रामायण : परंपरा के विस्तार और समकालीन सवालों के बीच 

‘रामायण’ को केवल इस कसौटी पर नहीं देखना चाहिए कि उसने हमारी पुरानी स्मृतियों को कितना दोहराया बल्कि इस आधार पर भी देखना चाहिए कि उसने नई पीढ़ी के लिए उन स्मृतियों में कितने नए अर्थ जोड़े

फिल्म रामायण में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता) और रवि दुबे (लक्ष्मण)
फिल्म रामायण में रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता) और रवि दुबे (लक्ष्मण)

रामकथा को पर्दे पर उतारना केवल एक महाकाव्य को दृश्यात्मक भव्यता प्रदान करने का उपक्रम नहीं है. यह भारतीय जनमानस की स्मृति, आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सदियों से विकसित होती रही उसकी अनेक व्याख्याओं के साथ संवाद करने की जिम्मेदारी भी है. यही वजह है कि रामायण पर फिल्म बनाना जितना आकर्षक है, उतना ही जोखिम भरा भी.

दर्शक केवल एक फिल्म देखने नहीं आता, वह अपने भीतर बसे राम, सीता, लक्ष्मण और रावण की छवियों को भी साथ लेकर आता है. उसके पास तुलसीदास हैं, वाल्मीकि हैं, लोककथाएं हैं, रामलीलाएं हैं और टेलीविजन पर रामानंद सागर की रामायण की स्मृतियां भी. ऐसे में नितेश तिवारी की रामायण  इन तमाम स्मृतियों और अपेक्षाओं के बीच अपनी सिनेमाई भाषा विकसित करने की महत्वाकांक्षी प्रयास करती है.

यह फिल्म विमर्शोत्तेजक है, प्रभावशाली है, भव्य है और विराटाकांक्षी भी. सबसे महत्वपूर्ण बात कि यह बहस की गुंजाइश छोड़ती है. किसी पौराणिक कथा का समकालीन पुनर्पाठ तभी सार्थक होता है, जब वह केवल परिचित प्रसंगों को नए दृश्यों में प्रस्तुत करने तक सीमित न रहे बल्कि उन प्रसंगों के भीतर छिपे प्रश्नों को भी सामने लाए. फिल्म इस दिशा में कुछ साहसिक प्रयास करती दिखाई देती है.

कलाकारों की बात करें तो राम के किरदार में रणबीर कपूर संयमित, सौम्य और गरिमामय दिखते हैं. शुरू में उन्हें राम के रूप में स्वीकारना कठिन होता है लेकिन कैकेयी संवाद से दर्शक उनमें राम की छवि देखने लग जाता है. हालांकि, इस भूमिका में उनसे अपेक्षाएं इतनी बड़ी हैं कि उनके हर हावभाव, संवाद और भाव-भंगिमा की तुलना पहले से स्थापित छवियों से होना स्वाभाविक है. वे इस चुनौती को समझते हुए कहीं-कहीं प्रयत्नशील दिखाई देते हैं.

राम के चरित्र को केवल आदर्श पुरुष की स्थिर प्रतिमा बनाकर प्रस्तुत करना आसान होता लेकिन एक ऐसे मनुष्य के रूप में दिखाना, जो अपने भाग्य पर प्रश्न करता है, परिस्थितियों से गुजरता है और अपने निर्णयों के अर्थ तलाशता है, कहीं अधिक कठिन है.

लक्ष्मण के तौर पर रवि ऊर्जावान, प्रवाहपूर्ण और विनोदप्रिय हैं. उनके चरित्र में वह स्वाभाविक गतिशीलता दिखाई देती है, जो राम के अपेक्षाकृत शांत व्यक्तित्व के साथ एक दिलचस्प संतुलन बनाती है. लक्ष्मण केवल राम के अनुज या उनके आदेशों का पालन करने वाले पात्र नहीं हैं. उनके भीतर आवेग है, प्रश्न हैं, प्रेम है और कई बार असहमति भी. रवि इस ऊर्जा को अपने अभिनय में जगह देते हैं.

