'ओ साथी रे' के जरिए इम्तियाज अली कैसे दिखा रहे पुराने दौर का रोमांस?
नेटफ्लिक्स की सीरीज 'ओ साथी रे' में तलाक लेने जा रहे एक कपल की कहानी के जरिए इम्तियाज अली ने प्यार, रिश्तों और बदलते दौर के रोमांस को दिखाने की कोशिश की है

'ओ साथी रे' में अविनाश तिवारी, अर्जुन रामपाल और अदिति राव हैदरी मुख्य भूमिका में हैं
नेटफ्लिक्स की आने वाली ओरिजिनल सीरीज ‘ओ साथी रे’ में प्यार तो है लेकिन ऐसे वक्त पर जब एक कपल तलाक लेने की प्रक्रिया से गुजर रहा है. इस छह एपिसोड की सीरीज में अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल नजर आएंगे. इसे इम्तियाज अली ने लिखा है और शो रनर भी वही हैं.
इम्तियाज बताते हैं, "तो उस दौरान एक-दूसरे के लिए लगाव बढ़ता जाता है और भावनाएं कमजोर पड़ने लगती हैं. दर्शकों को यह जानकर हैरानी होगी और निराशा भी कि एक-दूसरे पर हक जताने और जिम्मेदारी महसूस करने की भावना को खत्म करने का कोई बटन नहीं होता. आप आसानी से एक-दूसरे से रिश्ता नहीं तोड़ सकते."
इम्तियाज अली की दूसरी फिल्मों और सीरीज के मुकाबले ‘ओ साथी रे’ की कहानी अलग है. इसमें किरदार उम्रदराज और ज्यादा समझदार हैं. कहानी शादी टूटने की प्रक्रिया और फिर दोनों के मिलने और प्यार में पड़ने के बीच आगे बढ़ती है. अली कहते हैं, "आप सबसे पहले उस पुल को जलते हुए देखते हैं यानी तलाक की प्रक्रिया को. इसके बाद किरदार अपनी जिंदगी में हो रही घटनाओं पर विचार करते हैं."
इम्तियाज अली की फिल्मों में रोमांटिक रिश्तों के बदलते समीकरणों को कई तरह से दिखाया और समझाया गया है. ‘लव आज कल’ की दोनों फिल्मों और ‘तमाशा’ में भी इस पहलू को खास तौर पर दिखाया गया है.
आज के दौर में शादी के रिश्तों को किस तरह देखते हैं? इस पर इम्तियाज कहते हैं, "आज के समय में शादियां कुछ ज्यादा पारंपरिक होती जा रही हैं. मेरी पीढ़ी वह थी जहां शादियों में खूब टकराव होते थे और तलाक के मामलों में सबसे ज्यादा तेजी आई थी. हम लीक से हटकर चलना चाहते थे और जिंदगी को एक रोमांच की तरह जीते थे. हम जाति, समुदाय और धर्म की दीवारें तोड़कर शादी करना चाहते थे. हम इसके जरिए एक संदेश देना चाहते थे. हम ऐसे लोग भी थे,जो देश और समाज को बदलना चाहते थे और इसके लिए खुद कीमत चुकाने को तैयार थे."
इम्तियाज का मानना है कि अब शादी को पहले की तरह आदर्श रिश्ते के तौर पर नहीं देखा जाता. वे कहते हैं, "आज की युवा पीढ़ी ने हमारी पीढ़ी से सबक लिया है. उसने समझ लिया है कि अहंकार में लिए गए फैसलों की वजह से रिश्तों को बिगाड़ने का कोई मतलब नहीं है. इसलिए व्यावहारिक बनो और ऐसा रिश्ता तलाशो जो सचमुच लंबे समय तक टिक सके. इसके बाद ही शादी करो." इम्तियाज आगे कहते हैं, "वे जानते हैं कि किसी के साथ डेट पर जाने का मतलब यह नहीं है कि आप उसी लड़के या लड़की से शादी कर लेंगे."
