सुर्खियों के सरताजः राजधानी में राज

आप ने दो राष्ट्रीय दलों को हराकर 2015 की जीत को दोहराया और दिल्ली में गढ़ बना लिया

तीसरा दौर दोबारा चुनाव जीतने के बाद एक रैली संबोधित करते दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल
तीसरा दौर दोबारा चुनाव जीतने के बाद एक रैली संबोधित करते दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल

वर्ष 2015 में आम आदमी पार्टी (आप), जिसे अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों ने मात्र तीन साल पहले बनाया था, ने दो राष्ट्रीय पार्टियों-भाजपा तथा कांग्रेस को करारी शिकस्त देते हुए दिल्ली विधानसभा की 70 में 67 सीटों पर जीत हासिल की थी. पांच साल बाद उन्होंने प्रदर्शन दोहराया और 62 सीटें जीतीं.

सबसे महत्वपूर्ण बात उन्होंने भगवा पार्टी (भाजपा) के लिए जरा भी गुंजाइश नहीं छोड़ी, जो चतुराई से सांप्रदाययिक ध्रुवीकरण करके चुनाव लड़ती थी. जीत के लिए केजरीवाल का जादुई मंत्र सरल था. वह भाजपा के सांप्रदाययिक राजनीति के दांव में नहीं फंसे और अपनी सामर्थ्य के अनुसार चुनाव लड़ा-जिसमें लोकलुभावनवाद और कामकाज का प्रदर्शन शामिल था.

केजरीवाल का आत्मविश्वास अपनी सरकार के उन मुद्दों पर केंद्रित था, जो सीधे दिल्ली के निवासियों के जीवन को छूते थे-शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और सबसे बड़ी बात भ्रष्टाचार मुक्त माहौल में जनसेवाओं की उपलब्धता. उनके आलोचकों के मुताबिक, वोट पाने का उनका सबसे बड़ा हथियार था-मुफ्त बांटने की राजनीति, जिसके तहत उन्होंने लोगों को मुफ्त पानी और बिजली दी.

अन्य लोग इसे प्रभावी सब्सिडी मॉडल के रूप में देखते है, जहां ज्यादा उपयोगकर्ता सबके मुफ्त उपयोग के लिए सब्सिडी के प्रीमियम का भुगतान करते हैं. इस मॉडल के गुण से अलग, उनकी सरकार के प्रदर्शन ने मतदाताओं के ध्रुवीकरण की भाजपा की राजनीति को विफल कर दिया.

धरना राजनीति के लिए बदनाम केजरीवाल की शख्सियत पिछले एक साल में बदल गई है. स्वयंभू अराजकतावादी राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे नागरिकता (संशोधन) अधिनियम विरोधी आंदोलन के चरम दिनों में भी उसमें शामिल होने से परहेज करते रहे, और जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में कथित पुलिस अत्याचार के बाद अपनी टिप्पणियों में तटस्थ बने रहे तथा नकाबपोश गुंडों द्वारा जेएनयू के अंदर छात्रों को निशाना बनाने के बाद भी उन्होंने कुछ नहीं किया.

वह लोकप्रिय राष्ट्रवादी भावना के पक्ष में भी खड़े रहे, चाहे वह अनुच्छेद 370 को रद्द करने या बालाकोट हवाई हमले का समर्थन करने की बात हो-भाजपा की हिंदुत्व की राजनीति को विफल करने के लिए वह चतुराई से अपने पत्ते खेलते हैं. स्वीकार्य राष्ट्रीय विकल्प के रूप में उभरने के लिए उन्हें लंबा रास्ता तय करना पड़ेगा.

Read more!