कौन एमडीआर किसका एमडीआर
आइआइटी के प्रोफेसर दास बताते है, बैंकों को 2020 में एमडीआर के 1,800 करोड़ रु. के राजस्व से हाथ धोना पड़ सकता है.

डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए इन्हें उपभोक्ताओं के लिए सस्ता बनाने का सरकार का हालिया प्रयास लगता है, बैंकों के नुक्सान की कीमत पर किया गया है.
इस साल 1 जनवरी से लागू व्यवस्था में सरकार ने रूपे कार्ड और भीम-यूपीआइ ऐप के जरिए भुगतान पर लगने वाला मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) हटा लिया है. यह वह फीस है जो डिजिटल भुगतान के इस पूरे ढांचे के लिए बैंक व्यापारियों से वसूलते हैं. रूपे मार्च 2012 में शुरू की गई एक घरेलू कार्ड भुगतान योजना है, जबकि भीम दिसंबर 2016 में शुरू एक मोबाइल भुगतान ऐप है. दोनों का संचालन नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआइ) करता है. राजस्व पैदा करने वाले किसी अच्छे ढांचे में कार्ड भुगतान व्यवस्था की खास अहमियत है. व्यापारियों से वसूली गई एमडीआर फीस से आए पैसे का बड़ा हिस्सा कार्ड जारी करने और भुगतान लेने वाले बैंकों को जाता है जबकि वीजा, मास्टरकार्ड या रूपे जैसे नेटवर्क प्रोवाइडरों को इसका बहुत छोटा-हिस्सा मिलता है.
एमडीआर खत्म करने के पीछे सरकार की कोशिश रूपे और भीम नेटवर्कों पर डिजिटल लेनदेन सस्ता करके उसे प्रोत्साहित करने की है. लेकिन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मुंबई में सांक्चियकी के प्रोफेसर आशीष दास के एक अनुमान के अनुसार, इससे तो कैलेंडर वर्ष 2020 में बैंकों को एमडीआर के रूप में मिलने वाले लगभग 1,800 करोड़ रु. से हाथ धोना पड़ेगा. विशेषज्ञों के मुताबिक, ऐसे में बैंक डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर में निवेश करने से हाथ खींच सकते हैं.
एमडीआर को युक्तिसंगत बनाकर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के सरकारी प्रयास 2012 से ही चलते रहे हैं. प्रोफेसर दास के अनुसार, जनवरी 2018 में दो परस्पर विरोधी नियम लागू किए गए—रिजर्व बैंक ने डेबिट कार्डों पर एमडीआर शुल्क की उच्चतम सीमा 0.9 फीसद निर्धारित कर दी जबकि इसी के साथ सरकार ने रु. 2,000 तक के लेनदेन को एमडीआर से मुक्त कर दिया (हालांकि, सरकार ने बदले में बैंकों को 0.4 फीसद की दर से भरपाई करने की बात भी कही थी). क्रेडिट कार्ड के मामले में एमडीआर की सीमा 1.5 से 3 फीसद रखी गई थी. लेकिन प्रमुख व्यापारी क्रेडिट कार्डों से मिली फीस पर भी एमडीआर नहीं दे रहे थे. बैंक भी व्यापारिक रिश्ते बिगडऩे के डर से उनके खिलाफ कुछ कर पाने में असमर्थ थे. ऊपर से ये व्यापारी एमडीआर फीस का भार ग्राहकों पर डाल रहे थे जो प्रो. दास के अनुसार प्रचलित व्यवस्थाओं के खिलाफ था.
रूपे डेबिट कार्डों और भीम-यूपीआइ भुगतानों पर एमडीआर खत्म करने से एकदम अलग तरह की समस्याएं पैदा हुई हैं. प्रो. दास ने इंडिया टुडे को बताया कि ''अब अधिकांश बैंक रूपे कार्ड जारी करने या उनके माध्यम से लेनदेन को लेकर कतरा रहे हैं क्योंकि उन्हें इसमें कोई राजस्व नहीं मिलता.'' बहुत-से व्यापारी अपने बैंकों से आग्रह कर रहे हैं कि वे ऐसी व्यवस्था करें जिससे केवल रूपे-आधारित कार्डों के माध्यम से भुगतान स्वीकार किया जा सके न कि मास्टरकार्ड या वीसा के नेटवक वाले कार्डों से. यह समस्या इससे और बढ़ी है. वे ऐसा इसलिए चाहते हैं ताकि उन्हें मास्टरकार्ड या वीजा नेटवर्क का उपयोग करने पर एमडीआर न चुकाना पड़े.
रूपे और भीम-यूपीआइ दोनों ही अभी नवजात अवस्था में हैं. रूपे-आधारित डेबिट कार्डों से चालू वित्तीय वर्ष में (दिसंबर 2019 तक) बैंकों को हर महीने औसतन 57.5 करोड़ रु. का राजस्व मिला. इसी अवधि के दौरान भीम-यूपीआइ से पैदा राजस्व का मासिक औसत लगभग 33 करोड़ रुपए था.
सरकार और रिजर्व बैंक को इस जटिल मुद्दे को कैसे हल करना चाहिए? बैंक हमेशा अपने वाणिज्यिक हित में उस कार्ड योजना को बढ़ावा देना चाहेंगे जिससे उन्हें ज्यादा राजस्व मिले. प्रो. दास कहते हैं, ''इसलिए रिजर्व बैंक को एनपीसीआइ की ओर से रूपे डेबिट कार्ड के लिए निर्धारित की गई दरों के अनुरूप ही दूसरे डेबिट कार्डों के लिए एमडीआर की संशोधित उच्चतम सीमा तय करने की दरकार होगी. वैकल्पिक रूप से, रिजर्व बैंक रूपे डेबिट कार्डों के लिए राजस्व समर्थन बढ़ा सकता है, ताकि एमडीआर की मौजूदा उच्चतम सीमा के साथ समानता बनाए रखी जा सके.''
***