scorecardresearch

क्या स्वास्थ्य बीमा में कवर होगा कोरोना? एक्सपर्ट के जवाब

भारत में अब तक कोरोना के एक हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में तमाम ऐसे लोग जिन्होंने स्वास्थ्य बीमा ले रखा है उनके मन में यह सवाल आना लाजमी है कि क्या अगर वे कोरोना से संक्रमित हो जाते हैं तो उनकी बीमा पॉलिसी में इसका इलाज कवर होगा? जानिए अहम बिंदु जो आपको जानना है बेहद जरूरी है

फोटोः इंडिया टुडे
फोटोः इंडिया टुडे
अपडेटेड 29 मार्च , 2020

क्या आपका स्वास्थ्य बीमा कोरोना से लड़ने में आपकी मदद करेगा? क्या क्वॉरंटाइन की स्थिति में बीमा कंपनी उठाएगी आपका खर्च? पढ़िए स्वास्थ्य बीमा को लेकर आपके मन में आने वाले सवालों के जवाबः

1. कोरोना पर क्या कहा बीमा नियामक इंश्योरेंस रेग्युलेटरी ऐंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (इरडा) ने?

बीमा नियामक इंश्योरेंस रेग्युलेटरी ऐंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (इरडा) ने सभी बीमा कंपनियों को सुझाव दिया है कि वे ऐसे प्रोडक्ट बनाएं जिसमें कोरोना वायरस के इलाज का खर्च भी कवर होता हों. इसके अलावा इरडा ने कंपनियों से कोरोना वायरस के इलाज से संबंधित दावों का तेजी से निपटान करने को भी कहा है. इरडा की ओर से 4 मार्च को इस संबंध में गाइडलाइन जारी की है. नोटिफिकेशन नंबर - IRDA/HL/REG/CIR/054/03/2020.

2. क्या मेरी मौजूदा स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी कोविड-19 के चलते अस्पताल में भर्ती होने के खर्चों को कवर करती है?

हाँ, पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार कोविड-19 के चलते अस्पताल में भर्ती होने के खर्च कवर किये जाएंगे.

3. क्या कोविड-19 के अंतर्गत दावों पर कोई प्रतीक्षा अवधि लागू है?

अगर आपकी पॉलिसी में आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर है, तो प्रतीक्षा अवधि लागू नहीं होगी. आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर के अंतर्गत पॉलिसी में उल्लेखित दावा प्रक्रिया के अनुसार दावा किया जा सकता है. कोविड-19 के कारण अस्पताल में भर्ती होने पर होने वाले खर्च नई पॉलिसी लेने के 30 दिन बाद बीमारी होने पर कवर किये जाएंगे. बिना अंतराल के लगातार नवीनीकृत हुई पॉलिसी या आईसीआईसीआई लोम्बार्ड में पोर्ट हुई पॉलिसी के लिये 30 दिन की यह शर्त लागू नहीं होगी.

4. क्या मेरी स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी में कोविड-19 के लिये चिकित्सक के साथ परामर्श और जाँचें कवर की गई हैं?

यदि आपकी पॉलिसी में आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर है, तो चिकित्सक के साथ सभी परामर्श और उसकी सलाह पर होने वाली जाँचें कवर होंगी. आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर के अंतर्गत पॉलिसी में उल्लेखित दावा प्रक्रिया के अनुसार दावा किया जा सकता है. इसके आगे, कोविड-19 के कारण अस्पताल में भर्ती होने और पॉलिसी के अंतर्गत भुगतान होने पर कोविड-19 से सम्बंधित सभी खर्च, जो चिकित्सक के परामर्श और उसकी सलाह के अनुसार जाँच करवाने पर होते हैं, अस्पताल में भर्ती होने से 30 दिन पहले और डिस्चार्ज के 60 दिन बाद, पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार कवर होंगे.

5. क्या कोविड-19 के कारण चिकित्सक के परामर्श पर होम आइसोलेशन में दवाओं और जाँचों का खर्च कवर होगा?

यदि आपकी पॉलिसी में आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर है, तो यह खर्चे कवर होंगे, पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार.

6. क्या योजना में क्वॉरंटाइन के खर्च कवर होंगे?

यदि क्वॉरंटाइन अस्पताल में और चिकित्सक की सलाह पर किया गया है, तो पॉलिसी के नियमों और शर्तों के अनुसार मेडिकल खर्चे कवर होंगे. हालांकि, सेल्फ-क्वॉरंटाइन या घर पर क्वॉरंटाइन के खर्चे कवर नहीं होंगे.

7. क्या योजना में भारत के बाहर अस्पताल में भर्ती होना भी कवर है?

नहीं. इस पॉलिसी का भौगोलिक दायरा भारत तक सीमित है.

8. क्या योजना के अंतर्गत मेरा विदेश का यात्रा इतिहास दावे को प्रभावित करेगा?

यदि आप भारत के अस्पताल में भर्ती होते हैं, तो पॉलिसी के अंतर्गत यात्रा इतिहास दावे को प्रभावित नहीं करेगा।

9. कोविड-19 में ऐसे कौन-से खर्च हैं, जो मेरी पॉलिसी में कवर नहीं होंगे?

आFआरडीएआF द्वारा सूचीबद्ध गैर-भुगतान योग्य खर्च आपकी पॉलिसी के अंतर्गत कवर नहीं होंगे.

10. क्या कोविड-19 पर होने वाले खर्च में मेरे परिजन कवर होंगे?

हाँ, यदि वे आइसीआइसीआइ लोम्बार्ड स्वास्थ्य बीमा पॉलिसी के अंतर्गत कवर हों.

11. क्या मुझे अपनी बीमित राशि बढ़ाने की अनुमति मिलेगी?

बीमित राशि का विस्तार अंडरराइटिंग के दिशा-निर्देशों के अनुसार चिकित्सकीय मूल्यांकन के आधार पर अनुमति के योग्य होगा. हालांकि, बीमित राशि का ऐसा विस्तार केवल नवीनीकरण के समय होगा.

12. यदि कोविड-19 का टीका बन जाता है, तो क्या उसका खर्च कवर होगा?

यदि पॉलिसी में आउटपैशेंट ट्रीटमेन्ट कवर है, तो टीके का खर्च कवर होगा.

आइसीआइसीआइ लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेन्स बीमा क्षेत्र की अग्रणी कंपनी है. ऊपर दिए गए जवाब कंपनी के अपने उत्पाद से जुड़े हैं. हालांकि बाजार में कंपनियों के उत्पाद में ज्यादातर नियम शर्तें समान होती हैं, ऐसे में बहुत हद तक संभव है कि आपकी कंपनी भी इन्हीं नियमों का पालन करेंगी.

(आपके सभी सवालों के जवाब आइसीआइसीआइ लोम्बार्ड जनरल इंश्योरेन्स के क्लेम्स, अंडरराइटिंग और रिइंश्योरेंस प्रमुख संजय दत्ता ने दिए हैं)

***

Advertisement
Advertisement