मैदान पर न होते हुए भी धोनी कैसे CSK की बड़ी ताकत साबित होंगे?
खिलाड़ी के तौर पर IPL से विदाई के बाद महेंद्र सिंह धोनी 2027 सीजन से चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के मेंटर की भूमिका निभाएंगे. खेल की समझ, रणनीतिक फैसलों और खिलाड़ियों का भरोसा जीतने की उनकी क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है

CSK के लिए एक मैच में बैटिंग करते धोनी (फाइल फोटो)
पीली जर्सी तो रहेगी लेकिन जिस शख्स ने इसे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के एक पूरे दौर की पहचान बना दिया वह अब बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतरेगा. 17 नवंबर को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने ऐलान किया कि महेंद्र सिंह धोनी IPL में खिलाड़ी के तौर पर अपना सफर खत्म करेंगे. वे 2027 सीजन से टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे.
करीब दो दशक तक इस फ्रेंचाइजी से जुड़े रहने, पांच IPL खिताब जीतने और 2008 में लीग के पहले सीजन से अपने IPL करियर की शुरुआत करने के बाद आखिरकार क्रिकेट के सबसे लंबे समय तक याद रखे जाने वाले नेतृत्व के एक दौर पर पर्दा गिर गया है.
रांची जैसे शहर के एक लड़के के लिए, जो भारत के पारंपरिक क्रिकेट केंद्रों से काफी दूर है, यह असाधारण सफर रहा है. धोनी किसी बड़े शहर की क्रिकेट अकादमी की पृष्ठभूमि या स्थापित क्रिकेट व्यवस्था के फायदे के साथ नहीं आए थे. उन्होंने अपनी प्रतिभा और खेल को सहज रूप से समझने की क्षमता के दम पर रास्ता बनाया.
बाद में उन्होंने भारत और CSK की कप्तानी में जो कुछ किया वह भी परंपरागत तरीकों से अलग था. वे अपनी समझ पर भरोसा करते थे, स्थापित मान्यताओं को चुनौती देते थे और मैच हाथ से निकलता दिखने पर भी संयम बनाए रखते थे.
उनसे ज्यादा आक्रामक अंदाज वाले कप्तान हुए हैं. उनसे ज्यादा आक्रामक रणनीति अपनाने वाले और शायद आंकड़ों के लिहाज से ज्यादा सफल कप्तान भी रहे हैं. लेकिन बहुत कम कप्तान धोनी की तरह क्रिकेट मैच के मनोविज्ञान को समझ पाए. उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि सिर्फ ट्रॉफियां जीतना नहीं थी. वे यह पहचानने में माहिर थे कि मैच कब हाथ से निकल रहा है, विपक्षी टीम की कमजोरी क्या है और कौन-सा फैसला मैच का रुख बदल सकता है.
परंपरा से इतर फैसले लेने का साहस
धोनी के शांत स्वभाव को अक्सर सुस्ती समझ लिया जाता था जबकि असल में यह उनके नेतृत्व का एक अहम औजार था. विकेटकीपर होने के नाते धोनी को मैदान पर एक खास नजरिया मिलता था.
वे बल्लेबाज के पैरों की हरकत, गेंदबाज की लय और मैच के रुख में आने वाले छोटे-छोटे बदलाव देख सकते थे. वे लगातार गेंदबाजों से बात करते और विपक्षी टीम की रणनीति को समझते रहते थे. स्टंप के पीछे की जगह उनके लिए रणनीति बनाने का केंद्र बन गई थी.
2007 के पहले T20 विश्व कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला धोनी की लीक से हटकर सोच का एक यादगार उदाहरण है. भारत को आखिरी ओवर में 13 रन बचाने थे. धोनी ने किसी अनुभवी प्रमुख गेंदबाज के बजाय गेंद जोगिंदर शर्मा को थमा दी. यह ऐसा जोखिम था जो उनकी कप्तानी की छवि को नुकसान पहुंचा सकता था. लेकिन मिस्बाह-उल-हक ने स्कूप शॉट खेलने की कोशिश में श्रीसंत के हाथों विकेट गंवा दिया और भारत ने विश्व कप जीत लिया.
