गुमनाम चेहरे

कीकरां दे फूल में फिल्मकार अनमोल सिद्धू पंजाब में शादियों में लोगों का मनोरंजन करने वाली आर्केस्ट्रा डांसरों की जिंदगियों की थाह ले रहे

फिल्म कीकरां दे फूल का एक दृश्य

सुकांत दीपक

पंजाब में शादी के पंडाल में बना मंच. एक युवती 50 लोगों के सामने नाच रही है. कई नशे में हैं और कुछ उसे घूर रहे हैं. उनके लिए वह सजावट का जरूरी हिस्सा भर है. कौलोके गांव के एक लड़के के लिए वह कुछ और है.

फिल्मकार अनमोल सिद्धू याद करते हैं, “बचपन में जब मैं इन लड़कियों को मंच पर देखता, वे मुझे भूत-प्रेत की तरह लगतीं क्योंकि मेरे घर की औरतें इतनी ‘बहादुर’ नहीं थीं कि इतने सारे आदमियों के सामने नाच सकें.”

यही विचार कीकरां दे फूल में रुपहले पर्दे पर साकार हुआ. यह जग्गी (2022) के बाद सिद्धू की दूसरी फीचर फिल्म है, जो पंजाब के वेडिंग ऑर्केस्ट्रा की नर्तकियों पर है.

इसका प्रीमियर न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में हुआ और मेलबर्न में बेस्ट इंडी फिल्म के लिए नॉ‌मिनेट की गई. भारत में इसका प्रीमियर धर्मशाला इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हो रहा है.

एक शादी में गोली लगने से नर्तकी की मौत ने सिद्धू को हक्का-बक्का कर दिया. 2022 में उन्होंने ऑर्केस्ट्रा मंडलियों के साथ घूमना शुरू किया. वे बंगाल, हिमाचल और उससे भी दूर से आईं, इसलिए फिल्म में उन्हीं की बोली है.

इसमें कैमरे के शॉट वाइड रखने के साथ क्लोज-अप से बचा गया है. दर्शकों को इसमें डॉक्यूमेंट्री की झलक मिलती है, जिसे वे स्वीकारते हैं.

सिद्धू कहते हैं, “जिंदगी में हमेशा सुखांत नहीं होते. मैं कितनी भी कोशिश करूं, अपनी कहानियां को अवास्तविक नहीं बना सकता.”

Read more!