डॉक्टर नेने के कारगर नुस्खे

डॉ. श्रीराम नेने की नई किताब 21 डेज़ टु गुड हेल्थ सुझा रही आपकी सेहत बेहतर करने के लिए व्यावहारिक और साक्ष्यों पर आधारित उपाय

डॉ. श्रीराम नेने

डॉ. श्रीराम नेने की अमित दीक्षित से बातचीत

•आखिर किस वजह से आप 21 डेज़ टु गुड हेल्थ लिखने के लिए विवश हुए?
मैंने अमेरिका में कार्डियोथोरैसिक और वैस्कुलर सर्जरी में करीब दो दशक ‌बिताए हैं. मॉडर्न मेडिसिन की जबरदस्त ताकत मैंने देखी-जानी है. पर एक एहसास हमेशा भीतर सालता रहाः जिन बीमारियों का मैं इलाज कर रहा था वे दशकों में धीरे-धीरे चुपचाप विकसित हो रही थीं और इनमें से बहुतों को पहले ही रोका जा सकता था. बीमारी के इलाज में हम काफी आगे निकल आए हैं लेकिन वेलनेस की वैसी संस्कृति विकसित कर पाने में हम उस पैमाने पर कामयाब नहीं हुए. मेरे लिए यही प्रेरणा थी.

•बताते हैं किसी चीज की आदत पड़ने में 21 दिन लगते हैं. इसीलिए आपने यह शीर्षक चुना?
देखिए, हाल ही के कुछ अनुसंधान बताते हैं कि आदतों के इस तरह से स्वभाव का हिस्सा बनने में कहीं ज्यादा समय लगता है. तो फिर 21 दिन क्यों? क्योंकि 21 दिन स्थाई आदत बनने के लिए वह जादुई संख्या भले न हो लेकिन निर्णायक बदलाव के लिए यह एक पावरफुल स्टार्टिंग पॉइंट जरूर है.

•किताब के लिए रिसर्च करते समय आपको सबसे चौंकाने वाली कौन-सी बात पता चली?
बतौर सर्जन मेरी ट्रेनिंग एनाटमी, फिजियोलॉजी, रोग और उसके इलाज पर फोकस करने की थी. लेकिन लंबी आयु पर शोध के दौरान पता चला कि संबंधों में मधुरता और जड़ों से जुड़ाव जैसे पहलू स्वस्थ सुदीर्घ जीवन में बड़ा रोल निभाते हैं.

•अपनी किताब में बताए सिद्धांतों को आप अपनी जिंदगी और माधुरी दीक्षित के साथ अपनी शादीशुदा जिंदगी में कैसे अपनाते हैं?
माधुरी, अपने बच्चों, परिवार और दोस्तों के साथ सुकून भरा वक्त बिताना मेरी सेहत के लिए बेहद जरूरी है. मेरा मानना है कि डॉक्टर होने के नाते हम दूसरों को जो सलाह देते हैं, उस पर खुद भी अमल करना चाहिए. शारीरिक गतिविधि से कोई समझौता नहीं हो सकता. मैं नींद और शरीर को आराम देने को भी प्राथमिकता देता हूं.

Read more!