अस्त हुआ मुंबई का एक सितारा

इस अभिनेता की मृत्यु ने फिल्म उद्योग के लिए मुश्किलों का ऐसा पिटारा खोला कि तब से उस पर भाई-भतीजावाद के नाम पर गंभीर हमलों और नशीली दवाओं के खुल्लम-खुल्ला दुरुपयोग के आरोपों का सिलसिला जारी है

चमकता तारा सुशांत सिंह राजपूत 2016 में इंडिया टुडे माइंड रॉक्स समिट में
चमकता तारा सुशांत सिंह राजपूत 2016 में इंडिया टुडे माइंड रॉक्स समिट में

अमूमन किसी मशहूर शख्स की असमय मौत की परिणति दुख, श्रद्धांजलि और किसी हद तक आत्मावलोकन के रूप में होती है. पर पिछली 14 जून को सुशांत सिंह राजपूत की मौत—जिसे मुंबई पुलिस ने आत्महत्या बताया, केंद्रीय जांच ब्यूरो इसकी जांच कर रही है—के बाद सामान्य प्रतिक्रियाएं व्यापक रोष, अफवाहों और अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के विरुद्ध कसैले मीडिया ट्रायल के बीच दरकिनार हो गईं.

ऑनलाइन हंगामे के बाद मुंबई पुलिस की जांच ही निशाने पर आ गई और एक राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त अभिनेत्री ने (एक भड़काऊ टीवी न्यूज ऐंकर की मदद से) ''मूवी माफिया'' और महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ अभियान छेड़ दिया. बिहार विधानसभा के चुनाव आए तब तक इसी राज्य से आए सुशांत के लिए 'न्याय' की मांग का नारा वोट-खींचू मुद्दा नहीं रह गया.

प्रवर्तन निदेशालय से लेकर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो तक, कई जांच एजेंसियों को मामले में खींच लाने वाले हंगामे के बीच पटना के बुद्धिमान और शर्मीले लड़के की वह प्रेरक कहानी खो गई जिसमें अभिनेता बनने के लिए वह दिल्ली में इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ कर मुंबई चला आया था. टेलीविजन से शुरुआत करते हुए वह ''बाहरी आदमी'' सफल हुआ, फिर बॉलीवुड में किस्मत आजमाने के लिए टेलीविजन को तब छोड़ दिया जब वह लोकप्रियता के चरम पर था. केवल एक फिल्म के अनुभव वाले इस कलाकार को यश राज फिल्म्स ने साइन किया था.

कुल आठ साल के सिनेमाई करियर में सुशांत के खाते में एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी और छिछोरे जैसी हिट फिल्में हैं. मरणोपरांत ऑनलाइन रिलीज हुई उसकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा ने करोड़ों दर्शकों को आकर्षित किया. अभिनेता बनने की आकांक्षा पालने वाले अनगिनत युवाओं के लिए वे इस बात का प्रमाण थे कि किसी गॉडफादर या फिल्मी खानदान से रिश्ते के बगैर भी कोई फिल्म उद्योग में सफल हो सकता है.

लेकिन लाइक्स और टीआरपी को सर्वोच्च मानने के इस दौर में उनकी सफलता ज्यादा लोगों का ध्यान खींचने वाली कहानी न होती. दूसरी ओर, उसकी दुखद मृत्यु में एक स्कैंडल था जिसे घरों में बंद लोगों को तृप्त करने के लिए मनमर्जी तोड़ा-मरोड़ा जा सकता था.

महीनों तक लाखों परिवार इस रियलिटी शो में उलझे रहे जिसमें तथ्यों की अनदेखी करते हुए सुशांत की मृत्यु के पीछे कोई साजिश होने की कहानी को आगे बढ़ाया गया. बताते हैं, सुशांत मीडिया में अपने जीवन के बारे में अटकलों को लेकर चिंतित रहते थे. केवल कल्पना ही की जा सकती है कि अपनी मृत्यु पर हुए अपमानकारी तमाशे के बारे में उन्हें कैसा महसूस होता.

Read more!