चार साल बाद 2011 में श्रीलंका के खिलाफ विश्व कप फाइनल में धोनी ने अपनी रणनीतिक समझ का एक और पहलू दिखाया. भारत 275 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था और सचिन तेंदुलकर तथा वीरेंद्र सहवाग जल्दी आउट हो चुके थे. ऐसे में धोनी ने शानदार फॉर्म में चल रहे युवराज सिंह से पहले खुद बल्लेबाजी के लिए आने का फैसला किया.
उनके इस फैसले ने सबको चौंका दिया. लेकिन वे गौतम गंभीर के साथ दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजों की जोड़ी का फायदा समझते थे. उन्हें यह भी भरोसा था कि श्रीलंकाई गेंदबाजों के खिलाफ उनका अनुभव पारी को संभालने में मदद करेगा. धोनी ने नाबाद 91 रन बनाए और 28 साल बाद भारत को विश्व कप जिताया.
खेल की नब्ज पहचानना
धोनी की सबसे बड़ी रणनीतिक ताकत यह समझ थी कि क्रिकेट में मुकाबला प्रतिष्ठा के बजाय संभावनाओं का होता है. वे किसी अप्रत्याशित गेंदबाज को ओवर देने, बल्लेबाज को खास शॉट खेलने के लिए उकसाने के इरादे से फील्डिंग बदलने या किसी अहम मौके के लिए प्रमुख गेंदबाज को बचाकर रखने से नहीं हिचकते थे.
इस रणनीति में उनकी विकेटकीपिंग की सहज समझ की अहम भूमिका थी. उनकी बिजली जैसी तेज स्टंपिंग अक्सर उस वक्त होती थी जब बल्लेबाज को पता भी नहीं चलता था कि उसका पैर क्रीज से बाहर निकल गया है. यह उनकी टाइमिंग और पहले से अनुमान लगाने की असाधारण क्षमता दिखाता था.
वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी के नाम 123 स्टंपिंग का विश्व रिकॉर्ड है. टेस्ट, वनडे और T20 के कुल आंकड़ों को देखें तो भी धोनी 829 खिलाड़ियों को आउट करने के साथ शीर्ष पर हैं. 678 खिलाड़ियों को आउट करने वाले कुमार संगकारा उनसे काफी पीछे दूसरे स्थान पर हैं.
स्पिन गेंदबाजी को लेकर धोनी की समझ खासतौर पर कमाल की रही. बल्लेबाजों के आक्रामक रुख अपनाने के बावजूद वे अक्सर स्पिनरों को गेंद हवा में उछालकर डालने के लिए प्रोत्साहित करते थे. साथ ही वे बल्लेबाजों फेवरेट शॉट वाले एरिया को ध्यान में रखकर फील्डिंग सजाते थे. वे समझते थे कि विकेट सिर्फ अच्छी गेंद से ही नहीं मिलता बल्कि बल्लेबाज को गलत शॉट खेलने के लिए मजबूर करके भी हासिल किया जा सकता है.
भरोसे की संस्कृति बनाना
धोनी के नेतृत्व की एक और खासियत थी कि वे खिलाड़ियों को सुरक्षा और भरोसे का एहसास कराते थे. मुश्किल दौर से गुजर रहे खिलाड़ियों का भी साथ देते और जब उनका आत्मविश्वास कम होता, तब भी उन्हें मौके देते थे. उनकी टीमों में जरूरी नहीं कि सबसे चर्चित नाम ही शामिल हों. उनके लिए ऐसे खिलाड़ियों का संयोजन अहम था जिन्हें अपनी जिम्मेदारियों का पता हो.
CSK में यह बात खास तौर पर देखने को मिली. धोनी ने टीम में निरंतरता, भूमिकाओं की स्पष्टता और आपसी भरोसे पर आधारित संस्कृति बनाई. CSK ने कई बार अनुभवी खिलाड़ियों को टीम में बनाए रखा जबकि क्रिकेट की पारंपरिक समझ के मुताबिक उनका सर्वश्रेष्ठ दौर बीत चुका था. सुरेश रैना, रवींद्र जडेजा और ड्वेन ब्रावो जैसे खिलाड़ियों पर उनका भरोसा फ्रेंचाइजी की लगातार सफलता का अहम हिस्सा रहा.
आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं. धोनी की कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL खिताब जीता. ये खिताब 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में आए. उनकी कप्तानी में टीम 10 बार फाइनल में भी पहुंची. उन्होंने भारत को 2007 का T20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी भी जिताई. वे ICC के तीनों प्रमुख मैन्स वाइट-बॉल खिताब जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं.
दबाव झेलने की क्षमता
धोनी का सबसे बड़ा योगदान दबाव से निपटने का उनका तरीका माना जा सकता है. मुश्किल हालात में भी वे शायद ही कभी अगला फैसला लेने में घबराते थे. सीमित ओवरों के क्रिकेट में उनका यह अंदाज खास तौर पर कारगर रहा जहां घबराहट में लिया गया फैसला खराब गेंद जितना ही नुकसान पहुंचा सकता है.
उनकी बल्लेबाजी में भी यही सोच दिखती थी. फिनिशर के तौर पर वे अक्सर लक्ष्य का पीछा आखिरी ओवरों तक ले जाना पसंद करते थे. वे विकेट बचाकर रखते और जरूरी रन रेट को अपनी पहुंच में बनाए रखते थे. हर ओवर में हावी होने की कोशिश करने के बजाय वे सही समय पर तेजी से रन बनाने का मौका तलाशते थे.
2005 में जयपुर में श्रीलंका के खिलाफ उनकी नाबाद 183 रन की पारी और 2011 विश्व कप फाइनल में मैच जिताने वाली 91 रन की पारी इसी समझ के दो अलग उदाहरण हैं. दोनों मौकों पर उन्होंने पहले से तय रणनीति थोपने के बजाय यह समझा कि पारी की जरूरत क्या है.
ट्रॉफियों से आगे की विरासत
धोनी के रिकॉर्ड में कुछ कमजोरियां भी रही हैं. 2011-12 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के दौरों पर भारत को टेस्ट मैचों में मिली हार ने उनकी कप्तानी और मुश्किल परिस्थितियों में टीम के प्रदर्शन की सीमाएं उजागर की थीं. उनका अपेक्षाकृत रक्षात्मक रवैया कभी-कभी नुकसानदेह भी साबित हुआ खासकर तब जब विपक्षी टीम मैच पर हावी होने लगी.
फिर भी उनकी विरासत को कुछ नाकामियों तक सीमित नहीं किया जा सकता. उनकी कप्तानी में भारत दिसंबर 2009 में टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचा. उनके नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट ने वाइट-बॉल टूर्नामेंट में भी अभूतपूर्व सफलता हासिल की.
इसलिए धोनी का IPL में खिलाड़ी के तौर पर सफर खत्म होना किसी महान क्रिकेटर के संन्यास से कहीं बढ़कर है. यह नेतृत्व की एक खास शैली का अंत है. ऐसी शैली जो दिखावे वाली आक्रामकता के बजाय बारीकी से देखने, पहले से अनुमान लगाने, सोच-समझकर जोखिम लेने और इंसानी मनोविज्ञान को गहराई से समझने पर आधारित थी. लेकिन टीम मेंटर के तौर पर अब वे इन्हीं खूबियों को CSK के खेल में इस्तेमाल करने जा रहे हैं.
रांची के उस लड़के ने चेन्नई का 'थला (बॉस)' बनने तक लंबा सफर तय किया. हालांकि खेल को उनका सबसे बड़ा योगदान वे ट्रॉफियां नहीं थीं जो उन्होंने जीतीं, बल्कि वह अंदाज था जिसमें उन्होंने कप्तानी को बेहद आसान बना दिया. जहां दूसरे खिलाड़ी मैदान पर हो रहे घटनाक्रम के हिसाब से फैसले लेते थे वहीं धोनी अक्सर अपनी अगली चाल की तैयारी करते दिखते थे. यही धोनी को दूसरों से अलग बनाता है.