करोड़ों हुए लापता
विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में आखिर किस तरह से कट गए 10 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं के नाम? उसी की गहराई से पड़ताल

इलस्ट्रेशन : नीलांजन दास
किसी भी देश ने अपने नागरिकों से जो सबसे साहसिक वादे किए हैं—और जिस पर भारत को गर्व होना चाहिए—उनमें से एक संविधान के अनुच्छेद 326 में दर्ज है. यह गारंटी देता है कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं के चुनाव वयस्क मताधिकार के आधार पर होंगे. संविधान या किसी कानून में बताए गए आधार पर अयोग्य ठहराए गए लोगों को छोड़कर 18 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र का हर भारतीय नागरिक “मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का हकदार” है.
“पंजीकृत होने का हकदार”—इन चार शब्दों में संविधान का ऐसा सिद्धांत निहित है जिस पर कोई समझौता नहीं हो सकता: वोट कोई मेहरबानी नहीं जो सरकार नागरिकों को देती है, बल्कि उनका अधिकार है. इस अधिकार को वास्तविकता में बदलने के लिए संविधान निर्माताओं ने अनुच्छेद 324 के तहत एक संवैधानिक संरक्षक बनाया और मतदाता सूचियों तथा चुनावों के संचालन का “अधीक्षण, निर्देशन और नियंत्रण” भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआइ) को सौंपा.
इस तरह आयोग किसी सामान्य कानून से बनी संस्था नहीं, बल्कि स्वतंत्र संवैधानिक निकाय है जिसकी दोहरी जिम्मेदारी है—स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना, साथ ही यह पक्का करना कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो और वह वोट डाल सके. लिहाजा, मतदाता के रूप में पंजीकरण केवल नागरिक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि चुनाव आयोग का संवैधानिक दायित्व भी है.
छिहत्तर साल बाद इस वादे से जुड़ी संख्या का अंदाजा लगाइए जरा. भारत में अब 18 वर्ष या उससे ज्यादा उम्र के नागरिकों की संख्या एक अरब पार कर चुकी है. 2026 के अनुमानों में यह संख्या 100.8 करोड़ से 101.7 करोड़ के बीच है, लोकतंत्र के इतिहास का सबसे बड़ा मतदाता समूह.
2024 के लोकसभा चुनाव की पूर्व संध्या पर 97.98 करोड़ भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकृत थे, जो 2019 की तुलना में 7.4 फीसद ज्यादा थे. जनवरी 2025 तक मतदाता सूची में नामों की संख्या बढ़कर 99.1 करोड़ हो गई. इसके बाद तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने घोषणा की कि भारत जल्द ही “एक अरब मतदाताओं वाला देश” बन जाएगा.
लेकिन भारत उस मुकाम तक पहुंच ही नहीं पाया. बिहार विधानसभा चुनाव से कुछ समय पहले जून 2025 में ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले चुनाव आयोग ने राज्य की मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) शुरू किया. बाद में यह कवायद 30 और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों तक बढ़ा दी गई.
जिस प्रक्रिया से देश के एक अरब मतदाताओं के आंकड़े के करीब पहुंचने की उम्मीद थी, उसी ने मतदाता संख्या में गिरावट ला दी. इन 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की ड्राफ्ट मतदाता सूची से अप्रत्याशित रूप से 13.39 करोड़ नाम हटा दिए गए. यह कुल 95.1 करोड़ मतदाताओं का 14.1 फीसद, यानी हर सात पंजीकृत मतदाताओं में करीब एक. यह संख्या बिहार के समूचे मतदाताओं के बराबर है.
हालांकि नाम काटे जाने का आंकड़ा अंतिम नहीं है. चुनाव आयोग ने छह नवंबर को उन सात राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मतदाताओं को अपना नाम दोबारा सूची में शामिल कराने का एक और मौका दिया जहां एसआइआर अब भी जारी है.
इसके लिए उन्हें फॉर्म 6 भरकर नए सिरे से पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी. आयोग ने उन 24 में से 22 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण भी शुरू किया है जहां अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित हो चुकी हैं. इससे बाहर किए गए मतदाता अपना नाम बहाल कराने और नए पात्र नागरिक पंजीकरण कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे.
हालांकि मौजूदा अनुमानों के मुताबिक, इस कवायद से 31 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में मतदाताओं की संख्या घटकर करीब 83.5 करोड़ रह सकती है. यह एसआइआर से पहले के 95.1 करोड़ मतदाताओं के मुकाबले 10 करोड़ से भी ज्यादा कम है. देश के इतिहास में मतदाता सूची के किसी पुनरीक्षण से इतनी कमी कभी नहीं आई. मसलन, 2002-04 के पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या 1999 के 61.95 करोड़ से बढ़कर 2004 में 67.15 करोड़ हो गई थी.
