क्राइम थ्रिलर 'सीन' में सूर्या चमके लेकिन नसलेन ने लूटी महफिल

सूर्या की दमदार मौजूदगी और डायरेक्टर जीतू माधवन का अनूठा ‘सीन’ को दिलचस्प बनाते हैं लेकिन सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद नसलेन अपने शानदार अभिनय से सबसे ज्यादा प्रभावित करते हैं

Scene movie poster.
'सीन' के अपने किरदारों में नसलेन, सूर्या और नाजरिया

'सीन' की शुरुआत कब्रिस्तान के एक सीन से होती है. बारिश की एक रात कुछ लोग एक लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे हैं. तभी उनका सामना एक युवा हत्यारे से हो जाता है. यह ईश्वरन (नसलेन) है. नसलेन ने बेहद शानदार अंदाज में अपने किरदार को निभाया है. उसे यहां एक क्रॉस से बांध दिया गया है. ईश्वरन अपनी रिहाई के बदले उन लोगों से वादा करता है कि आने वाले दिनों में वह और हत्याएं करेगा.

ईश्वरन कहता है, "जिंदगी में कम से कम एक बार हर कोई किसी को मारना चाहता है. मैं तुम्हारे लिए यह काम कर दूंगा." दर्शकों को बताया जाता है कि ईश्वरन के पास हत्या करने के अलावा कोई दूसरा मकसद नहीं है. वह सिर्फ मजे के लिए लोगों को मारता है.

ऐसे सनकी दुश्मन को पकड़ने वाले पुलिस अफसर का भी कुछ अलग अंदाज होना जरूरी है. मलयालम फिल्म निर्देशक जीतू माधवन ने अपनी तमिल फिल्म में इस बात का पूरा ध्यान रखा है. जीतू माधवन ने इस फिल्म से तमिल सिनेमा में बतौर निर्देशक डेब्यू किया है (फिल्म हिंदी में भी उपलब्ध है).

सूर्या के निभाए किरदार इनबा उर्फ इनबराज का अंदाज ही उसकी पहचान है

सूर्या के निभाए किरदार इनबा उर्फ इनबराज का अंदाज ही उसकी पहचान है. उसे अधिकारियों के रुतबे और कायदे-कानूनों की कोई परवाह नहीं है. हालांकि उसके व्यक्तित्व में भी एक कमजोरी है, जिसका खुलासा फिल्म के बीच में होता है. लेकिन इस राज से पर्दा उठने से पहले ही इनबा अपने अक्खड़ और बेपरवाह अंदाज से दर्शकों पर छाप छोड़ देता है.

वह शॉर्ट्स पहनकर काम पर पहुंचता है. उसका हुलिया बेतरतीब रहता है. वह चिड़चिड़ा है और उसके साथ काम करना आसान नहीं है. इसके बावजूद केस सुलझाने की उसकी काबिलियत के चलते लोग उसका सम्मान करते हैं. वह अकेले रहना पसंद करता है और नौकरी छोड़ना चाहता है लेकिन उसे इसकी इजाजत नहीं मिलती.

फिल्म के पहले हिस्से में माधवन इनबा के पुलिस स्टेशन के माहौल से खूब हास्य पैदा करते हैं. यहां किसी को नहीं बख्शा जाता. इनबा के बॉस (लाल) से लेकर उसके जूनियर तक, सभी पर मजाकिया टिप्पणियां होती हैं. फिल्म में स्लैपस्टिक कॉमेडी के साथ ऐसे डायलॉग भी हैं जो पुलिसवालों को दबदबे वाले और आत्मविश्वास से भरे अधिकारियों के बजाय बेबस किरदारों के रूप में दिखाते हैं.

एक सीन में जेल के भीतर एक हत्यारा दो पुलिसवालों पर पेशाब कर देता है. दूसरे सीन में चाय की दुकान का मालिक दो पुलिसवालों को असली पुलिसकर्मी मानने से इनकार कर देता है. उसे शक होता है कि कहीं वे ठग तो नहीं हैं. ऐसे प्रसंगों में हास्य कई बार ओवर द टॉप लगता है. पुलिसवाले कुछ ऐसे दिखते हैं, मानो वे बेवकूफ हों.

