फुरसतः झोली भर विरासत
इन सर्दियों में हिंदुस्तान के सफर पर हैं उस्ताद जाकिर हुसैन और उनका कहना है कि वे दुनिया को बस वही लौटा रहे हैं जो उनके वालिद ने उन्हें दिया.

श्रीवत्स नेवटिया
मोटे तौर पर जाकिर शब्द का अर्थ है 'वह जो याद करता है' और उस्ताद जाकिर हुसैन जानते हैं कि स्मृति का क्या महत्व है और यह कितनी चंचल होती है. अपने अब्बू उस्ताद अल्लारक्खा की 20वीं बरसी के मौके पर मुंबई में तबले के उस्ताद ने कहा, ''नजर से बाहर होने का मतलब कभी-कभी दिमाग से बाहर होना भी हो सकता है. किसी के गुजरने के बाद यादें भी बस तभी तक रहती हैं और इसलिए मुझे देखकर हैरत होती है कि मेरे दिग्गज पिता के लिए लोगों का प्यार और लगाव कितने लंबे वक्त तक बना हुआ है.'' हर साल मुंबई में 3 फरवरी को होने वाला अ होमेज टु अब्बाजी (अब्बाजी को श्रद्धांजलि) ऐसा आयोजन है जिसमें बड़े से बड़े कलाकार बेहिचक चले आते हैं. 68 साल के हुसैन अपने पिता के प्रति अब भी लोगों की इतनी सद्भावना देखकर अभिभूत हो जाते हैं.
हुसैन के लिए अल्लारक्खा पिता भी थे और गुरु भी. वे कहते हैं कि उनकी तालीम कभी उबाऊ काम की तरह नहीं लगी. ''उन्होंने अपना संगीत इस तरह पहुंचाया कि वह बहुत अपना लगता था.'' हुसैन रात को खाने की मेज पर उनके साथ होने वाली बातचीत को याद करते हैं: ''उन्होंने केवल संगीतकार होना ही नहीं सिखाया, उन्होंने जिंदगी नाम के इस दलदल के बीच से रास्ता बनाना सिखाया.'' सुबह तड़के तीन बजे तबले के सबक दिए जाते थे. एक बार जब उस्ताद ने खीझकर बेटे को झापड़ रसीद कर दिया था, उन्होंने पड़ोस की चाट की एक दुकान से फौरन दही बटाटा पूरी मंगवाकर उसके आंसू भी पोंछे. हुसैन बताते हैं, ''उन्होंने गुरु और शिष्य के बीच की पारंपरिक दूरी खत्म कर दी. हम उनके साथी थे, उनके दोस्त. हम हमेशा मजे करते थे.'' सितार वादक नीलाद्रि कुमार ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा कि ''वे (हुसैन) छोटे-बड़े के दस्तूर में यकीन नहीं करते'' हुसैन कहते हैं, ''मैं कहूंगा कि यह मुझे अपने पिता से मिला है.''
फोटोग्राफर दयानिता सिंह ने हुसैन और उनके परिवार की तस्वीरें खींचते हुए छह साल (1981-86) बिताए थे. सिंह की कई तस्वीरें अब मुंबई की आर्टिजंस गैलरी में 9 फरवरी तक चलने वाली प्रदर्शनी जाकिर हुसैन मैक्वेट में दिखाई जा रही हैं. इस शो के उद्घाटन के दौरान अपनी और अपने पिता की एक तस्वीर देखकर हुसैन कहते हैं: ''मुझे याद है उस दिन उन्होंने मुझसे क्या कहा था और मेरे लिए अपना संयम बनाए रखना मुश्किल हो जाता है. स्लो मोशन में अपनी जिंदगी को दोबारा जीते हुए मुझे यही लगा कि वह सब जो मुझे मिला, बेहद अनमोल है.'' उस्ताद अल्लारखा ने तबले की अहमियत को बढ़ाने से कहीं ज्यादा कुछ किया. तबला उनके हाथों में उस्ताद का वाद्य था, संगतकार का नहीं. फिर हुसैन ने अपनी इस विरासत से हमारे संगीत सभागारों को गुंजा दिया.
