देश का मिजाज सर्वेक्षणः साफ तौर पर बंटी राय
लोगों का मानना है कि सरकार भ्रष्टाचार को रोकने, महिलाओं की सुरक्षा के लिए सही माहौल बनाने और मादक द्रव्यों के सेवन को रोकने की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठा रही

भीड़ का अपना कानून फरवरी 2020 में दिल्ली के जाफराबाद में सीएए विरोधी और समर्थक सड़क पर आमने-सामने
भारत में लोकतंत्र खतरे में है? या सुरक्षित है? इंडिया टुडे के देश का मिज़ाज सर्वेक्षण के मुताबिक, इस मुद्दे पर राय बंटी हुई है. एक बड़ा हिस्सा मानता है कि लोकतंत्र खतरे में नहीं, वहीं बहुत-से लोग इससे उलट राय रखते हैं. इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छवि एक असाधारण नेता की बनी हुई है, एक ऐसा नेता जो स्वदेशी भाव के साथ शासन करना जानता है और इस प्रकार लोकलुभावन और राष्ट्रवादी भावनाओं को बल देता है—यह सब एक चुने हुए अधिनायक के खांचे में फिट बैठता है. यह एक विश्वव्यापी रुझान बनता जा रहा है.
लोकलुभावन विमर्श का आकलन करने वाले ग्लोबल पॉपुलिज्म डेटाबेस के मुताबिक, आज दुनिया भर में थोड़े कम लोकलुभावनवादी, लोकलुभावनवादी, या अति लोकलुभावनवादी नेता करीब दो अरब लोगों पर शासन कर रहे हैं. सहस्राब्दि के शुरू में यह संख्या मात्र 13 करोड़ थी. इस रिसर्च में मोदी को लोकलुभावनवादी वाली श्रेणी में रखा गया है. विश्लेषकों को लगता है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास की कमी के चलते ही अनुदारवादी प्रवृत्तियों में इजाफा हो रहा है.
भ्रष्टाचार का मुद्दा
शायद सबसे चिंताजनक बात यह है कि लगभग 76 प्रतिशत लोग मानते हैं कि देश में भ्रष्टाचार बढ़ गया है. हालांकि मोदी सरकार ने अब तक कोई ऐसा बहुत बड़ा घोटाला जाहिर नहीं होने दिया है, जिसके चलते पिछली यूपीए सरकार हिल गई थी. उत्तरदाताओं के मुताबिक, राजनेता सबसे ज्यादा भ्रष्ट (39 प्रतिशत) हैं, जिसके बाद पुलिस (20 प्रतिशत), सरकारी अधिकारी (14 प्रतिशत) और डॉक्टर (5 प्रतिशत) का नंबर आता है. पत्रकारों और वकीलों (प्रत्येक 4 प्रतिशत) का भी स्थान कोई अच्छा नहीं है. बहरहाल, 88 प्रतिशत उत्तरदाताओं के नजर में समाचारों के लिए अखबार, पत्रिकाएं और टेलीविजन सबसे भरोसेमंद माध्यम है, जबकि सोशल मीडिया का स्थान बहुत नीचे है.
प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने घोषणा की थी, ''न खाऊंगा, न खाने दूंगा'' और खुद को देश की दौलत का 'चौकीदार' बताया था. लेकिन बहुतों को लगता है कि वह अपने वादे को बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं. पहली बार जब लोकपाल कानून बनाने की जरूरत महसूस की गई थी उसके बाद से उसे बनाने में करीब आधा दशक लग गया. लोकपाल कानून पर राष्ट्रपति की मंजूरी मिले हुए छह साल से ज्यादा हो चुके हैं, लेकिन इस संस्था ने भ्रष्टाचार रोकने की दिशा में अब तक कोई महत्वपूर्ण भूमिका नहीं निभाई है. पांच साल से ज्यादा समय से इसका कोई सदस्य या चेयरपर्सन नियुक्त नहीं हुआ है. सरकार का कहना है कि 2014 के लोकसभा चुनाव के बाद किसी को विपक्ष के नेता की मान्यता नहीं मिल पाई है, इसलिए लोकपाल के सदस्यों का चुनाव करने वाली समिति गठित नहीं हो पाई है.
