सुर्खियों के सरताजः गंवा दिया सम्मान
कभी भारतीय बैंकिंग सेक्टर के उभरते सितारे रहे कपूर को ईडी ने धनशोधन के आरोपों में इस साल 8 मार्च को गिरफ्तार कर लिया

येस बैंक के सह-संस्थापक राणा कपूर के मातहत इस बैंक ने 'हर पल यहां खुलकर जियो' के सिद्धांत पर काम किया. बस फिर क्या था, बैंक की लोन बुक बीते एक दशक में 10 गुना बढ़कर 2.24 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई. पर आरबीआइ (भारतीय रिजर्व बैंक) ने इस साल 5 मार्च को येस बैंक पर मोरेटोरियम लगा दिया और खाताधारकों के 50,000 रुपए से ज्यादा निकालने पर रोक लगा दी.
बैंक का बोर्ड भी हटा दिया गया और उसकी कमान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआइ) के पूर्व चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर प्रशांत कुमार को सौंप दी गई. आरबीआइ ने कहा कि ये कार्रवाइयां जरूरी हो गई थीं क्योंकि येस बैंक कर्जों के संभावित तौर पर डूबने की भरपाई के लिए पूंजी जुटाने में नाकाम रहा. इस कारण डाउनग्रेड की नौबत आई जिससे निवेशक बॉन्ड अनुबंध लागू करने की गुहार करने लगे और खाताधारक ताबड़तोड़ रकम निकालने लगे.
फिर, 8 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कपूर को करीब 4,300 करोड़ रुपए के धनशोधन के आरोपों में गिरफ्तार कर लिया. ईडी ने आरोप लगाया कि कपूर ने दीवान हाउसिंग फाइनेंस कॉर्पोरेशन (डीएचएफएल) के कपिल और धीरज वाधवान के साथ मिलकर साजिश की.
आरोप है कि कपूर की अगुआई में येस बैंक ने 2018 में डीएचएफएल के 3,700 करोड़ रुपए के डिबेंचर्स खरीदे, जिसके बाद डीएचएफएल ने डूइट अर्बन वेंचर्स को, जिसमें कपूर की बेटियां डायरेक्टर हैं, 600 करोड़ रुपए के कर्ज की मंजूरी दे दी.
यह कर्ज पर्याप्त जमानत के बगैर दिया गया. सीबीआइ ने इस साल जून में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के प्रावधानों के तहत कपूर और अन्य लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया. ईडी ने 3 दिसंबर को कॉक्स ऐंड किंग्स कंपनी से जुड़े धनशोधन के एक और मामले में आरोपपत्र दाखिल किया और इसमें भी राणा कपूर तथा कई अन्यों के नाम हैं.