इलाज करने वालों ने मुझसे कहा कि तुम्हारा हावभाव तो पीड़ितों जैसा नहीं लगता
एक बेहद नाराज इनसान जो खुद से ही नफरत करती है, और तीसरा शानदार अभिनेत्री जो अपने दागों को अपने परिवार से छिपाने में माहिर है.

अपने बचपन की यादों के बारे में लिखते हुए मुझे बहुत तकलीफ हो रही है, और इसका कारण यह नहीं है कि मैं मात्र चार साल की उम्र में अपने ही परिवार के एक सदस्य की हवस का शिकार हुई और 19 की उम्र तक 25 से भी ज्यादा बार यौन उत्पीडऩ झेल चुकी थी. इसका कारण यह है कि कभी भी न भरने वाले इन अंदरूनी घावों से वह लाड़ और दुलार ढक-सा जाता है, जिसमें मेरी परवरिश हुई.
दरअसल, अपराध बोध, आत्मदोष, नफरत, और लगातार खुद से सवाल करना, बचपन के इस यौन उत्पीडऩ ने इन सब भावनाओं के साथ मुझे जीने को मजबूर कर दिया. यह सब ऐसा था मानो मेरे शरीर को ही नहीं रौंदा गया बल्कि मेरे दिलोदिमाग में गहरे घाव कर दिए गए.
बाल यौन उत्पीडऩ की शिकार (सीएसए) ज्यादातर लड़कियों को शारीरिक दर्द से कहीं ज्यादा मानसिक दर्द का दंश झेलना पड़ता है. डैडी की राजकुमारी और मम्मी की आंखों की पुतली. मेरी दाईं कलाई पर छोटे निशानों के साथ उदास, खिन्न, और भ्रमित.
अपने अंदर एक अजीब और गुप्त व्यवहार की व्याकुलता से निबटने के लिए मैंने पांच साल की उम्र में खुद को ही नुक्सान पहुंचाना शुरू कर दिया था. ये भेद मेरा यौन उत्पीडऩ करने वाले और मेरे बीच पूरी तरह सीमित थे. किसी के सामने मुंह खोलना ठीक नहीं है, वरना अनर्थ हो जाएगा.
जब मैं आठ साल की थी तो एक बार फिर वैसा ही घटित हुआ, इस बार उत्पीडऩ करने वाला कोई और था. उसने मुझे तब से बड़ी होते हुए देखा था जब मैं दो साल की थी, जाहिर है, उसने सपने में भी मेरे साथ ऐसा करने की बात नहीं सोची होगी?
लेकिन उसने मेरे साथ ऐसा किया. मैंने यह बात अपने पिता की चचेरी बहन को बताई और वे हंस दीं. उनका सवाल था, ''उसे उकसाने के लिए तुमने क्या किया.'' मैंने बुरा सा चेहरा बनाना शुरू किया. मैं हमेशा से एक हंसमुख बच्ची थी, बहुत मिलनसार, अच्छे-अच्छे कपड़ों की बेहद शौकीन. खुलासे के बाद सदमे के कारण मैं खुद को बचाने के लिए 'बदसूरत' दिखने की कोशिश करने लगी.
अपने बालों को ब्लीच करके मैंने उन्हें खुद ही आड़ा-तिरछा काट डाला, अपने से बड़े आकार के ढीले-ढाले कपड़े पहनने लगी, और जी भर के कोल्ड ड्रिंक, चिप्स, चीज व चॉकलेट खाने लगी. मैं बदसूरत दिखने लगी, लेकिन यौन उत्पीडऩ तब भी नहीं रुका.
10 साल की उम्र में मेरे साथ पढऩे वाली एक लड़की ने खुद को नुक्सान पहुंचाने से पैदा हुए दागों को नोटिस किया और उसका कारण पूछा. इसके बाद हमने अपने-अपने कड़वे अनुभवों को साझा किया और अपने जैसी पीड़ित लड़कियों का एक गोपनीय गुट बना लिया.
मुझे लगा जैसे मेरे एक शरीर के अंदर तीन दिमाग हैं, एक निडर योद्धा जो दूसरों के लिए लड़ता है, एक बेहद नाराज इनसान जो खुद से ही नफरत करती है, और तीसरा शानदार अभिनेत्री जो अपने दागों को अपने परिवार से छिपाने में माहिर है.
किशोरावस्था में यौन उत्पीडऩ से खुद को नुक्सान पहुंचाने की प्रवृत्ति बढ़ गई, आत्महत्या की कोशिशें होने लगीं, और बाद में गूगल पर सर्च होने लगा कि 'आत्महत्या कैसे करें.' बेरोकटोक खानपान ने मेरे असफल प्रेम संबंधों की तरह ही मेरे जीवन को त्रस्त कर दिया.
इनमें से ज्यादातर संबंध उत्पीडऩ वाले ही थे, एक में तो बलात्कार का ही शिकार होना पड़ा. मैं बदसूरत से सुंदर दिखने की कोशिश करने लगी, वरना मेरा बॉयफ्रेंड मेरा गला ही दबाने वाला था. उसके साथ संबंध तोडऩे की नौबत आ गई.
एक दिन जब वह चाकू लेकर मुझे धमकी देने लगा तो मैंने साहस जुटाया और उसकी पिटाई करके उससे अलग हो गई. इसके बाद मैंने अपने जीवन में फिर से पहेलियों की कडिय़ां जुटानी शुरू कीं. आठ जाने-माने थेरेपिस्टों (चिकित्सकों) ने ''पीड़ित का खास किस्म का व्यवहार'' प्रदर्शित न करने के लिए मुझे ही दोषी ठहराया. ''तुम रोती नहीं हो, तुम चीखती नहीं और आत्मविश्वास से भरी नजर आती हो.''
मैंने अपने अनुभवों को सार्वजनिक रूप से साझा किया और उसके बाद यौन उत्पीडऩ की शिकार लड़कियों, स्कूलों-कॉलेजों और ऑनलाइन मंचों के साथ 14 वर्षों तक काम किया. मेरी यह यात्रा 'वन मिलियन एगेन्स्ट एब्यूज' अभियान तक पहुंची.
यह एक अखिल भारतीय अभियान है जिसके जरिए मैं सभी स्कूलों में निजी सुरक्षा शिक्षा को अनिवार्य बनाना चाहती हूं. मैं एक कार्यकर्ता के रूप में अपने 20 वर्षों के सफर पर एक किताब लिख रही हूं और मुझे उम्मीद है कि यह किताब केवल इस बात पर प्रकाश नहीं डालेगी कि यौन उत्पीडऩ क्यों होता है, बल्कि इस बात पर भी प्रकाश डालेगी कि इसे रोकने के लिए हम क्या कर सकते हैं.
यौन उत्पीडऩ से कोई भी सुरक्षित नहीं है. यौन उत्पीडऩ और बलात्कार आपके खिलाफ अपराध हैं, इसमें आपका कोई दोष नहीं है. मुझे खुशी है कि आज मुझे बहुत से पीड़ितों का दर्द सहानुभूति के साथ सुनने का अवसर मिला है. दाग—शारीरिक और भावनात्मक—मिटते नहीं, लेकिन उन्होंने मुझे यौन उत्पीडऩ के मूल कारणों से लडऩे के लिए ताकत और दृढ़ता दी है.
यौन उत्पीड़न की शिकार, एक्टिविस्ट, लेखिका, प्राणाधिका सिन्हा देव बर्मन
***