इतने बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने से विपक्ष ने विरोध शुरू कर दिया है और पूरी कवायद सुप्रीम कोर्ट की जांच के दायरे में आ गई है. वह इस प्रक्रिया की पड़ताल करना चाहता है ताकि यह तय हो सके कि मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए शुरू की गई कवायद ने कहीं लाखों पात्र मतदाताओं को बाहर तो नहीं कर दिया.
आंकड़ों का अंतर
इस पर किसी को ऐतराज नहीं कि भारत की मतदाता सूचियों की सफाई जरूरी थी. दिवंगत, दो जगह दर्ज और लंबे समय पहले इलाका छोड़ चुके मतदाताओं के नाम हटाए जाने चाहिए थे. गैर-भारतीयों के लिए उनमें कोई जगह नहीं थी—जैसा भाजपा बार-बार आरोप लगाती रही है—और एसआइआर ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका था.
लेकिन पुनरीक्षण के विशाल पैमाने को देखते हुए इसकी साख इस बात से तय होनी थी कि इसे कैसे अंजाम दिया गया और इसके बाद कैसे आंकड़े सामने आए. यह कवायद जून 2025 में बिहार के 7.9 करोड़ मतदाताओं के साथ शुरू हुई. उसी साल अक्तूबर में चुनाव आयोग ने करीब 51 करोड़ मतदाताओं वाले 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तक इसका विस्तार कर दिया.
14 मई, 2026 को घोषित तीसरे चरण में 16 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों के 36.7 करोड़ और मतदाता जांच के दायरे में आ गए. इस तरह एक साल से भी कम समय में आयोग ने व्यापक पुनरीक्षण की प्रक्रिया को 25 राज्यों और छह केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 95.09 करोड़ मतदाताओं तक फैला दिया. 29 लाख मतदाताओं वाले त्रिपुरा में एसआइआर अगले साल फरवरी तक शुरू हो पाएगा.
कानूनी और संचालन संबंधी वजहों से असम, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को इससे बाहर रखा गया है. इन चारों में कुल 2.98 करोड़ मतदाता हैं, जो भारत के समूचे पंजीकृत मतदाताओं का तीन फीसद हैं.
एसआइआर के लिए आयोग ने दस लाख से ज्यादा बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और राजनैतिक दलों की ओर से नियुक्त 12.6 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) लगाए. बीएलओ ज्यादातर सरकारी कर्मचारियों—स्कूल शिक्षकों, राजस्व अधिकारियों और दूसरे सरकारी कर्मियों—में से चुने गए और इस विराट अभियान के जमीनी सिपाही बने.
हर बीएलओ को एक मतदान केंद्र का इलाका सौंपा गया, जिसमें करीब 900 से 1,000 पंजीकृत मतदाता रहते थे. परिवार के आकार और स्थानीय आबादी के स्वरूप के आधार पर ये मतदाता करीब 200 से 250 घरों में फैले थे. आयोग ने बीएलओ के लिए घर-घर जाकर कम से कम तीन दौर की जांच करना अनिवार्य किया, खासकर उन मतदाताओं के लिए जो पिछली बार घर पर नहीं मिले थे.
उन्हें हर पंजीकृत मतदाता को कुछ जानकारियां पहले से भरा गणना फॉर्म देना था, 2002-04 के पिछले एसआइआर में तैयार सूचियों समेत पुरानी मतदाता सूचियों से विवरण की पुष्टि में मदद करनी थी, भरे हुए फॉर्म जमा करके जानकारी को डिजिटल रूप में अपलोड करना था. दूसरी ओर, बीएलए से मतदाताओं की मदद करने, सूचियों में गलतियों और छूटे नामों की ओर ध्यान दिलाने तथा प्रक्रिया पर नजर रखने की उम्मीद थी, ताकि कोई भी पात्र मतदाता बाहर न रह जाए.
विधानसभा क्षेत्र स्तर पर इस कवायद की निगरानी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) ने की. सहायक ईआरओ और बीएलओ सुपरवाइजर उनकी मदद के लिए लगाए गए. ईआरओ के जिम्मे प्रारूप मतदाता सूची तैयार करना, दावों और आपत्तियों की जांच करना, जरूरत पड़ने पर नोटिस जारी करना और अंतिम मतदाता सूची तैयार करना था.
जिला स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) ने प्रक्रिया की निगरानी की, जबकि राज्य स्तर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) इसकी रिपोर्ट आयोग को देते थे. मतदाताओं को भी सूची में अपना नाम सुरक्षित रखने के लिए सीमित समय मिला. प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद छूटे नाम जुड़वाने या अपने विवरण में सुधार कराने के लिए उनके पास एक महीने का वक्त था.
