वार से ही दिखेगा, जिसमें सुंदर मूर्तियां सम्मिलित होंगी. बेशक, मौलिक कला सरीखी कोई दूसरी लग्जरी नहीं हो सकती. प्रेरणादायक कैनवास या मूर्तिकला हमेशा आनंदित करते हैं. रंग, चाहे वे हल्के या भड़कीले और चमकदार हों, किसी अन्य माध्यम की तुलना में मिजाज और जोश को तेजी से बदलने में सक्षम होते हैं. कैनवास पर उकेरी चमकदार और रंगीन कलाकृति, बहुत तेजी से आनंद की लहरों का संचार कर सकती हैं.

इसके अलावा फैशन में अभी ग्लिट्ज और ग्लैमर है, जो डाइनिंग टेबल पर दिखाई देगा. सोशल डिस्टेंसिंग के लिए बैठकर खाने के बजाए, बुफे स्टाइल टेबल रखी जाएंगी. डाइनिंग एरिया को बेहतरीन तरीके से तैयार किया जाएगा. बड़ी सेंटरपीसेज, ऊंची मोमबत्तियों, खाना परोसने के महंगे बर्तनों और भारतीय फूलों से सजावट की व्यवस्था के बारे में विचार करें.

जब बात सौम्य और मुलायम साज-सज्जा की आती है, तो प्राकृतिक के साथ विशेष रूप से तैयार सजावटी मखमली और कश्मीरी (ऊनी) का संयोजन जरूरी हो जाता है. व्यक्तिगत विलासिता का अनुभव लेने के लिए नक्काशी कपड़े से तैयार कुशन से लेकर कश्मीरी कंबलों में पैसे खर्च करना अच्छा विचार हो सकता है. यह रिश्तों में आई सुस्ती और ठहराव को मनुहार और आकर्षण में बदल सकता है. कुशन या कुछ कुर्सियों के कवर के रूप में छपाई वाले पैटर्न जमेंगे. सब कुछ एक रंग का ही हो जरूरी नहीं. पन्ने के रंग या गहरे लाल रंग का सोफा कुछ और रंग भर सकता है. ठंडा मौसम विभिन्न पैटर्न, रंग की दरियां बिछाने का विशेष अवसर है.

बेहतरीन कपड़ों पर हल्के से लेकर भड़कीले रंगों के प्रयोग का अच्छा संयोजन, विपरीत रंगों के सौंदर्य को आकर्षक रूप में उभारता है. चाहे यह पारंपरिक कारीगरी हो या फिर नव-शास्त्रीय कसीदाकारी, लिविंग स्पेस में रखे आपके फर्नीचर का डिजाइन आपकी पसंद और आपके सौंदर्यबोध की झलक देता है.

इस वर्ष उत्सव उन लोगों के साथ ज्यादा खास होने जा रहे हैं जो आपके लिए सबसे ज्यादा अहमियत रखते हैं इसलिए सजावट और डिजाइन पहले से कहीं अधिक दिल को छूने वाली होगी. 

(लेखिका कासा पैराडॉक्स लग्ज की को-फाउंडर और इंटीरियर आर्किटेक्ट हैं)

Read more!