उत्तर भारत के दिग्गज-नए दौर के साधक

गरीब छात्रों को प्रेरणा देने के लिए आनंद ने अपना खास सिम्यूलेटेड प्रोग्राम बनाया है, जिसके दो काल्पनिक किरदार हैं—भोलू और रिकी. भोलू गरीब है जबकि रिकी के पास मोबाइल फोन से लेकर तेज रफ्तार बाइक तक सब कुछ है.

आनंद कुमार  ‘सुपर 30’
आनंद कुमार ‘सुपर 30’

भारतीय लोकतंत्र की खासियत है, यहां सत्ता का सितारा कितना भी दमदार और दबंग क्यों न हो, समाज के बीच से उभरने वाले नायक उसके इकबाल को चुनौती देते हैं. इन नायकों में खबरों के आगे-पीछे सरकारी नीतियों में झोल खोजने वाले पत्रकारों से लेकर तीन दशकों से आंदोलनरत रही साधारण दिखने वाली कद्दावर शख्सियतें तक होती हैं. इनमें पोखर-जोहड़ों को बचाने की जिद में लगे लोग भी हैं तो ऐसी मिसालें भी हैं जिनकी मीठी आवाज लाखों लोगों की जिंदगी में अध्यात्म और शांति का पैगाम लाती है.

कुछ दिग्गज तो ऐसे हैं जो बोलते तक नहीं, बस खामोशी से सैकड़ों गरीब लेकिन मेधावी बच्चों को तालीम के लिए तैयार करने में खुद को खपा देते हैं. कुछ लोग हैं जो अखबार की सुर्खियों के साथ-साथ कई सकारात्मक पहलों में जुटे हैं. भारत में नायक का दर्जा कभी भी सिर्फ सम्राट को नहीं मिला है. बल्कि देश ने असली प्रतिष्ठा उन लोगों को दी है जो आमजन की बात और दुख-दर्द को महसूस करते हैं और बाजदफा राजा को राजधर्म की याद भी दिलाते हैं

आनंद कुमार

46 वर्ष  अध्यापक

क्योंकि पटना की सड़कों पर पापड़ बेचने से ह्रितिक रोशन अभिनीत फिल्म सुपर 30 की प्रेरणा बनने तक आनंद कुमार अपनी मेहनत और प्रतिभा से बने शख्स हैं

क्योंकि गणित के जीनियस आनंद कुमार आइआइटी-जेईई की महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ बच्चों को इन परीक्षाओं में कामयाबी दिलवाते हैं

क्योंकि पैसे की कमी की वजह से ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढऩे का सपना पूरा नहीं कर पाए आनंद अपनी बदलावकारी शैक्षणिक पहल 'सुपर 30' के जरिए कई युवाओं की जिंदगी बदलने में कामयाब रहे हैं. इसमें वे आइआइटी में जाने का अपना सपना पूरा करने में गरीब छात्रों की मदद करते हैं

क्योंकि 2003 से आनंद ने 350 से ज्यादा छात्रों की आइआइटी की प्रवेश परीक्षा पास करने में मदद की है. उनके सुपर 30 की सफलता की दर 90 फीसद से ज्यादा है, वह भी उस वक्त जब इस परीक्षा में बैठने वाले कुल छात्रों में से महज 2 फीसद आइआइटी में पहुंच पाते हैं

क्या आप जानते हैं

गरीब छात्रों को प्रेरणा देने के लिए आनंद ने अपना खास सिम्यूलेटेड प्रोग्राम बनाया है, जिसके दो काल्पनिक किरदार हैं—भोलू और रिकी. भोलू गरीब है जबकि रिकी के पास मोबाइल फोन से लेकर तेज रफ्तार बाइक तक सब कुछ है. मगर पढ़ाई की बारी आती है तो भोलू जीत जाता है. गणित की कक्षा में आनंद यह कहानी दिखाते हैं जो वाकई आर्थिक तौर पर गरीब कई बच्चों को प्रेरित करती है.

***

Read more!