'ये प्रेम मोल लिया' को सूरज बड़जात्या अपनी सबसे अलग फिल्म क्यों बता रहे?
सूरज बड़जात्या इस बार अपनी पारिवारिक कहानी में रिश्तों की पुरानी सोच को नए सिरे से देखने की कोशिश कर रहे हैं

'ये प्रेम मोल लिया' में कई दिग्गज कलाकार हैं
सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ पर एक नजर डालते ही ऐसा लगता है जैसे कोई पुराना सपना सामने आ गया हो. परंपराओं और संस्कारों को अहमियत देने वाले बड़े-बड़े परिवार, खुशमिजाज किरदार, पुराने दौर का आकर्षण, एक-दूसरे के प्यार में डूबा युवा शादीशुदा जोड़ा और मीठे-मीठे गाने.
मौजूदा बॉलीवुड के माहौल में यह फिल्म कुछ अलग नजर आती है. पुरानी यादों में ले जाने वाली इस कहानी को लेकर दर्शक उत्साहित हैं. उन्हें उम्मीद है कि बड़जात्या की यह फिल्म बंदूकों और खून-खराबे वाली फिल्मों के बीच कुछ सुकून देगी.
बड़जात्या अपनी फिल्मों की पहचान रहे अंदाज और कहानियों के खास गुणधर्म के साथ लौट रहे हैं. हालांकि उनका कहना है कि यह फिल्म उनकी दूसरी फिल्मों से ‘अलग’ है. वे कहते हैं, "अनजाने में ही मुझे ऐसा विषय मिल गया जो मुझे लगता है कि इसे अब तक की मेरी सबसे प्रगतिशील फिल्मों में से एक बनाता है. बदलाव की मांग है. यह वक्त की जरूरत है."
बड़जात्या आखिर ऐसा क्यों कहते हैं? इसका जवाब फिल्म की कहानी में छिपा है. रोमांस से भरपूर इस पारिवारिक ड्रामा में प्रेम (आयुष्मान खुराना) एक संगीतकार और पति है. वह अपनी पत्नी (शरवरी) के घर रहने चला जाता है. इसकी वजह यह है कि उसकी पत्नी अपने परिवार की छह महिलाओं की देखभाल करना चाहती है.
इन सभी की जिम्मेदारी उसी पर है. इसलिए वह अपना घर छोड़कर कहीं और नहीं जाना चाहती. कहानी को और दिलचस्प बनाता है प्रेम का अपने परिवार को भी साथ लेकर इसी घर में आ जाना.
प्रेम के इस फैसले से उसके परिवार में हलचल मच जाती है. लेकिन उसका तर्क है कि कहीं भी यह नहीं लिखा कि कोई पुरुष अपने ससुराल में नहीं रह सकता. इसके लिए वह संविधान और वेदों का हवाला देता है.
बड़जात्या कहते हैं, "इस फिल्म की बुनियाद यह सोच है कि महिलाओं की प्राथमिकताओं को भी महत्व दिया जाना चाहिए." वे आगे कहते हैं, "इसकी मूल भावना यह है कि मायका भी घर होना चाहिए, ससुराल नहीं. दामाद की जिम्मेदारियां भी उतनी ही स्पष्ट होनी चाहिए जितने बहू के अधिकार होते हैं." बड़जात्या का मानना है कि परिवार के ढांचे को लेकर आदर्शवाद से भरी यह सोच दर्शकों से जुड़ पाएगी.
शादी के बाद दो परिवारों को एक छत के नीचे लाने की इस कहानी के जरिए बड़जात्या चाहते हैं कि दर्शक पुराने रिश्तों को नए नजरिए से देखें. वे कहते हैं, "जैसे-जैसे हमारी उम्र बढ़ती है, हमें रिश्तों को निष्पक्ष नजरिए से देखना चाहिए. हम संस्कारों की बात करते हैं लेकिन हम सभी अपने साथ कुछ पुराने बोझ और ट्रॉमा लेकर चलते हैं. हमें एक-दूसरे को परखने के बजाय ज्यादा स्वीकार करना सीखना होगा."
बड़जात्या और उनकी टीम ने फिल्म की मार्केटिंग के लिए एक नया तरीका अपनाया. फिल्म का पहला गाना यानी टाइटल ट्रैक 20 सितंबर को रिलीज किया गया. यह फिल्म की तय रिलीज तारीख (27 नवंबर) से दो महीने से भी ज्यादा पहले था. इसके बाद फिल्म के पूरे गाने यूट्यूब पर साझा किए गए.
बड़जात्या इस मार्केटिंग स्ट्रेट्जी का श्रेय फिल्म के संगीतकार हिमेश रेशमिया को देते हैं. वे कहते हैं, "जब उन्होंने फिल्म की कहानी सुनी तो हमने इसे एक म्यूजिकल फिल्म बनाने और बड़े स्तर पर पेश करने का फैसला किया. आज दर्शक सिनेमा हॉल में या तो भव्यता देखने आते हैं या फिर कुछ खास. पारिवारिक फिल्म में संगीत को वापस लाना जरूरी है. यह ऐसी चीज है जो आपको ओटीटी पर नहीं मिलेगी. गानों के जरिए अपनी दुनिया दिखाना जरूरी था."
बड़जात्या की ज्यादातर फिल्मों की तरह इस फिल्म में भी कलाकारों की बड़ी टीम है. इसमें उनके साथ अक्सर काम करने वाले अनुपम खेर के अलावा सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, स्वानंद किरकिरे, सौम्या टंडन, गीता शर्मा और श्रुति सेठ जैसे कलाकार शामिल हैं.
इतने बड़े कलाकारों और क्रू को संभालना एक अलग ही चुनौती हो सकता है. इस पर बड़जात्या कहते हैं, "इसके लिए काफी तैयारी करनी पड़ती है. इसमें घंटों लगते हैं. जब इतने सारे लोग होते हैं तो आपको यह अच्छी तरह पता होना चाहिए कि आप क्या चाहते हैं. इससे गलतियों को सुधारने की जरूरत कम पड़ती है और काम आसान हो जाता है. पूरी प्रक्रिया का अपना आनंद होता है."
‘ये प्रेम मोल लिया’ ऐसे दिलचस्प साल में आ रही है, जब ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जैसी हिंसक फिल्म सफल रही है. वहीं ‘हनुमान अंश’ और ‘रामायण’ को भी दर्शकों का साथ मिला है. यही वजह है कि बड़जात्या को भरोसा है कि उनकी साफ-सुथरी और हिंसा से दूर रहने वाली फिल्म को भी दर्शक मिलेंगे.
वह कहते हैं, "हर तरह की फिल्मों के लिए हमेशा जगह रही है. बस फिल्में सही तरीके से बननी चाहिए. अगर मैं युवाओं या आम दर्शकों को खुश करने की कोशिश में किसी पारिवारिक फिल्म के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ करता हूं और उसमें दूसरी चीजें जबरन डालता हूं तो पूरी फिल्म का मिजाज बिगड़ जाता है. दर्शक समझ जाएंगे कि यह नकली है. परिवार हमारे लिए कोई अनजानी चीज नहीं हैं. इसलिए पारिवारिक फिल्में पूरी सच्चाई के साथ बनाई जानी चाहिए."