'सीन' की खूबी इसकी दुनिया में है जहां ऐसे लोग भरे पड़े हैं जो अपनी कमजोरियों को छिपाने की कोशिश करते हैं. लेकिन धीरे-धीरे वे उन्हें स्वीकार करना सीखते हैं और उन पर गर्व भी करने लगते हैं. माधवन और डायलॉग राइटर द्रविड़ सेल्वम ने किसी की सीमाओं या कमजोरियों पर मजाक करते हुए हास्य पैदा करने का मुश्किल काम बड़ी कुशलता से किया है.

इसके बावजूद फिल्म का हास्य कहीं भी अपमानजनक या किसी का मजाक उड़ाने की हद तक नहीं पहुंचता. इसका श्रेय माधवन और द्रविड़ सेल्वम को जाता है. यह शालीनता की सीमा भी पार नहीं करता. फिल्म में कुछ ऐसे पल भी हैं, जब हास्य अप्रत्याशित रूप से बेतुकेपन की हद तक पहुंच जाता है. सूर्या, नाजरिया नाजिम और बाकी कलाकारों की मौजूदगी इसे असरदार बनाती है. वे खुद पर किए गए मजाक को सहजता से लेते हैं या फिर उसे तुरंत नजरअंदाज कर देते हैं.

इसकी सबसे अच्छी मिसाल एक फाइट सीक्वेंस में दिखती है. इसमें माया (नाजरिया) पूरी तरह केंद्र में आ जाती है, जबकि इनबा इधर-उधर हाथ-पैर मारता नजर आता है.

'सीन' की कमजोरी तब सामने आती है जब फिल्म यह भूल जाती है कि ताली दो हाथों से बजती है. इनबा की कमजोरियों और माया के साथ उसके रिश्ते को दिखाने पर फिल्म इतना ज्यादा ध्यान देती है कि कहानी अपने मुख्य टकराव से भटक जाती है." इससे फिल्म की रफ्तार भी सुस्त हो जाती है.

ऐसा नहीं है कि इनबा और माया के बीच की दोस्ती और फिर पनपता आकर्षण जरूरी नहीं है. इसी तरह, इनबा का मुश्किल हालात से उबरना भी कहानी का अहम हिस्सा है. लेकिन इन सबके बीच फिल्म अपने मूल उद्देश्य से भटक जाती है. वह दो दिलचस्प और जुनूनी किरदारों के बीच टकराव को उभारने से चूक जाती है. एक को ज्यादा से ज्यादा लोगों की हत्या करने में मजा आता है जबकि दूसरे को तमाम मुश्किलों के बावजूद खुद को यह साबित करना है कि उसमें अब भी मामलों को सुलझाने का हुनर बाकी है.

इस फिल्म में सूर्या पूरी तरह अपने सहज अंदाज में नजर आते हैं. उन्हें कहानी में शामिल ऐसे मजाकिया हिस्सों का भी खूब आनंद लेते देखा जा सकता है जो उनके स्टारडम और उनकी पर्दे की छवि पर आधारित हैं. मसलन जब माया इनबा से सूर्या की मशहूर मुस्कान देने को कहती है. या फिर जब फिल्म की को-प्रोड्यूसर ज्योतिका कैमियो करती हैं और दर्शक तालियां बजाने लगते हैं.

यह सूर्या की फिल्म है लेकिन दिलचस्प बात है कि उन्हें मिले सीमित स्क्रीन टाइम में नसलेन महफिल लूट लेते हैं. वे अपनी मासूम मुस्कान से किरदार की खतरनाक फितरत को छिपाते हैं. उनके मजेदार डायलॉग दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं. उनका अभिनय बताता है कि वे आने वाले समय के बड़े स्टार हैं.

Read more!