किसकी सवारी करता है इंडिया

कामकाज, इलाज और सैर-सपाटे के लिए सफर के भारतीयों के तौर-तरीके बदल रहे. हाल में आए दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सर्वेक्षणों ने किया इसका खुलासा. इसमें हमारे परिवहन और पर्यटन संबंधी इन्फ्रास्ट्रक्चर की खामियां भी हुईं उजागर

cover story
इलस्ट्रेशन: नीलांजन दास / एआई

आर्थिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर विकास के लंबे सफर में देश ने कई बड़े बदलाव देखे हैं. तेज रफ्तार  नेटवर्क और मेट्रो का विस्तार, निजी विमानन क्षेत्र का कायापलट और मल्टी-लेन राजमार्गों का फैलता जाल हममें से कई लोगों के सामने तैयार हुआ है. इसे हमने अक्सर उम्मीद से देखा.

मगर इसके रास्ते में आने वाली अड़चनों, देरी और गलत आकलन ने कई बार निराश भी किया. यह एहसास हर तरफ रहा है कि गिरते-पड़ते ही सही, बड़ा बदलाव हो रहा है. लेकिन यह साफ नहीं था कि इस तरह के बदलावों ने देश के लोगों की आवाजाही या पर्यटन-सैर-सपाटे में असलियत में कितना फर्क पैदा किया है.

अब देशभर में लाखों लोगों की राय जानने वाले दो बड़े सर्वेक्षणों से तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है. उसमें एक, अक्तूबर में जारी राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण (एनएचटीएस) में 4.92 लाख परिवारों से संपर्क किया गया. दूसरा, सितंबर में आया घरेलू पर्यटन व्यय सर्वेक्षण (डीटीईएस) 2026 है, जिसका नमूना आधार 2,46,113 परिवारों का था.

करीब एक दशक पहले हुए सर्वेक्षण को आधार बनाने के कारण डीटीईएस से समय के साथ आए बदलाव की झलक भी मिलती है. दोनों मिलकर देश के लोगों की आवाजाही और सैर-सपाटे के बारे में आंकड़ों का अकूत खजाना पेश कर देते हैं.

मसलन, लोगों के पसंदीदा परिवहन साधन क्या हैं, यात्रा की वजहें क्या-क्या हैं, और सफर में कितना वक्त और खर्च लगता है, जिसे वे अपनी मर्जी से या मजबूरी में चुकाते हैं.

लिहाजा, पता चलता है कि परिवहन के ज्यादा चमकदार साधन—हवाई जहाज और मेट्रो—सड़कों पर रबड़ के पहियों पर दौड़ते वाहनों के मुकाबले अब भी खास अहमियत नहीं रखते. शायद इन सर्वेक्षणों से उभरती सबसे बड़ी होड़ निजी वाहनों और बसों के बीच इस बात की है कि आखिर देश का पसंदीदा परिवहन साधन कौन है.

इसलिए हमारे शहर और राजमार्ग योजनाकार इन दोनों के लिए बुनियादी ढांचे को कैसी प्राथमिकता देते हैं, उसी के दूरगामी नतीजे होंगे. सर्वेक्षणों का दूसरा चौंकाने वाला निष्कर्ष तीर्थ और धार्मिक यात्राओं का विशाल पैमाना तथा तेज बढ़ोतरी है.

ये कम खर्च वाले पर्यटन की बड़ी ताकत हैं, जिसमें यात्रियों की संख्या बहुत ज्यादा पर खर्च कम है. अगले पन्नों में खुलने वाली तस्वीर जटिल हैः हम आज कहां हैं और किस दिशा में बढ़ रहे हैं. यह आगे की राह पर सोचने और जरूरी हो तो दिशा बदलने का मौका भी देती है.

Read more!