सितारे सदाबहार
अमिताभ बच्चन अब भी देश के सबसे लोकप्रिय अभिनेता का रुतबा कायम रखने में कामयाब. लगातार कई हिट फिल्मों के बाद ‘नेशनल क्रश’ रश्मिका मंदाना अभिनेत्रियों की श्रेणी में पहली बार टॉप पर पहुंचीं

सितारे जो बने लोगों की पसंद
इंडिया टुडे के देश का मिज़ाज सर्वेक्षण में अमिताभ बच्चन एक बार फिर लोगों की पहली पसंद बनकर उभरे. हालांकि, इस बार 83 साल के इस अभिनेता की बादशाहत थोड़ी कमजोर पड़ी है. उन्हें धुरंधर के सुपर स्पाइ रणवीर सिंह से कड़ी टक्कर मिली.
रणवीर ने बहुत बड़े पैमाने की अपनी दो ब्लॉकबस्टर फिल्मों के बूते लंबी छलांग लगाते हुए अपने मुकाबले के कई सितारों को काफी पीछे छोड़ दिया. पीछे छूटने वालों में अभिनेता से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने विजय भी शामिल हैं, जिन्होंने अब तक किसी भी दक्षिण भारतीय अभिनेता के लिए सबसे ऊंची जगह हासिल की.
दलपति विजय के प्रशंसकों के पास जश्न मनाने की एक और वजह थी. आखिरकार उन्हें अपने पसंदीदा सितारे की आखिरी फिल्म जन नायकन सिनेमाघरों में देखने को मिली. बॉलीवुड से अक्षय कुमार और सलमान खान ने भी इस फेहरिस्त में जगह बनाई लेकिन शाहरुख खान कुछ पायदान नीचे खिसक गए.
हालांकि, सर्वे का सबसे बड़ा उलटफेर रश्मिका मंदाना का नई नंबर एक अभिनेत्री बनना रहा. रश्मिका ने 2025 में तीन भाषाओं की पांच फिल्मों में काम किया. इनमें हिंदी की कारोबारी तौर पर कामयाब छावा और तारीफ बटोरने वाली तेलुगु इंडी फिल्म द गर्लफ्रेंड खास रहीं. इसी साल उन्होंने अपने लंबे समय के साथी और अभिनेता विजय देवरकोंडा से शादी भी की. लंबे समय से ‘नेशनल क्रश’ कही जाने वाली रश्मिका आखिरकार देश की सबसे पसंदीदा अभिनेत्री बनकर उभरी हैं.
आखिरी बार 2024 में बड़े पर्दे पर नजर आईं दीपिका पादुकोण फिसलकर दूसरे पायदान पर आ गईं. वहीं, सबसे बड़ी छलांग श्रद्धा कपूर ने लगाई, जो इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली भारतीय अभिनेत्री हैं.
आलिया भट्ट ने शीर्ष पांच में वापसी की. आर्टिकल 370 के लिए हाल ही में राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाली यामी गौतम धर ने भी पहली बार इस लिस्ट में जगह बनाई और छठे पायदान पर रहीं.
छोटे पर्दे के बड़े सितारे
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के शो की बात करें तो मुकाबला मनोज बाजपेयी (द फैमिली मैन), पंकज त्रिपाठी (मिर्जापुर, क्रिमिनल जस्टिस) और बॉबी देओल (आश्रम) के बीच रहा. लोकप्रिय वेब सीरीज में मुख्य भूमिकाएं निभाने के बाद इन तीनों कलाकारों के अभिनय करिअर को नई ऊंचाई मिली है.
रोमांटिक शो मुसाफिर कैफे में चंदर का संवेदनशील किरदार निभाकर दर्शकों का दिल जीतने वाले विक्रांत मैसी ने पहली बार देश का मिज़ाज सर्वे की लिस्ट में जगह बनाई.
अभिनेत्रियों में माधुरी दीक्षित नेने की रैंकिंग में बड़ी गिरावट आई. वहीं, उनके साथ 1990 के दशक की फिल्मों में छाई रहीं काजोल ने अपने लोकप्रिय शो द ट्रायल के दम पर पहला पायदान हासिल किया. सामंथा रुथ प्रभु और अनन्या पांडे के साथ टॉप तीन की लिस्ट पूरी हुई. दीया मिर्जा ने भी पहली बार टॉप पांच में जगह बनाई.
माइक के पीछे
अरिजीत सिंह ने इस साल की शुरुआत में पार्श्व गायन से संन्यास लेने का ऐलान करके बहुत-से लोगों को सकते में डाल दिया था लेकिन देश का मिज़ाज सर्वे में शामिल लोगों के लिए यह उन्हें बताने की एक और वजह बन गया कि वे आज भी उनके सबसे पसंदीदा गायक हैं.
नब्बे के दशक की आवाजों का जादू कई दशक बाद भी कायम है. उदित नारायण और सोनू निगम, दोनों ने इस लिस्ट में जगह बनाई. दिलजीत दोसांझ ने भी शीर्ष पांच में वापसी की. फिल्म मैं वापस आऊंगा के गाने ‘कमाल है’ में उनकी गायकी ने दर्शकों को फिर याद दिलाया कि वे कितने हुनरमंद और हरफनमौला कलाकार हैं.
गायिकाओं में एक बार फिर ‘ओल्ड इज गोल्ड’ का जादू चला. श्रेया घोषाल, अलका याग्निक और सुनिधि चौहान का दबदबा कायम रहा. सुनिधि ने साबित किया कि मंच पर अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर करने के मामले में उन्हें टक्कर देना आज भी आसान नहीं.