होम लोन का पूर्व-भुगतान कब सही?
आमतौर पर होम लोन ही सबसे लंबी अवधि के होते हैं, जो अक्सर 20 साल से अधिक के होते हैं. इसलिए लोग ऐसे ऋणों को बड़ा बोझ समझते हैं और इनसे जल्द से जल्द छुटकारा पाने की कोशिश करते हैं.

नवीन कुमार
घर के लिए ऋण (होम लोन) सबसे कम ब्याज दरों पर उपलब्ध होते हैं. यहां तक कि मूलधन और देय ब्याज की अदायगी पर कर कटौती का लाभ भी मिलता है. नतीजतन, यदि आपने लगभग 8 प्रतिशत की मौजूदा ब्याज दर पर कोई होम लोन लिया है और आप 30 प्रतिशत के उच्च आय कर दायरे में आते हैं, तो आपके लिए उसकी प्रभावी ब्याज दर 6 प्रतिशत से भी कम होगी. हालांकि, ज्यादातर लोग कर्ज मुक्त होना चाहते हैं. तो क्या भुगतान में सक्षम हो जाने पर होमलोन का पूर्वभुगतान करना वाकई कोई समझदारी भरा फैसला है? इसका उत्तर आय में स्थिरता, उसमें वृद्धि और आपके निवेश लक्ष्यों के दायरे जैसे कई कारकों पर निर्भर करता है.
कब इससे बचें
कम ब्याज दरों और कर लाभों को देखते हुए, यदि आपके पास काफी हद तक स्थिर नौकरी है और आप उच्च आयकर दायरे में आते हैं, तो आप होमलोन का भुगतान उसके पूर्व निर्धारित समय अनुसार ही करें.
समय-पूर्व भुगतान एक विवेकपूर्ण विकल्प तब बन जाता है जब आपके सामने सेवानिवृत्ति या फिर बच्चों की पढ़ाई जैसे जीवन के कुछ बड़े लक्ष्य हों जिनके लिए आप निवेश करना चाहते हों और इसके लिए आप अपने धन को किसी और जगह लगाना चाहते हैं. हालांकि, यह भी तभी एक बेहतर निर्णय होगा अगर आप इस बात को लेकर आश्वस्त हों कि आपको अपने निवेश से जो रिटर्न मिलेगा, वह होम लोन के प्रभावी कर लाभ की तुलना में अधिक है.
भले ही आपके पास अधिशेष निधि हो लेकिन जब तक आपने बीमा के माध्यम से अपने परिवार की सुरक्षा और किसी आपात स्थिति के लिए पर्याप्त वित्तीय बफर बनाने जैसे अपने दूसरे वित्तीय लक्ष्यों को पूरा नहीं किया है, तब तक ऋण का पूर्व भुगतान एक बुद्धिमानी भरा विचार नहीं हो सकता. पैसाबाजार.कॉम पर होम लोन के प्रमुख रतन चौधरी कहते हैं, ''किसी को भी अपने आपातकालीन फंड का इस्तेमाल होम लोन के पूर्व-भुगतान के लिए करने से बचना चाहिए, क्योंकि कोई भी वित्तीय आपातस्थिति आपको नया लोन लेने के लिए मजबूर कर सकती है.''
पूर्व-भुगतान कब करें
आमतौर पर होम लोन ही सबसे लंबी अवधि के होते हैं, जो अक्सर 20 साल से अधिक के होते हैं. इसलिए लोग ऐसे ऋणों को बड़ा बोझ समझते हैं और इनसे जल्द से जल्द छुटकारा पाने की कोशिश करते हैं. क्यूबेरा के संस्थापक और सीईओ आदित्य कुमार कहते हैं, ''होम लोन पर आंशिक पुनर्भुगतान, संचित ब्याज को कम करने में मददगार हो सकता है. होमलोन की अवधि 25 साल तक की होती है और उसका ब्याज मूलधन से भी अधिक हो सकता है. पूर्व-भुगतान आपको इस लंबे ऋण से बचा सकता है.''
फिन्सेफ की संस्थापक मृण अग्रवाल कहती हैं, ''बेशक टैक्स लाभ तो है लेकिन आप ब्याज का भुगतान करके अपनी लागत को बढ़ा ही रहे हैं. मैं लोगों को कर लाभों के लिए होमलोन को जारी रखने की सलाह नहीं देती.''
यदि आपकी नौकरी आपको लंबी अवधि में स्थिर आय प्रदान नहीं करती, तो पूर्व भुगतान एक अच्छा विचार हो सकता है. विशफिन.कॉम के सीईओ ऋषि मेहरा कहते हैं, ''अगर आपको लगता है कि आने वाले समय में आपके करियर में अनिश्चितता आ सकती है, तो आंशिक पूर्व भुगतान पुनर्भुगतान बोझ को आसान बनाने में मदद कर सकता है.''
इनके अलावा पूर्व भुगतान एक समझदार विकल्प तब साबित होता है, जब बकाया राशि बहुत बड़ी होती है और ऋण को बनाए रखने से कोई महत्वपूर्ण कर लाभ प्राप्त नहीं होता या जब आपके पास जीवन बीमा जैसे अन्य जीवन लक्ष्यों के लिए भुगतान के बाद भी अधिशेष धन बचता हो.
यदि आपने लोन के पूर्व-भुगतान का फैसला किया है, तो अवधि को कम करने का सबसे अच्छा तरीका ईएमआई भुगतान को बढ़ाना है.
***