फिल्म में सबसे सहज दिखती हैं, साई पल्लवी. सीता के रूप में उनका अभिनय सार्थक, प्रखर और प्रभावी है. उनकी उपस्थिति में एक ऐसी स्वाभाविकता है, जो चरित्र को किसी कृत्रिम आदर्श के बजाय जीवंत व्यक्तित्व के रूप में देखने की संभावना पैदा करती है. नितेश ने सीता को केवल सहनशीलता और त्याग की प्रतिमूर्ति बनाकर प्रस्तुत नहीं किया. वे अपनी स्वतंत्र चेतना, निर्णय क्षमता और आत्मसम्मान के साथ रामकथा का अनिवार्य केंद्र हैं.

फिल्म में उनकी सक्रियता और विचारशीलता के संकेत उत्सुकता जगाते हैं. विशेषकर दौड़ती, शस्त्र चलाती और भिक्षा देने से पहले ऋषि की पुष्टि के लिए सूक्त सुनाने को कहती सीता का चित्रण परिचित छवि से आगे जाने का प्रयास है. हालांकि, उनके व्यक्तित्व और विचारों का पूरा विस्तार अभी शेष है.

लेकिन इस पूरी फिल्म में सबसे अधिक जिसकी चर्चा हो रही है, वह है रावण का चरित्र निभाने वाले यश. प्रचंड, विराट और अभिभावी. उनके व्यक्तित्व में वह नाटकीय विस्तार है, जिसकी इस चरित्र से अपेक्षा की जाती है. रावण की उपस्थिति में एक प्रकार का आकर्षण और भय दोनों हैं.

रावण की भूमिका में यश

सोशल मीडिया पर एक प्रश्न उठाया जा रहा है कि रावण, राम पर हावी है. क्या वाकई. क्या यश का प्रभावशाली अभिनय रणबीर के अपेक्षाकृत संयमित अभिनय पर भारी पड़ता है? इस प्रश्न का उत्तर देते हुए एक बुनियादी अंतर समझना जरूरी है. यश, रणबीर पर भारी पड़ सकते हैं लेकिन रावण, राम पर नहीं.

किसी अभिनेता का अभिनय अधिक प्रभावशाली होना और उसका निभाया हुआ पात्र कथा के केंद्रीय नायक पर हावी हो जाना, दो अलग-अलग बातें हैं. इसी तरह किसी पात्र को अधिक स्क्रीन स्पेस या अधिक भव्य प्रस्तुति दे देने भर से वह दूसरे पात्र पर हावी नहीं हो जाता. अभिनय की प्रभावोत्पादकता और चरित्र की वैचारिक केंद्रीयता को एक ही तराजू पर नहीं तौला जाना चाहिए.

दशरथ की भूमिका में अरुण गोविल

इसे अरुण गोविल के अभिनय से समझिए. दशरथ के रूप में वे बहुत समय तक स्क्रीन पर नहीं है लेकिन उनका अभिनय अनुभवी, संवेदनशील और मार्मिक है. उनके चेहरे पर अनुभव की जो भाषा दिखाई देती है, वह इस चरित्र के लिए अनुकूल है. दशरथ की भूमिका में उनका होना अपने आप में एक दिलचस्प सांस्कृतिक स्मृति को भी सामने लाता है. 

कभी उन्होंने टेलीविजन पर राम की भूमिका निभाकर दर्शकों के मन में एक स्थाई छवि बनाई थी और अब उसी रामकथा में एक अलग पीढ़ी के राम के पिता के रूप में उपस्थित हैं. राम के वनगमन के समय उनका राम पुकारते हुए गिर पड़ता, परदे की भव्यता को अपने अभिनय के सामने ढंक देता है.

ऐसे ही शीबा चड्ढा मंथरा के रूप में बेहद सशक्त हैं.

मंथरा की भूमिका में शीबा चड्ढा

यहां एक व्यक्ति की तारीफ जरूर की जानी चाहिए. रावण के लिए हिंदी डबिंग करने वाले कलाकार शरद केलकर. उनका स्वरप्राण पात्र का प्राण है. किसी विराट चरित्र की सिनेमाई उपस्थिति में आवाज की क्या भूमिका होती है, यहां उसका महत्व समझ आता है.

