जवां धमाल
अगर इंडिया टुडे माइंड रॉक्स 2017 को एक शब्द में समेटना हो तो इसके लिए इनमें से शायद कोई शब्द सटीक होगाः धमाकेदार, जिंदादिल, जागरूक

शनिवार की सुबह सीरीफोर्ट ऑडिटोरियम के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जमा थी. सुबह के 10 बजे से थोड़ा ही ज्यादा वक्त था, और अंदर सैकड़ों युवा संगीत की तेज आवाज पर झूम रहे थे. रंगरेजा बैंड अपने आप में दर्शकों की एक बेहतरीन मिसाल थारू आत्मविश्वास से भरपूर और जिंदगी का लुत्फ उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध.
मंच पर सबसे पहले नमूदार हुईं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी. नीली साड़ी में उनका व्यक्तित्व 'नए भारत' के अनुरूप था और दर्शक उन्हें देखकर खुश नजर आ रहे थे. उन्होंने कहा, ''नया भारत उन लोगों का है जो सपने देखने का साहस रखते हैं और योग्यता के दम पर सफलता पाने की कोशिश करते हैं.'' उन्होंने कहा, ''युवा भारत ही नए भारत का निर्माण करेगा. यहां ताकतवर लोग कमजोर लोगों को सशक्त बनाएंगे.'' जब सवाल पूछने की बारी आई तो अनन्या नामक लड़की ने अपने सवाल से मंत्री को निरुत्तर-सा कर दिया. उसने कहा, ''हम टीवी पर बहुत-से राजनेताओं को एक-दूसरे पर चीखते हुए देखते हैं. स्कूल में जब छात्र बहस में हिस्सा लेते हैं तो उनकी बहस में वास्तविक तर्क होता है...'' ईरानी ने इस सवाल को यह कहकर टाल दिया कि इसमें ऐंकर की गलती होती है जो बहस को हल्का बना देते हैं, पर अनन्या का सवाल इस बात का सबूत था कि 'युवा' होने का मतलब 'भोला-भाला' या 'आसानी से झांसे में आ जाने वाला' नहीं है.
कार्यक्रम में पूरे दिन आत्मबोध और चिंतन की यही भावना दिखाई दी. सत्र के अगले हिस्से में जब बॉलीवुड के बड़े सितारे संजय दत्त मंच पर आए तो उन्हें भी इसी तरह के कठिन सवाल का सामना करना पड़ा. लेकिन उन्होंने सवाल से बचने की बजाए साहस के साथ अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की. उन्होंने कहा, ''कॉलेज में मुझे ड्रग लेने की आदत पड़ गई थी. मैं इसका आदी हो गया था. मुझे इससे उबरने में दस साल का वक्त लगा. मैं खुशकिस्मत हूं कि इससे उबरने के लिए मेरे पास साधन उपलब्ध थे. सारी चिंताओं से बचने के लिए ड्रग एक आसान रास्ता है. लेकिन फिर आपको इसकी लत लग जाती है...(यह इतना बुरा हो जाता है कि) कोई गधा मर जाए तो भी आप पीते हैं, कोई कुत्ता मर जाए तो भी आप पीते हैं.''
इसके बाद जब युवा स्टार वरुण धवन मंच पर आए तो वे भी इस तरह के धारदार सवालों से नहीं बच पाए. उनसे उनके सिक्स पैक के बारे में पूछते हुए कहा गया कि क्या वे भीड़ के सामने अपनी शर्ट उतारकर अपना सिक्स पैक दिखाएंगे? मानो भूमिकाएं उलट गई हों, क्योंकि अंग-प्रदर्शन करना आम तौर पर महिलाओं का क्षेत्र होता है. बहरहाल, भीड़ की दीवानगी चरम पर पहुंच गई थी. लड़कियां वरुण के ज्यादा से ज्यादा करीब पहुंचने की कोशिश करने लगी थीं. बहुतों के पास हाथ से लिखे साइनबोर्ड थे और वे उन्हें वरुण की तरफ लहराए जा रही थीं. सभी साइनबोर्ड पर घुमा-फिराकर यही दर्शाया जा रहा था कि ''मैं वरुण धवन से प्यार करती हूं.''