जिन मतदाताओं का विवरण पुरानी मतदाता सूचियों से नहीं जोड़ा जा सका या जिनकी जानकारियां उन रिकॉर्ड से मेल नहीं खाती थीं, उन्हें ईआरओ ने नोटिस जारी किए. अंतिम सूची प्रकाशित करने से पहले हर मामले में लिखित आदेश के जरिए फैसला किया गया. ईआरओ के फैसले से असंतुष्ट मतदाता पहले जिलाधिकारी और उसके बाद सीईओ के पास अपील कर सकते थे.
इस भारी-भरकम काम को पूरा करने के लिए तय बेहद कड़ी समयसीमा ने संचालन की मुश्किलें और बढ़ा दीं. विपक्षी दलों और चुनाव विशेषज्ञों ने सवाल उठाया कि क्या बीएलओ गलतियों और चूक से बचते हुए तथा किसी पात्र मतदाता को प्रक्रिया की खामियों का शिकार हुए बिना इतनी कठिन जिम्मेदारियां निभा सकते थे. ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से 13.39 करोड़ नाम हटाए जाने के बाद ये अंदेशे और गहरे हो गए. इतने बड़े पैमाने पर मतदाताओं को सूची से बाहर किए जाने की पहले कोई मिसाल नहीं थी.
लापता करोड़ों का रहस्य
बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने का कारण पूछे जाने पर आयोग का जवाब थाः एएसडीडी. इस संक्षिप्त नाम में चार व्यापक श्रेणियां शामिल हैंः गैरहाजिर या जिनका पता नहीं चल सका (ए), घर बदल चुके (एस), दिवंगत (डी) और दूसरी सूचियों में भी दर्ज यानी दोहरा पंजीकरण (डी).
बाद में जारी आंकड़ों के मुताबिक, हटाए गए 13.39 करोड़ नामों में 3.01 करोड़ को गैरहाजिर या लापता, 6.3 करोड़ को घर बदल चुके, 2.8 करोड़ को दिवंगत और 1.02 करोड़ को दूसरी जगह भी पंजीकृत बताया गया. इसके अलावा, 26 लाख नाम ‘अन्य’ श्रेणी में रखे गए. इसमें वे मामले शामिल थे जो अलग-अलग प्रशासनिक कारणों से अनसुलझे रह गए.
जिन 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अंतिम मतदाता सूचियां प्रकाशित हो चुकी हैं, वहां ड्राफ्ट या प्रारूप सूची में मतदाताओं की संख्या 8.87 करोड़ घटी थी. अंतिम सूची में यह कमी घटकर 7.65 करोड़ रह गई. यानी प्रारूप और अंतिम सूचियों के बीच 1.22 करोड़ नाम जुड़े.
लेकिन इस बढ़ोतरी में नए पंजीकरण भी शामिल हैं, इसलिए जरूरी नहीं कि ये सभी पहले बाहर किए गए मतदाताओं के बहाल नाम हों. जिन सात राज्यों में प्रक्रिया अब भी जारी है, उनकी ड्राफ्ट सूची से हटाए गए 4.52 करोड़ नाम जोड़ने पर कुल कमी 12.17 करोड़ हो जाती है. इस तरह एसआइआर से पहले के 95.09 करोड़ नामों के मुकाबले अब करीब 82.92 करोड़ मतदाता बचते हैं.
दिवंगत या दो जगह पंजीकृत बताए गए 3.82 करोड़ नामों के मामले में आयोग का पक्ष सबसे मजबूत है. ऐसी प्रविष्टियां लंबे समय से मतदाता सूचियों पर बोझ बनी हुई हैं. 1984-85 से 1999 के बीच हुए छह चुनावों में पंजीकृत मतदाताओं की संख्या मतदान की उम्र वाली आबादी से ज्यादा थी. इससे मृत, दूसरी जगह जा चुके या दो जगह दर्ज मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में जमा होने का संकेत मिलता है.
हर साल करीब 93 लाख से एक करोड़ पंजीकृत वयस्कों की मृत्यु होती है, लेकिन 2024 के संक्षिप्त पुनरीक्षण में केवल 67.8 लाख मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए. चुनाव आयोग के पैरोकारों का तर्क है कि हर साल नाम हटाए जाने के मुकाबले 25 लाख से 35 लाख ज्यादा मतदाताओं की मृत्यु होती रही हो तो एक दशक में ऐसी 2.8 करोड़ पुराने नाम जमा हो सकते हैं.
इससे जुड़ा एक और सवाल है: मतदाता सूचियों के नियमित पुनरीक्षण के दौरान आयोग क्या कर रहा था? 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले आयोग ने तय प्रक्रिया के मुताबिक व्यापक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कराया था. नौ फरवरी, 2024 की अपनी रिपोर्ट में उसने घोषणा की कि बीएलओ के घर-घर जाकर पुष्टि करने के बाद करीब 1.658 करोड़ नाम हटाए गए.
