कोरोना वायरसः क्या आपको डरने की जरूरत है?
भारत के लिए भी कोरोना वायरस का खतरा बहुत अधिक है क्योंकि हमारे यहां अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर लोगों से लोगों के बीच संपर्क काफी ज्यादा होता है

तस्वीरें हॉलीवुड की फिल्मों के स्थिर चित्रों जैसी दिखती हैं. हवाई अड्डों पर सहमे हुए लोग, जिनके चेहरे सर्जिकल मास्क से ढके हुए हैं. हालांकि ये मास्क दुनिया के सामने बड़े खतरे की तरह उभरे एक नवीनतम वायरस से उनकी रक्षा के लिए शायद ही पर्याप्त हों. इस वायरस का उद्गम स्थान संभवत: वुहान है, जहां दिसंबर की शुरुआत में इस वायरस की पहचान की गई थी. लेकिन ऑस्ट्रेलिया से लेकर अमेरिका, जर्मनी और श्रीलंका तक, दुनियाभर के एक दर्जन से अधिक देशों में इस घातक कोरोना वायरस संक्रमण के मामले प्रकाश में आए हैं. 30 जनवरी तक चीन में 170 मौतों की पुष्टि हो चुकी है.
चीनी वैज्ञानिकों के अनुसार, इस वायरस की उत्पत्ति संभवत: चमगादड़ों से हुई है क्योंकि एक दशक से ज्यादा के शोध बताते हैं कि चमगादड़ों में मौजूद कोरोना वायरस, असामान्य तीव्रता के साथ मानव महामारी का कारण बन सकता है. कुछ वैज्ञानिकों का तर्क है कि यह नवीन (नए रूप में) कोरोना वायरस, मनुष्य के लिए सार्स वायरस से भी कहीं ज्यादाखतरनाक हो सकता है. 2002 से 2003 में आठ महीनों के दौरान सार्स से फैली सांस की वायरल बीमारी से दुनियाभर में सैकड़ों मौतें हुईं थीं.
कोरोना वायरस से पीडि़त होने की आशंका में भारत में तीन लोगों को दिल्ली के एक अस्पताल में कड़ी निगरानी में रखा गया था. दिल्ली के उस अस्पताल के अधीक्षक ने संवाददाताओं को बताया कि निगरानी में रखे गए उन तीनों लोगों को खांसी, जुकाम और बुखार के साथ सांस लेने में भी तकलीफ थी. जयपुर से केरल तक कई अन्य लोगों को भी अस्पतालों में गहन निगरानी में रखा गया है. 24 जनवरी को नेपाल में भी इस वायरस से पीडि़त एक व्यक्ति की जानकारी मिली. सरकारी अधिकारियों का कहना है कि वे सतर्कता बरत रहे हैं और उन देशों से आने वाले यात्रियों की जांच की जा रही है जहां लोग कोरोना वायरस से प्रभावित हुए हैं. पर कुछ विशेषज्ञों ने किसी भी व्यापक प्रकोप से निपटने में देश की चिकित्सा प्रणाली की क्षमता पर सवाल खड़े किए हैं.
कई लोग चीनी सरकार के ढुलमुल रवैए की आलोचना कर रहे हैं. दिसंबर में जब इस वायरस का पता चला था तब चीन ने बहुत गैर-जिम्मेदाराना तरीके से दावा किया था कि कोरोनो वायरस लोगों के आपसी संपर्क से नहीं फैलता और आज उसी चीन ने दसियों लाख लोगों को अलग-थलग रखकर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया है. सैड़कों भारतीय, जिनमें से ज्यादातर मेडिकल छात्र हैं, फिलहाल वुहान में हैं. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार के ट्वीट के अनुसार, भारतीय नागरिकों को वहां से निकालने के लिए एक योजना बनाई गई है. इस खबर के लिखे जाने तक एयर इंडिया का एक यात्री विमान चीन भेजे जाने की अनुमति की प्रतीक्षा कर रहा था.
जापान और अमेरिका सहित अन्य देशों ने भी अपने नागरिकों को निकालने की योजना बनाई है. 'बचाव' की ऐसी किसी भी योजना को अमल में लाने के लिए चीनी अधिकारियों की मंजूरी की जरूरत है, क्योंकि वुहान को देश के बाकी हिस्सों से काट दिया गया है. 27 जनवरी को, बीजिंग में एक शख्स की मृत्यु हो गई. इस घातक वायरस के कारण चीन की राजधानी में मौत की यह पहली घटना थी.