हुसैन के सालाना कैलेंडर में कम से कम सौ कंसर्ट होते हैं. उनके तईं यह संक्चया सबूत है कि दुनिया में शास्त्रीय संगीत की जगह कम नहीं हुई बल्कि बहुत बढ़ गई है. उनके शब्दों में, ''आपको याद रखना चाहिए कि हिंदुस्तानी संगीत स्टेडियम के लिए नहीं है. यह कमरे का संगीत है. लिहाजा 100-150 लोगों की छोटी-छोटी बैठकों से 3,000 लोगों से भरे हॉल तक पहुंचना एक बड़ी छलांग है.'' हिंदुस्तानी कलाकार जब नियमित तौर पर दुनिया भर में जा रहे हैं, हुसैन मानते हैं कि उन्हें अब वैश्विक संगीतकारों के तौर पर देखने का वक्त आ गया है. वे कहते हैं, ''जब विदेशों में बसे हिंदुस्तानी पंडित शिवकुमार शर्मा, पंडित हरिप्रसाद चौरसिया या मुझे संगीत पेश करते देखने आते हैं, तब वे जानते हैं कि हमने दुनिया भर में नाम कमाया है और इससे हमने किसी न किसी तरीके से उन सबको गौरवान्वित किया है.''
हुसैन मानते हैं कि हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत और जैज एक निश्चित अंतरंगता या अपनेपन पर टिके हैं जबकि संगीत के दूसरे रूपों में ऐसा नहीं है, जहां कलाकार समूह या ऑर्केस्ट्रा में और शायद एक दूसरे को जाने बिना गाते-बजाते हैं. बीते 15 सालों में उन्होंने शर्मा, चौरसिया और अमजद अली खान के साथ अपनी संगत को पूरे निखार पर आते देखा है. वे कहते हैं, ''ये वे रिश्ते हैं जो दशकों के दौरान धीमी आंच पर पके हैं. हम एक दूसरे को जानते हैं, यही कि दूसरे को क्या पसंद है और क्या नहीं. इससे हमारे संगीत में एक बिल्कुल नया आयाम जुड़ जाता है.'' हुसैन का साथ देने वालों की फेहरिस्त लंबी है. यह उस्ताद बड़े गुलाम अली खां से लेकर नीलाद्रि कुमार तक चार पीढिय़ों में फैली है. वे कहते हैं, ''मुझे लगता है मैं 2,000 साल का आदमी हूं. जो जीसस और मोहम्मद के साथ घूमने-फिरने के बाद अब उनकी बातों के किस्से सुना रहा है. यह तुलना इसलिए भी मुआफिक है क्योंकि हमारे संगीतकार पैगंबरों से कम नहीं हैं.''
इस महीने की शुरुआत में हुसैन और जैज के महान संगीतकार जॉन मैकलागलिन कोलकाता में एक बार फिर साथ आए. 1974 में उन्होंने शक्ति नाम से जो बैंड बनाया था, वह अब पांच के समूह में विकसित हो चुका है. मगर हाथों के हुनर के जादूगर रहे ये दोनों संस्थापक आज भी उसी चुस्ती-फुर्ती से शास्त्रीय और जैज संगीत के मुहावरों को नए सिरे से रच रहे हैं. हुसैन कहते हैं, ''मुझे खुशी इस बात की है कि हमने 'फ्यूजन' को अपने शब्दकोश से निकाल दिया है. यह प्रयोगशाला का शब्द है, मंच का नहीं.'' 2019 में उन्होंने बेला फ्लेक और डेव हॉलैंड सरीखे कलाकारों के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया. ''आप इसे चाहे जो नाम दें-विश्व संगीत, फ्यूजन या नया जमाना—संगीत के मर्म में सृजनात्मक प्रक्रिया वही है,'' वे कहते हैं.
हुसैन ध्वनियों को खींचते हुए धीमे-धीमे बोलते हैं, जो तत्काल ध्यान खींचने वाला और अंदाज में अमेरिकी है. हाल की जिंदगी का बड़ा हिस्सा अमेरिका में बिताने के बाद वे कहते हैं कि उन्हें पश्चिम में मिलने वाली लाइब्रेरियों, पार्कों और बगीचों से प्यार हो गया है. मगर वे अब भी अपने जन्म के शहर मुंबई का जिक्र ''घर'' के तौर पर करते हैं. वे कहते हैं, ''मैं यहां संगीतकारों से मिलता और महसूस करता हूं कि हम इस वैश्विक पुनर्जागरण का हिस्सा है. यहीं मैं अपनी रचनात्मक बैटरियों को रिचार्ज करता हूं. यह मेरा म्युजिकल स्पा है.''
***