इनमें 67.8 लाख मृत मतदाता, 75.1 लाख स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके या गैरहाजिर लोग और 22.1 लाख दोहरी प्रविष्टियां शामिल थीं. इसी दौरान 2.63 करोड़ से ज्यादा नए मतदाता जोड़े गए और देश में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 96.882 करोड़ हो गई. आयोग ने इसे मतदाता सूचियों की शुद्धता और विश्वसनीयता पक्की करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया था.
लेकिन मुश्किल से एक साल बाद एसआइआर की प्रारूप सूचियों से कहीं ज्यादा संख्या में नाम हटा दिए गए. तो क्या पहले की जांच पर्याप्त नहीं थी? या मौजूदा एसआइआर के पैमाने और प्रक्रियाएं इतनी अलग हैं कि उनमें वैसे मतदाता भी बाहर हो गए जो दरअसल पात्र थे?
जल्दबाजी में बिगड़ा काम
एसआइआर जिस बेतहाशा रफ्तार से कराया गया, वह चिंता की एक और वजह है. करीब साल भर में इस कवायद के तहत देश के 98 फीसद मतदाताओं को शामिल करने की कोशिश की गई. इससे पहले हुए गहन पुनरीक्षण की समयसीमा बिल्कुल अलग थी. बिहार में 2002-03 का पुनरीक्षण झारखंड, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पंजाब के साथ कराया गया था और इसमें 243 दिन लगे थे.
शुरुआती 74 दिन प्रशिक्षण, सर्वेक्षण और मतदान केंद्रों को व्यवस्थित करने में लगाए गए. इसके उलट, मौजूदा कवायद की शुरुआत करने वाले बिहार का 2025 का एसआइआर 24 जून से 30 सितंबर तक केवल 98 दिनों में पूरा कर लिया गया. मतदान में उस समय बमुश्किल पांच हफ्ते बचे थे.
प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों को व्यवस्थित करने और घर-घर जाकर मतदाताओं की गणना का काम सिर्फ 31 दिनों में समेट दिया गया. 27 अक्तूबर, 2025 को दूसरे चरण का आदेश जारी हुआ, जिसमें आयोग को 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 51 करोड़ मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच के लिए 90 दिनों से कुछ ही ज्यादा समय मिला.
आयोग ने इन आपत्तियों को “भ्रामक, गलत और अस्वीकार्य” बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से कहा कि 2003 में भी घर-घर जाकर गणना करने में करीब एक महीना ही लगा था. लेकिन मुद्दा केवल समय का नहीं था. यह गणना के तरीके और पात्रता साबित करने की जिम्मेदारी से भी उतना ही जुड़ा था. अनुच्छेद 326 भले मतदाता के रूप में पंजीकृत होने के अधिकार की गारंटी देता हो, लेकिन 2025 के एसआइआर ने सूची में बने रहने को इस शर्त से जोड़ दिया कि मतदाता अपनी पात्रता फिर से साबित करें.
2003 में गणनाकर्मी मौजूदा मतदाता सूचियां और मतदाता पहचानपत्र लेकर जाते थे, निवास और उम्र की पुष्टि करते थे और प्रविष्टियां खुद भरते थे. इस बार हर मतदाता को गणना फॉर्म लौटाना था और कई मामलों में दो दशक पुरानी मतदाता सूचियों से अपना रिश्ता साबित करना था. पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा का तर्क है कि इससे नाम शामिल करने की जिम्मेदारी उलटकर सरकार से नागरिक पर डाल दी गई.
पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओ.पी. रावत याद दिलाते हैं कि पहले बीएलओ घरों में जाते, उम्र की जांच करते और रिकॉर्ड खुद अपडेट करते थे. मौजूदा एसआइआर में परिवारों से दस्तावेजी सबूत पेश करने की उम्मीद की गई, जबकि मजदूरों, प्रवासियों और गरीबों को अक्सर पर्याप्त मदद नहीं मिली. यही वे तबके हैं जिनके पास जरूरी कागजात होने की संभावना सबसे कम है.
राज्यों के चयन और कवायद के समय ने संदेह और बढ़ाया. नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव से पूर्व सबसे पहले बिहार में इसे शुरू किया गया. दूसरे चरण में पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल और पुदुच्चेरी को शामिल किया गया—अप्रैल-मई 2026 में चुनाव वाले पांच में से चार राज्य और केंद्रशासित प्रदेश. तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब, उत्तराखंड और मणिपुर जैसे राज्य शामिल हैं, जहां 2027 की शुरुआत में चुनाव होने हैं.
