शरद पवार : कांग्रेस तोड़ने से लेकर एनसीपी टूटने तक की कहानी
आज भले ही अपने भतीजे अजित पवार के हाथों एनसीपी गंवा चुके शरद पवार राजनीतिक तौर पर कमजोर दिख रहे हैं लेकिन एक जमाने में उन्होंने सियासी दांव-पेचों के बूते इंदिरा गांधी तक को चौंका दिया था

जनता पार्टी के नेता चरण सिंह, अटल बिहारी वाजपेयी और राम विलास पासवान सहित अन्य लोगों के साथ शरद पवार/ इंडिया टुडे मैगजीन
अभी की राजनीति के 'असली' या कहें कि वरिष्ठतम ‘चाणक्य’ शरद पवार के लिए 6 फरवरी, 2024 को बुरी खबर आई जब चुनाव आयोग ने अजित पवार गुट को ही असली 'एनसीपी' घोषित कर दिया.
राजनीतिक विश्लेषक आस लगाए बैठे थे कि पवार शायद महाराष्ट्र में कोई नई 'चाणक्य नीति' दिखाएंगे लेकिन इस बार वे चूक गए. पवार की अभी सिर्फ पार्टी ही गई है मगर एक वाकया ऐसा भी हुआ था, जब राजनीतिक दांव-पेचों में माहिर इस नेता ने महाराष्ट्र की सरकार गिराकर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी.
किस्सा 1978 का है. देश में इंदिरा गांधी की तानाशाही के खिलाफ लड़कर जनता पार्टी एक साल पहले ही केंद्र की सत्ता पर काबिज हुई थी. दूसरी तरफ 1978 की जनवरी में इंदिरा गांधी ने एक बार फिर कांग्रेस का अलग गुट कांग्रेस (आई) बना लिया था. यहां आई का मतलब इंदिरा ही था. मार्च, 1978 में महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव हुए और जोड़-तोड़कर कांग्रेस की सरकार बनी. ध्यान रहे ये इंदिरा वाली कांग्रेस नहीं थी, मगर उनका गुट भी इस सरकार को समर्थन दे रहा था और वो भी सिर्फ इसलिए ताकि जनता पार्टी सरकार ना बना ले. नई सरकार बनी तो वसंतदादा पाटिल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इसी सरकार में उद्योग मंत्री थे शरद पवार.
अभी मार्च में नई सरकार का गठन हुआ ही था कि ठीक चार महीने बाद 12 जुलाई को पवार ने मंत्रिमंडल से इस्तीफ़ा दे दिया. कारण बताया गया कि उन्हें उस इंदिरा गांधी की कांग्रेस का समर्थन ठीक नहीं लग रहा जिन्होंने आपातकाल जैसी दुश्वारी देश के सिर पर मढ़ दी थी. मगर असली कारण कुछ और ही था.
1978 के अगस्त अंक में इंडिया टुडे के पत्रकार मिन्हाज मर्चेंट ने इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम पर एक विस्तृत रिपोर्ट की थी. वे लिखते हैं, "इंदिरा गांधी के खेमे द्वारा वसंतदादा पाटिल के मंत्रिमंडल पर प्रभुत्व को लेकर पवार की बढ़ती झुंझलाहट और मुख्यमंत्री बनने की उनकी व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा ने उन्हें अधिकांश लोगों की अपेक्षा से पहले गठबंधन तोड़ने को उकसाया. कैबिनेट से उनके इस्तीफे से घटनाओं की एक लहर चल पड़ी जो आगे चलकर कांग्रेस गठबंधन के पतन और जनता पार्टी के प्रभुत्व वाले एक नए 'प्रगतिशील' मोर्चे के रूप में बदल गई, जो भारतीय राजनीति के लिए एक लिटमस टेस्ट बन गया."
