"मैं कपिल शर्मा ब्रांड ऑफ कॉमेडी के साथ सहज नहीं हूं"

अपने काम, जीवन और राजनीति को किस नजरिए से देखते हैं शैलेश लोढ़ा

शैलेश लोढ़ा
शैलेश लोढ़ा
  • क्या हुआ कि आपको तारक मेहता का उल्टा चश्मा  शो छोड़ना पड़ा ?

बात आत्मसम्मान की थी, इसलिए छोड़ दिया. हुआ यह था कि टीवी पर एक शो आया था गुड नाइट इंडिया. यह डेढ़ साल पहले की बात है. असित मोदी (शो के निर्माता) का फोन आया. उन्होंने कहा कि आप कैसे गए वहां. मैंने कहा, आधे घंटे का शो था, मैं चला गया. उन्होंने बहुत अमर्यादित भाषा में बात की. जो मुझसे बर्दाश्त नहीं हुई. 17 फरवरी, 2022 की बात है, मैंने मेल कर दिया 'आइ एम नॉट वर्किंग एनी मोर’ (मैं अब और काम नहीं कर रहा).

  • हमने सुना आपके पुराने मित्र, जो अब मित्र नहीं रहे, ने एक इंटरव्यू में कहा कि शैलेश बाहर काम करना चाहते थे, कवि सम्मेलनों में हिस्सा लेना चाहते थे...

मैं कवि सम्मेलनों में हिस्सा ले रहा था. 2012 में मैंने कॉमेडी का महा मुकाबला शो किया, उसके बाद वाह-वाह क्या बात  शो भी मैंने किया. बात यह है कि बराबरी के लोगों से बात करने का यह तरीका नहीं हो सकता. यहां हर व्यक्ति बराबर है.

  • ऑफर कब हुआ था तारक मेहता का उल्टा चश्मा ?

मैं कॉमेडी शो कर रहा था. उस वक्त फोन आया असित मोदी का. मैं इनको जानता नहीं था. मैंने कहा मैं कल जोधपुर जा रहा हूं, आप एयरपोर्ट पर मिल सकते हैं. मुंबई एयरपोर्ट पर उन्होंने कहा कि मैं एक शो बना रहा हूं जिसका नाम दुनिया का उल्टा चश्मा या तारक मेहता का उल्टा चश्मा होगा. तारक मेहता का रोल आप करेंगे.

  • एक समय था जब शैलेश लोढ़ा कपिल शर्मा ब्रांड ऑफ कॉमेडी और उनके शो की आलोचना करते थे, फिर तो आप उनके शो में कैसे गए?

हमने 2012 में साथ एक शो भी किया था-कॉमेडी नाइट विद शैलेश ऐंड कपिल.  बात तुलना की थी. बात संस्कार की थी. मैंने कपिल के शो में जाकर हिंदी कविता की ताकत बताई. मैं उनके शो में कविता लेकर गया. वे अच्छे दोस्त हैं हमारे. बस मैं उस तरह की कॉमेडी में सहज नहीं हूं.

  • कितने नेताओं का आपके पास फोन आता है कि शैलेश लोढ़ा आप इतने लोकप्रिय हैं, राजस्थान को आप पर गर्व है. क्यों न अब आप चुनाव लड़ लें?

मेरी कोई राजनैतिक महत्वाकांक्षा कभी नहीं रही है क्योंकि मैं अतिरिक्त भावुक व्यक्ति हूं. मैं कला के क्षेत्र में लोगों के बीच रह सकता हूं और उनका प्यार पा सकता हूं. मुझे नहीं लगता कि मैं राजनीति के लिए बना हूं.

Read more!