2002-03 से इसकी तुलना काफी कुछ स्पष्ट करती है. उस पुनरीक्षण के शुरू होने से तीन महीने पहले उत्तर प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड में मतदान हो चुका था, जबकि मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में दिसंबर 2003 में चुनाव हुए. इस तरह अगले चुनावों से पहले उनकी मतदाता सूचियों को व्यवस्थित होने का पर्याप्त समय मिला.
विपक्षी दलों का कहना है कि अहम चुनावों के ठीक पहले कराने के बजाए दो चुनावों के बीच एसआइआर तय करने से आयोग को कोई नुक्सान नहीं होता. उनका आरोप है कि आयोग मोदी सरकार के इशारे पर काम कर रहा है. आयोग इस आरोप को खारिज करता है.
सॉफ्टवेयर का अड़ंगा
यही नहीं, आयोग को कुछ और सवालों के जवाब भी देने होंगे. एसआइआर जल्दी पूरा करने की कोशिश में आयोग ने ईसीआइनेट की स्वचालित प्रक्रियाओं पर बहुत ज्यादा भरोसा किया. यह मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूचियों और चुनाव से जुड़े दूसरे कामकाज के प्रबंधन का उसका एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म है.
मगर तकनीक पर निर्भरता ने अपनी अलग गलतियां पैदा कीं. तेलंगाना के 3.38 करोड़ मतदाताओं में से 73 लाख—यानी 21.7 फीसद—के नाम 17 अगस्त की प्रारूप सूची से गायब थे. इनमें ज्यादातर को गैरहाजिर या घर बदल चुका बताया गया. हैदराबाद के मलकपेट और याकूतपुरा विधानसभा क्षेत्रों में हटाए गए नामों की संख्या 2023 के विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों से भी ज्यादा थी.
मतदाता सूचियों का प्रबंधन करने वाले सॉफ्टवेयर ईआरओनेट ने नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 के ऐसे आवेदन तैयार किए जिनमें ईआरओ को ही आपत्तिकर्ता बताया गया था. ड्राफ्ट सूची प्रकाशित होने से पहले मोबाइल ऐप से भी नाम हटाए गए.
मतदाता पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21ए के तहत ईआरओ को अपने स्तर पर नाम हटाने की कार्रवाई शुरू करने का अधिकार है. लेकिन प्रस्तावित कटौतियों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करना, आपत्तियों पर विचार करना और मतदाता को सुनने के लिए उचित प्रयास करना जरूरी है. नियम 16 से 20 में फॉर्म 7 के जरिए आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया तय है, जिसमें फॉर्म 10 में उसका प्रकाशन भी शामिल है.
फिर भी कई विधानसभा क्षेत्रों में नाम हटाने से पहले एएसडीडी के तहत बाहर किए जाने वाले मतदाताओं की सूची तय प्रक्रिया के मुताबिक प्रदर्शित नहीं की गई. उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने पुष्टि की कि अधिकारियों के हस्ताक्षर वाले, सॉफ्टवेयर से तैयार नाम काटने के 87,127 आवेदनों पर दावे पेश करने की समयसीमा खत्म होने के बाद कार्रवाई की गई. एसआइआर के दिशा-निर्देशों के मुताबिक जरूरी होने के बावजूद इसके कारण दर्ज नहीं किए गए.
डिजिटल रिकॉर्ड और जमीनी हकीकत के बीच फासला भी उतना ही परेशान करने वाला रहा. तेलंगाना वोटर राइट्स फोरम ने अक्तूबर में ऑडिट किया तो पाया कि मुशीराबाद में नाम काटने के लिए चिह्नित 95 लोगों में से 42 अब भी मतदाता सूची में दर्ज पते पर रह रहे थे. उत्तर प्रदेश में तैनात एक सैनिक को सिकंदराबाद छावनी स्थित उसके घर पर लापता बताया गया.
एक प्रोफेसर को इसलिए नोटिस मिला क्योंकि उसके जुड़वां बेटों की जन्मतिथियों ने सॉफ्टवेयर में विसंगति पैदा कर दी थी. हैदराबाद की तीन विधानसभा सीटों में मृत बताए गए करीब 60 लोगों ने अपने नाम बहाल करने के लिए आवेदन किया. इनमें एक की उम्र महज 24 वर्ष थी. राजस्थान में एसआइआर के दौरान मृत घोषित किए गए करीब 8.75 लाख मतदाताओं में से 1,82,440 के नाम केवल चार दिन बाद संशोधित पंचायत मतदाता सूचियों में मौजूद थे.