कॉमेडियन कुणाल कामरा ने जानवरों जैसी हवस के बारे में बताया, जिसने हमारे देश में फैले तथाकथित 'बाबाओं' को इतना नीचे गिरा दिया है. (इस विषय पर उनकी छोटी-सी सलाह थी 'डाउनलोड टिंडर'). उन्होंने एक रोचक बात बताई कि उनके जैसे कॉमेडियनों को इतनी नफरत भरी नाराजगी का सामना क्यों करना पड़ता है. उन्होंने कहा, ''स्टैंड-अप कॉमेडी के साथ समस्या यह है कि जब आप माइक में बोलते हैं तो देखने वालों को लगता है कि जैसे उनसे सीधी बात की जा रही है और खुद उनका मजाक उड़ाया जा रहा है—फिर वे मुझे गालियां देने लगते हैं.'' बाद के सत्र में विवेक ओबेरॉय ने एक विवादित विषय पर बात की और वह था—सेंसरशिप. एक वेबसीरीज में अभिनय करने के अपने फैसले के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ''इसमें सबसे संतोषजनक बात यह है कि आपको पहलाज निहलानी का सामना नहीं करना पड़ता.''
कार्यक्रम में एक विषय बार-बार उभरकर आयाः भाई-भतीजावाद. यह सामाजिक समस्या हमारे देश में सभी क्षेत्रों में देखी जाती है—बॉलीवुड से लेकर संसद तक. स्मृति ईरानी ने इसे उठाया (''कामकाजी परिवारों के लोगों के साथ भी यह समस्या है. कोई आकर कह सकता हैः जानते नहीं, मेरा बाप कौन है?'') मनोज तिवारी, गौरव गोगोई और कलिकेश सिंह देव ने भी इस बारे में चर्चा की लेकिन सबसे स्पष्ट जवाब वरुण धवन और गौरव गोगोई की ओर से सुनने को मिला. वरुण ने स्वीकार किया, ''यह बात सही है कि उस क्षेत्र में आपका प्रवेश आसान हो जाता है. पर बॉक्स ऑफिस पर सफलता पाने के लिए आपको अपनी योग्यता साबित करनी होती है.'' गोगोई एक कदम आगे चले गए, ''एक लोकसभा क्षेत्र की आबादी करीब 12 से 15 लाख होती है. किसी के लिए यह संभव नहीं है कि वह हरेक को जानता हो और सभी के लिए भी यह संभव नहीं है कि वे राजनीति में आने वाले नए व्यक्ति को जानते हों. नए नेता को पहचान बनाने की जरूरत होती है. किसी राजनैतिक परिवार से आने वाले को शुरू-शुरू में इससे मदद मिलती है. इसके बाद कठोर मेहनत ही काम आती है.''
इस आयोजन में और भी बहुत कुछ था. कृति सेनन और आयुष्मान खुराना के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम की नामी खिलाड़ी भी आईं—वेदा कृष्णमूर्ति, स्मृति मंधाना और झूलन गोस्वामी. फिल्म उद्योग से बाहर के किसी व्यक्ति के लिए बॉलीवुड में जगह बनाना कितना मुश्किल होता है, खुराना ने बताया, ''मुझे खुशी है कि मैं बाहर का व्यक्ति हूं, जब मैं बच्चा था तो टिकट के लिए लाइन में खड़ा होता था और कभी-कभी ब्लैक में टिकट खरीदता था. इसका अनुभव कोई बाहरी आदमी ही कर सकता है. भाई-भतीजावाद हर जगह है. लेकिन अंत में प्रतिभा ही काम आती है.'' और संस्थागत सहयोग के बारे में सवाल का जवाब देते हुए गोस्वामी ने कहा, ''बीसीसीआइ का सहयोग पिछले कुछ वर्षों से बढ़ा है और अगर आप पिछले चार-पांच वर्षों में महिला क्रिकेट को देखें तो यह सही दिशा में आगे बढ़ रहा है. अब पहले से कहीं ज्यादा सुविधाएं हो गई हैं.''
इस आयोजन में कारोबारी जगत के बड़े उद्यमियों, नर्तकों, युवा नेताओं और शादी-ब्याह कराने वाले लोगों ने भी हिस्सा लिया. सभी सत्रों में एक बात समान थी—स्पष्ट दृष्टिकोण कि युवा असल में देश का भविष्य हैं. सभी ने अपनी सलाह दी पर जागृति यात्रा के चेयरमैन शशांक त्रिपाठी का नजरिया मौजूं था, ''अगर आप देश के लिए कुछ करना चाहते हैं तो दूसरी और तीसरी श्रेणी के जिलों की समस्याओं को दूर करने के लिए उद्यम शुरू कीजिए. देश की सारी समस्याएं इन्हीं जगहों पर हैं. हम जागृति के लोग आपकी मदद करेंगे. प्रधानमंत्री भी मदद करना चाहते हैं.''