असली हीरोः हौसलों की उड़ान है आमिर
आमिर भारतीय विकलांग क्रिकेट टीम के भरोसेमंद गेंदबाज हैं, सचिन को टीवी पर देख खेल सीखा, कई शिक्षण संस्थानों में प्रेरक भाषण देते हैं, सचिन और सिद्धू जैसे क्रिकेटर भी उनका लोहा मानते हैं.

किसी के दोनों बाजू न हों तो उसे जिंदगी बोझ-सी लगने लगती हैं. कश्मीर घाटी के आमिर हुसैन लोन की कहानी थोड़ी अलहदा है. कंधों से दोनों बाजूएं कटी होने पर भी उनकी करामातों के न केवल जम्मू-कश्मीर के लोग कायल हैं, आत्मविश्वास और अमन पसंदी से लबरेज इनके विचारों ने सचिन तेंडुलकर और नवजोत सिंह सिद्धू जैसे क्रिकेटरों को भी अपना दीवाना बना लिया है.
28 वर्षीय आमिर हुसैन लोन घोर आतंकवाद प्रभावित कश्मीर के अनंतनाग जिले के छोटे से गांव वाघना के आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के सदस्य हैं और भारतीय विकलांग क्रिकेट टीम के भरोसेमंद गेंदबाज भी. आतिर को हाथों की जगह पैर की उंगलियों में गेंद फंसाकर गेंदबाजी करता देख हर कोई दंग रह जाता है. जम्मू-कश्मीर या देश के अन्य हिस्से में जब भी विकलांगों का क्रिकेट मैच होता है, आमिर को गेंदबाजी करते देखने के लिए खासी भीड़ इकट्ठी हो जाती है. आमिर हुसैन लोन बताते हैं कि हाल में वह क्रिकेट के तीन मैचों की सीरीज खेलने भारतीय टीम के साथ पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद गए थे. उन्होंने वहां भी लोगों को भाईचारा, अमनपसंदी का संदेश दिया.
आमिर को अपने दाहिने पैर की अंगुलियों में गेंद फंसाकर स्विंग कराने में महारथ हासिल है. इसके अलावा वह गर्दन और कंधे के बीच बल्ला फंसाकर अच्छी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं. एक पैर से विकलांग, भारतीय विकलांग क्रिकेट के सदस्य और लोन के गांव के जहूर अहमद वानी बताते हैं, ''यह टीम का भरोसेमंद सदस्य है.'' आमिर के खेल के पंजाब के मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू इस कदर कायल हैं कि एक कार्यक्रम के दौरान कह चुके हैं—''मैंने केवल क्रिकेट खेला है, आमिर तो क्रिकेट ही जीता है.'' आमिर और सचिन की अब तक मुलाकात नहीं हुई है, पर टीवी पर खेलता देख सचिन इस कदर प्रभावित हुए कि उन्होंने उसी टीवी चैनल के माध्यम से अपना हस्ताक्षरयुक्त बल्ला आमिर को भेंट कर दिया.
आमिर जब आठ साल के थे तो उसके दोनों हाथ आरा मशीन में आ गए और कंधे से कट कर अलग हो गए. आमिर की मां बताती है कि यदि उस वक्त सेना ने मदद नहीं की होती तो इसका बच पाना मुश्किल था. सेना के सहयोग से इसका करीब साढ़े तीन वर्षों तक इलाज चला. उसने पड़ोसियों के यहां टीवी पर सचिन के मैच देकर क्रिकेट के गुर सीखे. कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी को गलत मानने वाले आमिर कहते हैं कि कश्मीर की छवि कुछ अपनों ने ही खराब की है. वह मानते हैं कि विरोध लोकतांत्रिक भी हो सकता है.
—मलिक असगर हाशमी