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में 55 मतदान केंद्रों के स्वतंत्र ऑडिट में 2,691 ऐसी प्रविष्टियां मिलीं जिनमें मतदाताओं की पहचान बदल दी गई थी, लेकिन उनके ईपीआइसी (एपिक) नंबर वही रहे. प्रभावित सभी मतदाता मुसलमान थे. अकेले 19 अगस्त को केवल 7.4 मिनट में ऐसे 656 बदलाव किए गए. आयोग ने 31 अक्तूबर को दो ईआरओ के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया, लेकिन अब तक यह नहीं बताया कि उसके सिस्टम ने बिना पुष्टि इस तरह के बदलाव होने कैसे दिए.
हाल ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे पक्ष से यही चिंता उठाई. उन्होंने करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के छूटने की बात कही, जिनमें कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी और 18-19 वर्ष के युवा मतदाता शामिल थे. उनके नाम पंचायत रिकॉर्ड में थे, लेकिन चुनाव आयोग की सूचियों से गायब थे. राज्य सरकार ने आयोग से पात्र लोगों के नाम बहाल करने को कहा है.
पश्चिम बंगाल दिखाता है कि एसआइआर की गलतियों के ऐसे नतीजे हो सकते हैं जिन्हें फिर पलटा न जा सके. राज्य की ड्राफ्ट सूची से 58 लाख नाम बाहर कर दिए गए थे, जो पिछले मतदाता वर्ग का 7.6 फीसद था. हटाए गए नामों में मृत मतदाताओं की हिस्सेदारी 41.5 फीसद थी—बड़े राज्यों में सबसे ज्यादा.
इसके बाद सॉफ्टवेयर ने 1.36 करोड़ मतदाताओं को ‘तार्किक विसंगतियों’ के तहत चिह्नित किया. इनमें पिता के नाम की गलत वर्तनी, माता-पिता और संतान के बीच उम्र का अंतर 15 वर्ष से कम या 50 वर्ष से ज्यादा होना और किसी एक माता या पिता से छह या ज्यादा बच्चों के जुड़े होने जैसे मामले शामिल थे.
करीब 60 लाख मामले फैसले के लिए भेजे गए. न्यायिक अधिकारियों ने आखिरकार 32.7 लाख मतदाताओं को पात्र और 27.2 लाख को अपात्र पाया. प्रकाशित सूची में मतदाताओं की संख्या ड्राफ्ट चरण के करीब 7.08 करोड़ से घटकर 7.046 करोड़ और फिर सुनवाई के बाद लगभग 6.774 करोड़ रह गई.
हाइकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की अध्यक्षता वाले अपीलीय न्यायाधिकरणों ने 13 अप्रैल को ही काम शुरू किया. मई के विधानसभा चुनाव से पहले वे केवल 1,607 नाम बहाल कर सके. चुनाव के बाद जिन अपीलों पर फैसला हुआ, उनमें 80 से 91 फीसद मामलों में नाम वापस सूची में जोड़े गए.
इतनी बड़ी संख्या में अपीलें सफल होने से शुरुआती कटौतियों की शुद्धता पर गंभीर सवाल उठे. जिन लोगों के नाम मतदान के बाद बहाल हुए, वे उस चुनाव में वोट देने का मौका पहले ही गंवा चुके थे—और वह चुनाव दोबारा नहीं कराया जा सकता.
ईसीआइनेट की बेरहमी खुद चुनाव अधिकारियों के सामने भी आ गई. महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एस. चोकलिंगम ने 24 सितंबर को आयोग को लिखा कि यह सिस्टम ईआरओ को वे अधिकार इस्तेमाल करने से रोक रहा है जो कानून पहले ही उन्हें देता है.
उन्होंने चार बदलाव मांगे—गैरजरूरी सुनवाई से छूट देने, नोटिस में बताए गए 13 दस्तावेजों से अलग कागजात स्वीकार करने, तार्किक विसंगतियों वाले मामलों को जिला अधिकारियों के पास अपने-आप भेजने के बजाए ईआरओ को फैसला करने देने और पिछले एसआइआर की सूची का गैरजरूरी अंश अपलोड करने की शर्त हटाने की अनुमति.
आयोग ने 26 सितंबर को सुनवाई से छूट की इजाजत दी और बाद में चारों बदलाव मंजूर कर लिए. आयोग ने 14 अक्तूबर को आइआइटी बंबई और आइआइएससी बेंगलूरू के विशेषज्ञों वाली ईसीआइनेट ऑडिट समिति बनाने की घोषणा की. लेकिन घटना के बाद होने वाले ऑडिट को रोकथाम के बजाए नुक्सान का आकलन करने की कवायद माना जा सकता है.