कई देशों ने अपने नागरिकों को चीन की यात्रा नहीं करने की सलाह दी है. स्वास्थ्य मंत्रालय ने सिफारिश की है कि चीन के लिए गैर-जरूरी यात्रा को स्थगित कर देना चहिए और चीन में रह रहे भारतीयों को 'सामान्य सार्वजनिक स्वास्थ्य सुझावों का पालन करना चाहिए.' इनमें लगातार हाथ धोना और खांसी होने पर अपना मुंह ढकनाशामिल है. भारतीय तैयारियों के बारे में आशंकाओं के बावजूद, विभिन्न राज्यों के अधिकारी जोर देकर कहते हैं कि वे हर जरूरी सावधानी बरत रहे हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बताया कि भारत में कोरोन वायरस के किसी सत्यापित मामले की अभी तक कोई सूचना नहीं है.
दुनियाभर के देशों से इस वायरस से पीड़ित लोगों की मिल रही सूचना को देखते हुए अभी यह दावा करना ठीक नहीं है. इस वायरस से मरने वालों की संख्या अभी चीन तक ही सीमित है और इससे होने वाली मृत्यु दर तीन फीसद से कम पर स्थिर है. केंद्र ने चौबीसों घंटे की एक हेल्पलाइन भी शुरू की है, और चुनिंदा हवाई अड्डों पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है. लेकिन सरकार मानती है कि यह लोगों पर भी निर्भर करता है, खासकर उन लोगों पर जिन्होंने चीन की यात्रा की है. उनमें सर्दी, खांसी या सांस की बीमारी को आम मौसमी बीमारी के लक्षण समझकर उसकी अनदेखी की आशंका है क्योंकि प्रदूषण से प्रभावित उत्तर भारत के शहरों में ऐसे लक्षण सामान्य हैं. राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जैसे संस्थानों ने व्यक्तिगत साफ-सफाई रखने, अच्छा आहार लेने, व्यायाम और नींद के प्रति ध्यान की जो सलाह जारी की है, वे बड़े नीरस और आम हैं.
इस तरह की सलाह इस बात का सबूत हैं कि अधिकारी इस नए कोरोना वायरस को अभी पूरी तरह समझ नहीं पाए हैं. एक टीके पर काम शुरू हो गया है. सार्स के अनुभव को आधार बनाकर इस टीके की खोज में जल्द सफलता की उम्मीद रखना उचित नहीं होगा. अगर सब कुछ उम्मीदों के मुताबिक रहा तब भी टीके को विकसित होने में महीनों लग जाएंगे. अब तक, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोरोना वायरस को एक अंतरराष्ट्रीय सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित नहीं किया है.
वैसे उसने माना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस वायरस के जोखिम का इसका पिछला मूल्यांकन कमतर था. गूगल के रुझानों से पता चला है कि दुनियाभर में कोरोना वायरस को लेकर उत्सुकता है और इंटरनेट पर इसको खूब खोजा रहा है. विशेष रूप से, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, भारत और अमेरिका में लोग भ्रमवश कोरोना वायरस को कोरोना बीयर के साथ जोड़कर देख रहे हैं और पिछले कुछ हफ्तों में गूगल पर 'कोरोना वायरस बीयर', 'कोरोना बीयर' खूब सर्च किए गए हैं.
शायद, दुनियाभर में फैली आशंकाओं का अभी एकमात्र उचित जवाब एक मंद मुस्कान है. पर अक्तूबर, 2019 में जारी एक वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा सूचकांक कहता है, ''दुनिया का एक भी देश महामारी या महामारी से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार नहीं है.'' यह बड़ी चिंता की बात है. 100 अंकों में से सिर्फ 46.5 अंकों के साथ भारत इस सूचकांक में वैश्विक औसत से तो ऊपर दिखता है, पर विकसित अर्थव्यवस्थाओं के मुकाबले बहुत पीछे है. चीनी अनुभव बताता है कि लोगों के संपर्क के कारण फैलने वाले कोरोनो वायरस के शिकार होने का खतरा हमारे लिए भी बहुत है क्योंकि हमारे यहां अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर लोगों का आपसी संपर्क काफी है. और चीन पर अमल करते हुए एक पूरे देश से संपर्क काट लेना तो असंभव है.
***