इस स्थिति का समाधान लोकसभा में विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी के नेता को मान्यता देकर या संशोधन के जरिए बड़े आराम से निकाला जा सकता था जैसा कि सीबीआइ के निदेशक का चयन करने के लिए चयन समिति बनाने के मामले में किया गया था. लेकिन सरकार ने इस उपाय को छिपा लिया. इतना ही नहीं, सरकार ने जन सेवाओं में भी सुधार लाने की दिशा में विफल रही है जबकि इन सेवाओं में भ्रष्टाचार की बहुत ज्यादा संभावना रहती है जैसे कि पब्लिक स्कूल, पब्लिक अस्पताल, अदालतें, यातायात, आवास, भूमि रिकॉर्ड, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं और पुलिस. बहरहाल, इस सरकार ने भ्रष्टाचार विरोधी कानूनों को अपडेट किया और अपने काला धन की तीन योजनाओं के तहत 76,000 करोड़ रु. की घोषणाएं कराने में सफल रही. ये योजनाएं थीं—आयकर घोषणा योजना, 2016, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, 2016 और काला धन (अघोषित विदेशी आय एवं संपत्ति) एवं आयकर कानून अधिरोपण, 2015.
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा
भारत में सुरक्षा के बारे में लोगों की धारणाएं क्षेत्र के हिसाब से अलग-अलग हैं लेकिन जिन लोगों से सवाल पूछे गए, उनमें से करीब आधे लोगों (51 प्रतिशत) का मानना था कि देश में कानून और व्यवस्था की हालत में सुधार हुआ है और एक बड़ा हिस्सा (45 प्रतिशत) मानता है कि भारत महिलाओं के लिए सुरक्षित जगह बन गया है. महत्वपूर्ण बात यह है कि उत्तर और दक्षिण भारत में महिलाओं की सुरक्षा के बारे में लोगों की राय एकदम उलट है. दक्षिण के उत्तरदाताओं की राय नहीं बदली है. गौरतलब है कि दक्षिण में कर्नाटक को छोड़कर भाजपा का कहीं राज नहीं है. इसके अलावा, 89 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि भारत में नशीली दवाओं का सेवन गंभीर खतरा बनता जा रहा है.ट
भरोसे का मामला
देश का मिज़ाज के सर्वेक्षण में एक अन्य रुझान यह दिखाता है कि धर्म सामाजिक बाधा नहीं बन रहा है. उत्तरदाताओं की बड़ी संख्या (70 प्रतिशत) को लगता है कि भारत में समान आचार संहिता लागू होनी चाहिए. देश का मिज़ाज सर्वेक्षण 2021 में पाया गया कि अगस्त 2020 के सर्वेक्षण के मुकाबले 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 53 प्रतिशत लोग नागरिकता संशोधन कानून 2019 के पक्ष में हैं. यह धारणा कि यह कानून कुछ धर्मों के साथ भेदभावपूर्ण है, 15 प्रतिशत से घटकर 9 प्रतिशत हो गई है. यह विचार कि भारत को किसी भी धर्म के अवैध प्रवासियों नागरिकता नहीं देनी चाहिए, उसमें भी गिरावट आई है. हालांकि दूसरे धर्म में शादी के मामले में हिंदू और मुस्लिम दोनों में विरोध करने वालों की संख्या (54 प्रतिशत) ज्यादा है, जबकि 41 प्रतिशत का मानना है कि यह व्यक्ति की निजी पसंद होनी चाहिए.
यही वजह है कि बड़ी संख्या (54 प्रतिशत) में लोगों का मानना है कि हिंदू लड़कियों को मुसलमान बनाने के लिए ''लव जेहाद'' की साजिश की जा रही है और बड़ी संख्या (58 प्रतिशत) में लोग दूसरे धर्म में शादी को रोकने वाले कानूनों का समर्थन करते हैं. सर्वेक्षण दिखाता है कि हिंदू जहां इस तरह के कानूनों का समर्थन करते हैं, वहीं मुसलमान इसके विरोध में हैं. उदाहरण के लिए, उत्तर प्रदेश में जनवरी के मध्य तक पुलिस उत्तर प्रदेश प्रोहिबिशन ऑफ अनलॉफुल कन्वर्जन ऑफ रिलीजन ऑर्डिनेंस, 2020 के तहत 17 मामले दर्ज कर चुकी है.
इनमें से 14 मामले हिंदू महिला और मुस्लिम पुरुष को लेकर व्यक्तिगत संबंधों, शादियों और घर से भाग जाने जुड़ा है, वहीं तीन मामलों—आजमगढ़, शाहजहांपुर और गौतमबुद्ध नगर—में हिंदुओं और ईसाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है. इनमें ईसाइयों पर लोगों को ईसाई धर्म में बदलने का आरोप लगाया गया है. इस तरह के दो मामलों में शिकायत करने वाले सीधे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़े हैं.