फॉर्मों में उलझी जिंदगी
मतदाता अभी सूची से अपना नाम बाहर होने के सदमे से उबरे भी न थे कि एक और दु:स्वप्न शुरू हो गयाः मतदाता सूची में नाम वापस जुड़वाने का. भारतीय मतदाताओं को सूची में नाम दर्ज कराने या बदलाव के लिए तीन फॉर्म भरने होते हैं: पहली बार पंजीकरण के लिए फॉर्म 6, आपत्ति और नाम हटाने के लिए फॉर्म 7 तथा विवरण सुधारने या पता बदलने के लिए फॉर्म 8. फिर भी जिन मतदाताओं के नाम एसआइआर से पहले सूची में थे, लेकिन ड्राफ्ट मतदाता सूची से गायब मिले, उन्हें फॉर्म 6 भरने को कहा गया.
इसका मतलब था कि दशकों से वोट डाल रहे लोगों को खुद को पहली बार आवेदन करने वाला घोषित करना पड़ा. जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 31 के तहत गलत घोषणा के लिए उन्हें एक साल तक की कैद का खतरा भी था. कुछ आवेदकों को नए एपिक नंबर तक जारी कर दिए गए, लेकिन इससे उनका पुराना चुनावी रिकॉर्ड खत्म हो गया. कुछ दूसरे लोगों ने दोबारा आवेदन ही नहीं करने का फैसला किया.
आखिरकार यह मामला अदालतों तक पहुंचा. दिल्ली हाइकोर्ट ने 14 अक्तूबर को इस अंदेशे को खारिज किया कि ऐसे आवेदकों पर मुकदमा चलाया जाएगा. वहीं सुप्रीम कोर्ट ने सवाल किया कि पहले से पंजीकृत मतदाताओं के साथ पहली बार आवेदन करने वालों जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है? आयोग ने तीन नवंबर को सभी राज्यों को निर्देश दिया कि पहले से पंजीकृत किसी मतदाता पर केवल फॉर्म 6 दाखिल करने के कारण कोई ईआरओ मुकदमा नहीं चला सकता.
इससे पहले 21 अक्तूबर को आयोग ने ऑनलाइन फॉर्म 6 से वह घोषणा हटा दी थी जिसमें आवेदकों को पिछले एसआइआर की मतदाता सूची से अपना पारिवारिक रिश्ता साबित करना पड़ता था. इस घोषणा को अलग दस्तावेज बना दिया गया, हालांकि जिन राज्यों में एसआइआर चल रहा था वहां यह शर्त जारी रही. चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने आपत्ति जताई थीः वैधानिक फॉर्म में ऐसी घोषणा जोड़ने के लिए नियमों में औपचारिक संशोधन जरूरी है.
फॉर्म 7 एक और विवाद का केंद्र बना. पश्चिम बंगाल में आयोग के सॉफ्टवेयर ने फॉर्म 7 की 5,38,320 प्रविष्टियां तैयार कीं, जबकि मतदाताओं और राजनैतिक दलों ने करीब 1,02,000 आपत्तियां दाखिल की थीं. अलग से 16.1 लाख अपीलों में उन मतदाताओं को सूची में शामिल करने को चुनौती दी गई जिन्हें न्यायिक अधिकारी पहले ही पात्र ठहरा चुके थे. इनमें 12 लाख से ज्यादा अपीलों पर दाखिल करने की एक ही तारीख—5 अप्रैल—दर्ज थी, यानी मतदाता सूचियां स्थिर किए जाने से ठीक पहले.
इससे चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू ने सवाल उठाया कि दूसरे चुनाव आयुक्तों या राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की जानकारी के बिना इन्हें दाखिल करने की अनुमति किसने दी और इन्हें दाखिल किसने किया. आयोग ने 26 अक्तूबर के हलफनामे में कहा कि राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अधिकारियों ने सुप्रीम कोर्ट से मिली शक्तियों के तहत कार्रवाई की थी. आयोग ने यह भी कहा कि यह मामला “आयोग के संज्ञान में नहीं लाया गया था.” ये अपीलें अब भी लंबित हैं.
‘घुसपैठियों’ की तलाश
अहम बात यह है कि चुनाव आयोग ने एसआइआर को केवल मतदाता सूचियों की प्रामाणिकता जांचने की कवायद नहीं, बल्कि घुसपैठियों की तलाश के रूप में भी पेश किया था. बिहार में इसकी शुरुआत के समय आयोग के अधिकारियों ने कहा कि मैदानी कर्मचारियों को मतदाता सूचियों में बांग्लादेश, नेपाल और म्यांमार के लोग मिले हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी यही दलील बार-बार दे चुके हैं. उन्होंने दो नवंबर को हैदराबाद में ‘गैरहाजिर या जिनका पता नहीं चला’ श्रेणी के 3.01 करोड़ मतदाताओं को बांग्लादेशी घुसपैठियों से जोड़ा. लेकिन इस बयानबाजी के समर्थन में प्रमाण सामने नहीं आए.
