2026 में गर्मी के नए रिकॉर्ड बनना अभी बाकी, दुनिया पर क्या होगा असर?
विश्व मौसम संगठन (WMO) के मुताबिक, 2026 दुनिया के चार सबसे गर्म वर्षों में शामिल हो सकता है. अल नीनो के तेज होने से तापमान में और बढ़ोतरी का अनुमान है

विश्व मौसम संगठन के मुताबिक दिसंबर में अल नीनो का असर और बढ़ेगा (फोटो : AI)
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की एक रिपोर्ट के मुताबिक 2026 अब तक के चार सबसे गर्म वर्षों में शामिल हो सकता है. इस रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी से सितंबर के बीच वैश्विक औसत तापमान औद्योगिक युग से पहले के स्तर से 1.47 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा.
यह औसत 2025 और 2023 के पूरे साल के तापमान से भी अधिक था. हालांकि यह अब तक के सबसे गर्म साल 2024 के तापमान से थोड़ा ही कम रहा. 2026 के अंत तक इसमें और बढ़ोतरी होने की आशंका है. इसकी वजह अल नीनो का गर्म प्रभाव है. अगस्त से इसका असर तेज हुआ है और दिसंबर तक इसके अब तक के सबसे मजबूत स्तर पर पहुंचने की आशंका है.
WMO ने 6 नवंबर को जलवायु की स्थिति पर अपनी रिपोर्ट जारी की. इसी दिन तुर्किये के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन COP31 की शुरुआत हुई.
इस दौरान WMO की महासचिव सेलेस्टे साउलो का कहना था, "पिछले चार साल 177 साल के रिकॉर्ड में सबसे गर्म रहे हैं. समुद्रों में गर्मी लगातार दसवें साल नए रिकॉर्ड बना रही है." उन्होंने आगे कहा, "अनुमान है कि मौजूदा अल नीनो अब तक के सबसे मजबूत प्रभावों में से एक होगा. समुद्र से निकलने वाली गर्मी 2027 तक उच्च तापमान और चरम मौसमी घटनाओं को बढ़ावा देती रहेगी."
रिपोर्ट के मुताबिक धरती तेजी से गर्मी जमा कर रही है, जिससे वैश्विक तापमान बढ़ रहा है. ग्रीनहाउस गैसें रिकॉर्ड मात्रा में गर्मी को रोक रही हैं. इससे सूर्य से धरती को मिलने वाली ऊर्जा और धरती से बाहर निकलने वाली ऊर्जा के बीच संतुलन बिगड़ रहा है. निगरानी शुरू होने के बाद से यह असंतुलन अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड की मात्रा साल 1750 में करीब 278 पार्ट्स प्रति मिलियन (कण प्रति दस लाख) से बढ़कर 2025 में लगभग 426.8 पार्ट्स प्रति मिलियन हो गई. यानी इसमें 53 फीसदी की बढ़ोतरी हुई. वहीं मीथेन की वैश्विक औसत मात्रा 1750 में 729 पार्ट्स प्रति बिलियन (कण प्रति एक अरब) थी, जो 2025 में बढ़कर 1,948 पार्ट्स प्रति बिलियन हो गई. इसमें 167 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
रिपोर्ट में कहा गया है कि महासागर अतिरिक्त गर्मी का 90 फीसदी हिस्सा सोख लेते हैं. 2026 में समुद्रों के लगातार दसवें साल सबसे गर्म रहने का रिकॉर्ड बनने की आशंका है.
WMO ने यह भी कहा कि चरम मौसमी घटनाओं ने कई क्षेत्रों में लोगों की जिंदगी और आजीविका को प्रभावित किया है. इससे खाद्य सुरक्षा कमजोर हुई है गरीबी बढ़ी है और लोगों को विस्थापन का सामना करना पड़ा है. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, यूरोप में लू, सूखे और जंगलों में आग लगने की घटनाओं के कारण 30,000 से ज्यादा अतिरिक्त मौतें हुईं.
न्यूज एजेंसी PTI ने WMO की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि भारत में अप्रैल 2026 की लू के दौरान अनुमानित 14.65 करोड़ लोग भीषण गर्मी की चपेट में आए.
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक बयान में कहा है, "हम जलवायु की चरम स्थितियों के एक नए दौर में प्रवेश कर चुके हैं. सबसे तेज असर वाला अल नीनो ऐसे ग्रह से टकरा रहा है जो पहले से ही इंसानों की वजह से हो रहे जलवायु परिवर्तन के कारण बेहद गर्म हो चुका है. जलवायु के रिकॉर्ड लगातार टूट रहे हैं और इसकी मानवीय कीमत भी बढ़ती जा रही है."
उन्होंने आगे कहा, "इस संकट के लिए सबसे कम जिम्मेदार लोगों को ही सबसे पहले और सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है. नेताओं को अब गंभीरता दिखानी होगी. उन्हें उत्सर्जन में तेजी से कटौती करनी होगी, जीवाश्म ईंधन से न्यायसंगत बदलाव की प्रक्रिया तेज करनी होगी और कमजोर देशों को जरूरी आर्थिक मदद और सुरक्षा देनी होगी."
WMO की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रीनहाउस गैसों का बढ़ता स्तर, समुद्रों का रिकॉर्ड गर्म होना और मजबूत होता अल नीनो वैश्विक तापमान को बढ़ा रहे हैं. वहीं चरम मौसमी घटनाएं दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में लोगों की जिंदगी, आजीविका और खाद्य सुरक्षा को प्रभावित कर रही हैं.