मिन्हाज के मुताबिक, महाराष्ट्र एक ऐसी प्रयोगशाला बन चुका था जहां हर विचार के रंग वाले नेता देश की राजनीतिक रसायन शास्त्र का बारीकी से विश्लेषण कर रहे थे. जाहिर है, बात सिर्फ इस्तीफे तक ही सीमित नहीं थी. पवार ने कांग्रेस के 40 विधायकों को तोड़ा और जनता पार्टी, पीजेंट्स एंड वर्कर्स पार्टी (पीडब्ल्यूपी), रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया, सीपीएम, और कुछ निर्दलीय विधायकों के साथ मिलकर नए गठबंधन पुरोगामी लोकशाही दल (प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक फ्रंट) की सरकार बनवा ली. 288 सीटों वाली विधानसभा में 180 विधायकों के समर्थन से सिर्फ 37 की उम्र में शरद पवार मुख्यमंत्री बन गए थे. 1978 में मिन्हाज मर्चेंट की रिपोर्ट लिखे जाने तक वो महाराष्ट्र के सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री थे और उनका यह रिकॉर्ड आज भी कायम है.
बात सिर्फ इंदिरा गांधी के प्रभुत्व की नहीं थी. मिन्हाज अपनी रिपोर्ट में बताते हैं, "जनता पार्टी और पवार दोनों को विफल करने की आखिरी कोशिश में, कांग्रेस (आई) के प्रमुख एन.के. तिरपुडे ने एक प्रस्ताव दिया. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी (इंदिरा की कांग्रेस) सत्तारूढ़ गठबंधन से बाहर हो जाएगी और पाटिल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को बाहर से समर्थन देगी. चूंकि पवार और उनके विद्रोही स्पष्ट रूप से इंदिरा गांधी के गुट के साथ गठबंधन जारी रखने के खिलाफ प्रतिक्रिया दे रहे थे, इसलिए कांग्रेस (आई) की वापसी सैद्धांतिक रूप से उनकी राह आसान कर देगी. हालांकि, ऐसा हुआ नहीं. पवार पहले ही मन बना चुके थे....
...यह बात भी कोई छिपी नहीं थी कि वे कई हफ्तों से महाराष्ट्र के जनता पार्टी के नेताओं के संपर्क में थे और जनता पार्टी प्रमुख उत्तमराव पाटिल ने एक बार संकेत भी दिया था कि उनकी पार्टी नई सरकार में पवार के साथ हाथ मिलाने को तैयार होगी. इसके अलावा, मुख्यमंत्री पद के लिए पवार की तीव्र इच्छा ने उनके लिए पाटिल के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में नंबर 3 व्यक्ति के रूप में काम करना मुश्किल बना दिया था."
मिन्हाज के मुताबिक, विपक्षी फॉरवर्ड ब्लॉक के एक बड़े नेता ने ऑफ द रिकॉर्ड कहा था कि ये सरकार दो महीने से ज्यादा नहीं चल पाएगी. मगर शायद वो महीने की जगह साल कह देते तो उनकी भविष्यवाणी सच हो जाती. शरद पवार की ये सरकार 1980 के फरवरी में गिर गई थी. कांग्रेसियों द्वारा 'इंडिया का पर्याय' बताई जाने वाली इंदिरा गांधी वापस से प्रधानमंत्री पद पर आसीन हो गई थीं और उन्होंने शरद पवार की सरकार को बर्खास्त कर दिया था.
राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद पवार एक बार फिर कांग्रेस में लौटे थे, 'महाराष्ट्र में कांग्रेस-कल्चर बचाने' की दुहाई देते हुए. आते ही फिर से 1988 में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने. उस सरकार में पवार का काम महाराष्ट्र में शिव सेना की ताकत को समेटकर रखने का था. वो कांग्रेस में 11 साल और रहे मगर 1999 में उन्हें अब सोनिया गांधी से दिक्कत होने लगी थी. कांग्रेस से बर्खास्त किए जाने के बाद उन्होंने बनाई वो पार्टी जिसको लेकर आज हल्ला मचा हुआ है - एनसीपी.
अजित पवार द्वारा उनकी पार्टी हथियाये जाने के बाद ये खबर लिखते-लिखते सूचना मिली कि चुनाव आयोग ने शरद पवार की पार्टी को नया नाम दे दिया है - एनसीपी शरदचंद्र पवार. यह विडंबना ही है कि कभी कांग्रेस पार्टी का 'लाइट वर्जन' बनाने वाले शरद की अपनी पार्टी का ही आज 'लाइट वर्जन' चुनाव आयोग ने लॉन्च कर दिया है. हालांकि यह भी एक अनुमान ही है, क्या पता कि यह सारा खेला भी उनकी किसी ‘चाणक्य नीति’ का ही एक हिस्सा हो, जिसका असल दांव बाद में पता चले!