सुर्खियांः सरपट दौड़ते रोहित
एक यादगार शृंखला में एक और शानदार दिन के बाद रोहित शर्मा ने टेस्ट मैचों में अपने पहले दोहरे शतक का जश्न इस अंदाज में मनाया कि उनके आलोचक जबान बंद रखें

इंडिया टुडे
एक यादगार शृंखला में एक और शानदार दिन के बाद रोहित शर्मा ने टेस्ट मैचों में अपने पहले दोहरे शतक का जश्न इस अंदाज में मनाया कि उनके आलोचक जबान बंद रखें. कम से कम, अभी बंद रखें. इस खेल के छोटे प्रारूपों में कई दनदनाते शतक बनाने वाले शर्मा के मिजाज पर टेस्ट बल्लेबाज के रूप में सवाल उठते रहे हैं.
हालांकि, पहली बार दक्षिण अफ्रीका को पूरी तरह धोकर रख देने वाली इस शृंखला में हावी रही भारतीय गेंदबाजी के बीच भारतीय पारी की शुरुआत करने का मौका मिलने पर उनका बेहद शानदार प्रदर्शन उनकी प्रतिभा का प्रमाण देता है. इस विजयी शृंखला मंद रिकॉर्ड धड़ाधड़ टूटे.
विराट कोहली ने कप्तान के रूप में लगातार 11वीं घरेलू शृंखला में जीत दर्ज की और आठवीं बार विरोधी टीम को फॉलोऑन पर मजबूर किया. लेकिन, इन सबसे ज्यादा चौंकाने वाला रहा रोहित शर्मा का लगभग मिथक बन चुके डॉन ब्रैडमैन के घरेलू टेस्ट औसत का रिकॉर्ड तोडऩा.
इस रिकॉर्ड में केवल उन बल्लेबाजों की गिनती की जाती है जिन्होंने कम से कम 10 टेस्ट पारियां खेली हों. अब और ज्यादा की मांग करने वाले आलोचक पूछेंगे कि क्या शर्मा उछाल भरे, घास वाले विदेशी विकेटों पर होने वाले टेस्ट मैचों में इस फॉर्म को दोहरा सकेंगे?
212
रन बनाए रोहित शर्मा ने रांची में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ. इसी के साथ वे द. अफ्रीका पर 3-0 से जीत वाली इस शृंखला में दोहरा शतक जमा चुके विराट कोहली और मयंक अग्रवाल की बराबरी पर आ पहुंचे
148
उन 212 रनों में से 148 रन मात्र 34 गेंदों (28 चौके और 6 छक्के में आए. न्यूनतम प्रयास में अधिकतम रन बटोरने की यह दुर्लभ क्षमता शर्मा को ब्रायन लारा, डोनाल्ड ब्रैडमैन और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों के साथ खड़ा करती है जिन्होंने इसी क्षमता के कारण बड़े दोहरे और तिहरे शतक बनाए हैं
99.84
है शर्मा का घरेलू टेस्ट औसत; 18 पारियों में 1,298 रन, जिसमें छह शतक और पांच पचासे शामिल हैं. इसके साथ उन्होंने ब्रैडमैन का 98.22 घरेलू टेस्ट औसत का 71 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया
19
तीन टेस्ट मैचों की शृंखला में शर्मा के छक्कों की संख्या. यह पिछले साल बांग्लादेश के खिलाफ वेस्टइंडीज के बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर के 15 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ता नया रिकॉर्ड है
13
छक्के पहले टेस्ट में लगा कर शर्मा ने एक मैच में सर्वाधिक छक्कों का पाकिस्तानी आलराउंडर वसीम अकरम का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया. अकरम ने 1996 में एक मैच में 12 छक्के मारे थे
529
रन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शर्मा ने चार पारियों में बनाए. वे एक शृंखला में 500 से अधिक रन बनाने वाले पांचवें भारतीय सलामी बल्लेबाज हैं. सुनील गावस्कर ने यह उपलब्धि पांच बार हासिल की थी
***