इम्तियाज पहले अदिति राव हैदरी (रॉकस्टार) और अविनाश तिवारी (लैला मजनू) के साथ काम कर चुके हैं. लेकिन अर्जुन रामपाल के साथ यह उनका पहला प्रोजेक्ट है. दोनों दिल्ली के हिंदू कॉलेज में एक ही बैच में थे. वे बताते हैं, "हमने साथ में रैगिंग झेली है और कई शर्मिंदगी भरे हालात से भी गुजरे हैं."
हालांकि इम्तियाज भी यह देखकर हैरान थे कि रामपाल एक अच्छे अभिनेता के तौर पर उभरे हैं. वे कहते हैं, "मैंने उनसे कहा कि मुझे कभी उम्मीद नहीं थी कि तुम अच्छे एक्टर बनोगे. मुझे लगता था कि तुम अच्छे मॉडल बनोगे." वे रामपाल के शानदार अभिनय के उदाहरण के तौर पर ‘राजनीति’ का जिक्र करते हैं. इम्तियाज कहते हैं, "उनमें एक संवेदनशील और नाजुक अभिनेता बनने की काबिलियत है. वे बहुत कुछ कर सकते हैं और बहुत कुछ करना भी चाहते हैं."
रामपाल सीरीज में प्रद्युम्न का किरदार निभा रहे हैं. उनकी एंट्री से करण (अविनाश तिवारी) और रोशनी (अदिति राव हैदरी) की जिंदगी में हलचल मच जाती है. प्रद्युम्न और रोशनी एक-दूसरे को डेट करने लगते हैं. इम्तियाज बताते हैं, "मैं नहीं चाहता था कि यह रिश्ता सतही, महज एक अफेयर या हल्का-फुल्का मामला लगे. दर्शकों के मन में यह जानने की उत्सुकता बनी रहती है कि दोनों के बीच आखिर चल क्या रहा है."
इस लिहाज से प्रद्युम्न रोशनी को उसके व्यक्तित्व का एक ऐसा पहलू जानने का मौका देता है, जो अब तक छिपा हुआ था. इम्तियाज कहते हैं, "पुराना रिश्ता तय करता है कि रोशनी कैसी होगी. वह हमेशा दूसरों का भला करने वाली महिला की भूमिका निभाती है. लेकिन शादी उसे कुछ इच्छाओं, अनुभवों और भावनाओं से दूर रखती है जिन्हें वह जानना चाहती थी. प्रद्युम्न के साथ उसे इन सबका अनुभव होता है. इनमें से एक है बुरा और गलत होना."
‘मुसाफिर कैफे’ की सफलता और अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ इस बात के उदाहरण हैं कि रोमांस एक बार फिर चर्चा में है. ‘ओ साथी रे’ भी इसी सिलसिले को आगे बढ़ाती है. इम्तियाज के मुताबिक, "दर्शक कभी प्यार से दूर नहीं होते. लेकिन आज का फॉर्मेट ऐसा है कि धीमी रफ्तार वाले शो के बजाय तेज रफ्तार और लगातार हलचल वाले शो बनाना आसान है." इम्तियाज का कहना है कि ‘ओ साथी रे’ की कहानी इसलिए दिलचस्प है क्योंकि दर्शकों के मन में यह सवाल बना रहता है कि तलाक लेने जा रहे पति-पत्नी की जिंदगी में आगे क्या होगा
और हां इस सीरीज का नाम इसी नाम के गाने से लिया गया है. दरअसल कार में सफर करते वक्त इम्तियाज यही गाना सुन रहे थे, तभी उनके मन में सीरीज का विचार आया. वे कहते हैं, "मुझे लगता है कि आज का बहुत-सा लोकप्रिय संगीत असल में पुराने दौर के गानों का ही मॉडर्न अरेंजमेंट है. ‘ओ साथी रे’ आज की दुनिया में पुराने जमाने के रोमांस की कहानी है."