आयोग के सूत्रों के मुताबिक, ‘गैरहाजिर या जिनका पता नहीं चला’ का सीधा मतलब यह है कि बीएलओ ने मतदाता के दर्ज पते पर तीन बार जाकर पड़ोसियों और राजनैतिक दलों के बूथ एजेंटों से पूछताछ की, लेकिन यह पता नहीं लगा सका कि वह व्यक्ति कहां गया. इस वर्गीकरण से उसकी नागरिकता के बारे में कुछ पता नहीं चलता. यही नहीं, एएसडीडी की कोई श्रेणी भी किसी व्यक्ति की पहचान विदेशी नागरिक के रूप में नहीं करती.
इसी तरह ‘अन्य’ श्रेणी में रखे गए 26 लाख मतदाताओं के बारे में भी तस्वीर साफ नहीं है. नागरिकता पर संदेह के कुछ मामले सक्षम अधिकारियों के पास भेजे गए, लेकिन इस श्रेणी में बिना हस्ताक्षर वाले, स्वीकार न किए गए या देरी से जमा गणना फॉर्म और अपना नाम हटाने का अनुरोध करने वाले मतदाता भी शामिल हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने 27 मई को चुनाव आयोग को निर्देश दिया था कि संदिग्ध नागरिकता के आधार पर हटाए गए लोगों के नाम चार हफ्ते के भीतर उपलब्ध कराए जाएं. पांच महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद ऐसी कोई सूची केंद्र सरकार तक नहीं पहुंची है. घुसपैठियों की पहचान को एक प्रमुख वजह बताकर शुरू की गई इस कवायद से अब तक मतदाता सूचियों में कथित रूप से देशभर में मिले ऐसे लोगों की संख्या तक सामने नहीं आई है.
सुप्रीम कोर्ट इस पूरी कवायद पर लगाम लगाने वाली मुख्य संस्थागत शक्ति बनकर उभरा है. अगस्त 2025 में अदालत ने आयोग को बिहार में बाहर किए गए करीब 65 लाख मतदाताओं का विवरण और उन्हें हटाने के कारण सार्वजनिक करने के लिए बाध्य किया. इससे पहले आयोग का कहना था कि वह कानूनन इनके नाम प्रकाशित करने के लिए बाध्य नहीं.
आठ सितंबर, 2025 को अदालत ने आयोग को आधार को 12वें पहचान दस्तावेज के रूप में स्वीकार करने का निर्देश दिया. बाद में उसने पहले से पंजीकृत मतदाताओं को नए मतदाता की तरह आवेदन करने की शर्त पर भी सवाल उठाया. अदालत ने 27 मई को संदिग्ध नागरिकता के आधार पर हटाए गए नामों की सूची भी मांगी थी, जो अब तक नहीं दी गई है.
अदालत की चिंताओं के बाद ही आयोग ने छह नवंबर को उन सात राज्यों में गणना दोबारा शुरू करने का फैसला किया जहां यह कवायद अधूरी थी. फिर भी मतदाता सूचियों में गंभीर विसंगतियों और खास वर्गों के मतदाताओं को निशाना बनाए जाने के आरोपों के बावजूद अदालत ने चुनाव आयोग को बिहार और बंगाल में चुनाव कराने की अनुमति दे दी.
अदालत के दखल से भी अब तक मूल सवाल का जवाब नहीं मिला है: कितने पात्र मतदाताओं को गलत ढंग से बाहर किया गया और उनमें से कितनों के नाम सूची में वापस आ पाएंगे? प्रारूप मतदाता सूचियों से हटाए गए 13.39 करोड़ नामों में कुछ कटौतियों की वजह मृत्यु, दोहरा पंजीकरण और घर बदलना हो सकती है. लेकिन अंतिम सूची प्रकाशित होने के बाद भी करोड़ों पात्र नागरिक बाहर हैं.
24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 7.65 करोड़ नामों की शुद्ध कटौती की बारीकी से जांच जरूरी है. यही बात उन सात राज्यों की प्रारूप सूचियों से अब भी गायब 4.52 करोड़ नामों पर लागू होती है जहां कवायद जारी है. जिस भी नागरिक का नाम गलत तरीके से हटाया गया है, उसे मतदाता सूची में नाम बहाल कराने का निष्पक्ष और आसान मौका मिलना चाहिए.
जब तक चुनाव आयोग यह साबित नहीं कर देता कि किसी भी पात्र मतदाता को इस अवसर से वंचित नहीं किया गया, तब तक एसआइआर इतिहास में उस क्षण के रूप में दर्ज होने का जोखिम उठाता रहेगा जब भारतीय लोकतंत्र ने एक कदम पीछे खींचा था.