निर्देशक नितेश तिवारी कल्पनाशील, कुशल, प्रयोगधर्मी और भव्यदर्शी हैं. उन्होंने एक ऐसी कथा को बड़े पर्दे पर रचने का प्रयास किया है, जिसके बारे में भारतीय दर्शकों को पहले से बहुत कुछ मालूम है. चुनौती कथा सुनाने की नहीं, उसे नए ढंग से अनुभव कराने की है. नमित मल्होत्रा के साथ उन्होंने वैश्विक स्तर पर भारतीय कथा को ले जाने का प्रयास किया है, वह काफी हद तक सफल दिखता है.

इस प्रयास में श्रेयस, श्रीधर और बोधिसत्व जैसे लेखक, रिसर्चर और सलाहकारों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है. समकालीनता को स्वीकार करते हुए परंपरा की आत्मा को बरकरार रखने का प्रयास फिल्म के वैचारिक आधार में दिखाई देता है. किसी कथा को आज के समय में प्रस्तुत करने के लिए उसमें नए प्रश्नों और संदर्भों का प्रवेश जरूरी है लेकिन यह काम उसकी मूल संवेदना को विस्थापित करके नहीं होना चाहिए.

फिल्म के कुछ संवाद इसी स्तर पर बहस पैदा करते हैं. रावण जब समतामूलक समाज की बात करता है तो कुछ दर्शक आहत होते हैं और कुछ तालियां बजाते हैं. लेकिन सवाल केवल इतना नहीं है कि रावण ने समानता की बात की. असल सवाल है कि क्या वह वास्तव में ऐसा समाज बना पाया?

क्या किसी व्यक्ति की वैचारिक घोषणाएं उसके आचरण से मेल खाती हैं? क्या व्यक्तिगत आकांक्षा में सामाजिक आकांक्षा शामिल होनी चाहिए या सामाजिक आकांक्षा के भीतर व्यक्तिगत आकांक्षाओं के लिए पर्याप्त जगह होनी चाहिए? रावण का चरित्र इन प्रश्नों को उठाने का अवसर देता है.

किसी प्रतिनायक के विचारों को सुनना और उनसे सहमत हो जाना एक बात है, उसके समूचे व्यक्तित्व और कर्मों का मूल्यांकन करना दूसरी. फिल्म ऐसे प्रश्नों के लिए जगह बनाती है, यह उसकी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है.

रही बात कमियों की, तो वे हैं. हर फिल्म में होती हैं लेकिन किसी फिल्म को देखने से पहले ही उसके विरुद्ध तर्कों की एक सूची तैयार कर लेना और फिर उन्हीं तर्कों के साथ सिनेमाघर पहुंचना फिल्म क्या जीवन तक को देखने का तरीका नहीं होना चाहिए. आलोचना जरूरी है लेकिन आलोचना का अर्थ पूर्वनिर्धारित अस्वीकृति नहीं हो सकता. 

यह भी संभव है कि कुछ संवाद और दृश्य अखरें और कुछ में संतोष मिले. कुछ प्रस्तुतियां परिचित धारणाओं को चुनौती दें और कुछ अपेक्षित गहराई तक न पहुंच पाएं. 

दरअसल, यहां रामकथा की अनेक परंपराओं और व्याख्याओं के बीच से अपनी सिनेमाई दृष्टि विकसित करने की कोशिश दिखाई देती है. हमें समझना होगा कि समय रामानंद सागर के दौर से बहुत आगे निकल आया है. सिनेमा की भाषा बदल चुकी है, दर्शकों की अपेक्षाएं बदल चुकी हैं और कथा को देखने-समझने के हमारे संदर्भ भी बदल चुके हैं.

‘रामायण’ को केवल इस कसौटी पर नहीं देखना चाहिए कि उसने हमारी पुरानी स्मृतियों को कितना दोहराया, बल्कि इस आधार पर भी देखना चाहिए कि उसने नई पीढ़ी के लिए उन स्मृतियों में कितने नए अर्थ जोड़े. यह फिल्म हर प्रश्न का उत्तर नहीं देती, न ही हर जगह अपेक्षाओं पर खरी उतरती है.

बावजूद इसके फिल्म में बहुत कुछ ऐसा है, जिसे आप सहजता से स्वीकार कर लेते हैं. शायद इसलिए कि यह कथा समय के साथ संवाद करती है, नए प्रश्न उठाती है, नए संदर्भ जोड़ती है, लेकिन अपने मूल से विचलित नहीं होती.

Read more!